प्रयागराज में दर्दनाक सड़क हादसे में सपा नेता रत्नेश यादव की मौत, CCTV में खौफनाक मंजर कैद

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव रत्नेश यादव की गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह अपने कुछ साथियों के साथ कार से झलवा क्षेत्र से कीडगंज की ओर जा रहे थे। रास्ते में उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से रत्नेश यादव को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

CCTV में कैद हुई दुर्घटना

घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार तेज रफ्तार में आती दिखाई देती है और कुछ ही क्षणों बाद पेड़ से टकरा जाती है। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। तकनीकी विशेषज्ञ वीडियो की हर पहलू से पड़ताल कर रहे हैं ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।

परिजनों ने जताई साजिश की आशंका

रत्नेश यादव के परिजनों ने इस हादसे को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि यह केवल एक सड़क दुर्घटना नहीं हो सकती। परिवार का दावा है कि उनकी कार को पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी थी, जिसके कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया।

परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कार में मौजूद अन्य लोगों से पूछताछ, मोबाइल फोन की जांच, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की पड़ताल कराने की मांग की है।

अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच टीम आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, वाहन की तकनीकी स्थिति और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच जारी है।

कौन थे रत्नेश यादव?

मूल रूप से गाजीपुर जिले के सैदपुर क्षेत्र के निवासी रत्नेश यादव प्रयागराज के कीडगंज इलाके में परिवार के साथ रहते थे। वह समाजवादी पार्टी की लोहिया वाहिनी में प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी निभा रहे थे। इसके साथ ही वह ‘ग्लोबल ग्राफिक्स’ नाम से एक प्रिंटिंग प्रेस का संचालन भी करते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles