झुंझुनू,राजस्थान/सर्वोदय:- “मुझे अपने पति पर गर्व है, लेकिन दिल अब भी नहीं मानता कि वो चले गए…” – ये शब्द हैं शहीद जवान सुरेंद्र कुमार की पत्नी सीमा के, जो अपने पति को अंतिम विदाई देते वक्त कांपते हाथों से सैल्यूट कर रही थीं और बार-बार कह रही थीं, “आई लव यू, प्लीज उठ जा यार…”
ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए भारतीय वायुसेना के वीर सपूत सुरेंद्र कुमार की शहादत ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे देश को भावुक कर दिया है।
देश के लिए न्योछावर हुआ वीर सपूत
राजस्थान के झुंझुनू जिले के रहने वाले सुरेंद्र कुमार भारतीय वायुसेना की मेडिकल यूनिट में तैनात थे। उधमपुर में पाकिस्तान की कायराना हरकतों के जवाब में वह शहीद हो गए। 14 वर्षों से देश की सेवा कर रहे सुरेंद्र हाल ही में छुट्टी पर घर आए थे और गृह प्रवेश के बाद ड्यूटी पर लौटे थे।
जनसैलाब ने दी अंतिम विदाई, बेटे ने दी मुखाग्नि
11 मई को जब उनका तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, तो गांव में सन्नाटा और आंखों में आंसू थे। शहीद को अंतिम विदाई देने के लिए पूरा गांव उमड़ पड़ा। अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ हुआ। 7 साल के बेटे दक्ष ने अपने पिता को मुखाग्नि दी, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
शहीद की पत्नी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें शहीद की पत्नी सीमा कांपते हुए हाथों से पति को सैल्यूट करती हैं और रोते हुए कहती हैं, “आई लव यू, उठा जा प्लीज यार…”। उसके बाद उन्होंने “जय हिंद” के नारे भी लगाए और फिर बेहोश हो गईं। यह दृश्य हर किसी का दिल चीर देने वाला था।
बेटी ने उठाई बंदूक उठाने की कसम
11 साल की बेटी वर्तिका ने भी अपने पिता की शहादत पर गर्व जताया और कहा, “मैं भी एक सैनिक बनूंगी। पाकिस्तान को सबक सिखाऊंगी। एक-एक करके सबको खत्म करूंगी। ये मेरे पिता की आखिरी इच्छा थी—देश की रक्षा।” बेटी की यह प्रतिज्ञा आज देश भर के युवाओं को देशसेवा के लिए प्रेरित कर रही है।
सुरेंद्र कुमार ने हाल ही में अपने गांव में नया मकान बनवाया था और उसका गृह प्रवेश भी किया था। लेकिन किसे पता था कि वो आखिरी बार अपने परिवार को देखकर जा रहे हैं।
देश को अपने सपूत पर गर्व है, शहीद सुरेंद्र कुमार का बलिदान देश की असली ताकत को दर्शाता है—हमारे वीर जवान और उनके परिवार। जहां एक तरफ उन्होंने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर किए, वहीं उनकी पत्नी और बेटी नई पीढ़ी की प्रेरणा बन गई हैं।



