लखनऊ/सर्वोदय:- राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित किसान पथ पर गुरुवार सुबह करीब 5 बजे एक चलती डबल डेकर बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसा इतना भयावह था कि कुछ ही मिनटों में बस आग का गोला बन गई और पांच लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। मरने वालों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में आग लगते ही चारों ओर चीख-पुकार मच गई। यह बस बिहार के पटना से मजदूरों और उनके परिवारों को लेकर दिल्ली जा रही थी। हादसे के वक्त बस में करीब 120 लोग सवार थे। कई लोग किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब हुए, लेकिन कुछ यात्री आग में फंस गए।
मारे गए यात्रियों की पहचान इस प्रकार है:
- देवराज (3.5 वर्ष)
- साक्षी (2 वर्ष)
- लक्खी देवी (55 वर्ष)
- सोनी (27 वर्ष)
- मधुसूदन (19 वर्ष)
घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंची दमकल विभाग की छह गाड़ियों ने आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया। वहीं, पुलिस ने रेस्क्यू कर घायल यात्रियों को लखनऊ के पीजीआई और अन्य नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। बस में सवार बचे हुए यात्रियों को पुलिस की मदद से उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
ड्राइवर और कंडक्टर फरार
हादसे के वक्त ड्राइवर और कंडक्टर बस से कूदकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
हादसे की सूचना मिलते ही मोहनलालगंज, पीजीआई थाने की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और यातायात को कुछ समय के लिए डायवर्ट भी किया गया।
प्रशासन सतर्क, जांच के आदेश
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का मुआयना किया और राहत कार्यों का जायजा लिया। बस की फिटनेस, फायर सेफ्टी और यात्री सुरक्षा से जुड़ी सभी कागजी जांच की जाएगी। मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।



