वृंदावन/सर्वोदय:-प्रेमानंद जी महाराज केवल एक संत नहीं, बल्कि वे लाखों भक्तों के लिए एक आध्यात्मिक अनुभव हैं। उनकी उपस्थिति किसी तीर्थ की भांति है—जहां पहुंचते ही मन स्थिर हो जाता है और आत्मा शांति में डूब जाती है। उनके शब्दों में सरलता और गहराई होती है, जो जीवन की उलझनों में रास्ता दिखाते हैं। हाल ही में एक ऐसी ही घटना उनके सत्संग में देखने को मिली, जिसने कई लोगों को आत्मचिंतन के लिए प्रेरित किया।
“मैं समलैंगिक हूं”—भक्त ने किया आत्मस्वीकृति का साहसिक कदम
वृंदावन में आयोजित सत्संग के दौरान एक युवक प्रेमानंद जी महाराज के समक्ष पहुंचा। उसका मन भारी था और आंखों में पछतावे की गहराई साफ नजर आ रही थी। उसने सबके सामने कहा, “मैं समलैंगिक हूं। अब तक 150 से अधिक पुरुषों के साथ संबंध बना चुका हूं, लेकिन अब मैं इससे बाहर निकलना चाहता हूं। मेरा मन शांति चाहता है।”यह सुनकर सभा में मौजूद सभी लोग एक पल के लिए स्तब्ध रह गए।
प्रेमानंद जी महाराज का करुणापूर्ण उत्तर
महाराज ने युवक की बात शांति और करुणा के साथ सुनी और कोई कटु प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने कहा,
*”यह तुम्हारी कोई जन्मजात पहचान नहीं है, बल्कि यह एक मानसिक संस्कार है, जो समय और वातावरण के प्रभाव से विकसित हुआ है। इससे लड़कर, आत्मसाधना और सेवा के मार्ग पर चलकर तुम इससे ऊपर उठ सकते हो। यह शरीर आत्म-विकास और भगवत प्राप्ति के लिए मिला है, किसी एक संस्कार में डूब जाने के लिए नहीं।”*
“तुम भगवत प्राप्त पुरुष बन सकते हो”
महाराज ने उस युवक से पूछा,“इस जीवन से तुम्हें क्या मिला?”
युवक ने उत्तर दिया,“सिर्फ डर और चिंता।”
इस पर प्रेमानंद जी महाराज ने कहा, “अगर तुम्हें स्त्रियों में आकर्षण नहीं है और पुरुषों से संबंध त्याग कर जीवन में ब्रह्मचर्य और साधना को अपनाते हो, तो तुम एक भगवत प्राप्त पुरुष की तरह जीवन जी सकते हो। यह मार्ग कठिन हो सकता है, लेकिन संभव है।”
आध्यात्मिक समाधान का संदेश
इस घटना ने स्पष्ट कर दिया कि प्रेमानंद जी महाराज केवल नैतिकता नहीं, बल्कि आत्मकल्याण के पक्षधर हैं। वे किसी को भी उसकी पहचान के लिए नहीं आंकते, बल्कि उसे आत्म-चिंतन, आत्म-नियंत्रण और आध्यात्मिक विकास के मार्ग पर प्रेरित करते हैं। उनका संदेश है कि कोई भी व्यक्ति चाहे जिस भी स्थिति में क्यों न हो, आत्म-साक्षात्कार की ओर अग्रसर हो सकता है।
Disclaimer:यह लेख सामान्य धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टिकोण पर आधारित है । sarvodaynews.com इसकी किसी वैज्ञानिक पुष्टि या व्यक्तिगत विचारधारा की गारंटी नहीं देता।



