UPPSC Success Story: पंक्चर की दुकान चलाने वाले की बेटी बनी अफसर, बुलंदशहर की गायत्री वर्मा की प्रेरणादायक कहानी

न्यूज़ डेस्क/ सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली गायत्री वर्मा ने संघर्ष और मेहनत की मिसाल पेश करते हुए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) परीक्षा पास कर पीसीएस अधिकारी बनने का सपना साकार कर लिया है। उन्होंने अपने तीसरे प्रयास में 210वीं रैंक हासिल कर यह सफलता प्राप्त की।

आर्थिक तंगी के बीच पढ़ाई जारी

गायत्री के पिता राजकुमार वर्मा एक छोटी सी पंक्चर की दुकान चलाते हैं। उनकी आमदनी इतनी कम थी कि परिवार का गुजारा करना भी मुश्किल हो जाता था। कई बार बेटी की पढ़ाई के लिए उन्हें उधार तक लेना पड़ा। बाद में उन्होंने अतिरिक्त आय के लिए चाय की दुकान भी शुरू की।

ऑनलाइन तैयारी और अनुशासन से सफलता

गायत्री ने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई बुलंदशहर से की, जबकि ग्रेजुएशन के लिए वह अलीगढ़ में अपने ननिहाल चली गईं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई जारी रखी और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर अपने लक्ष्य पर फोकस रखा।

असफलताओं से सीखा, तीसरे प्रयास में मिली जीत

गायत्री का सफर चुनौतियों से भरा रहा। पहले प्रयास में वह प्रारंभिक परीक्षा भी पास नहीं कर सकीं। दूसरे प्रयास में मुख्य परीक्षा तक पहुंचीं, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो पाया। बावजूद इसके उन्होंने हार नहीं मानी और तीसरे प्रयास में शानदार सफलता हासिल की।

परिवार का साथ बना ताकत

गायत्री की इस उपलब्धि के पीछे उनके परिवार का बड़ा योगदान रहा, खासकर उनकी मां के हौसले ने उन्हें हर बार आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। पिता का सपना है कि उनकी बेटी एक ईमानदार अधिकारी बने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाए।

जश्न का माहौल

गायत्री की सफलता के बाद घर में खुशी का माहौल है। बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है, ढोल-नगाड़ों के बीच जश्न मनाया जा रहा है और बेटी की आरती उतारी जा रही है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles