न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के लोगों को जल्द ही घर बैठे कई स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने वाली हैं। यूपी सरकार भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर के सहयोग से आयुष सेवाओं के लिए एक विशेष मोबाइल एप विकसित करने जा रही है। इस पहल से बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस ऐप के जरिए मरीज अपने मोबाइल फोन से घर बैठे डॉक्टर से मिलने के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट ले सकेंगे। साथ ही उन्हें आयुर्वेद, योग, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी जैसी आयुष चिकित्सा पद्धतियों से जुड़ी पूरी जानकारी भी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी।
आयुष विभाग के प्रमुख सचिव रंजन कुमार ने बताया कि इस एप को लेकर IIT कानपुर से बातचीत जारी है। एप के लॉन्च होने के बाद मरीजों को आयुष अस्पतालों और केंद्रों में ओपीडी पंजीकरण के लिए लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे समय की बचत के साथ-साथ अस्पतालों में भीड़ भी कम होगी।
यह भी पढ़े:- भारत एक हिंदू राष्ट्र है, इसके लिए संविधान की मंजूरी जरूरी नहीं: मोहन भागवत
एप के माध्यम से मरीजों को विभिन्न बीमारियों के उपचार, दवाओं की जानकारी, नजदीकी आयुष अस्पताल और डिस्पेंसरी की सूची, डॉक्टरों का विवरण और स्वास्थ्य से जुड़े सुझाव भी मिलेंगे। इसके अलावा योगी सरकार द्वारा संचालित आयुष योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी भी इस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जाएगी।
भविष्य में टेली-परामर्श और डिजिटल रिपोर्ट की सुविधा
सरकार का लक्ष्य है कि यह एप उपयोग में आसान, सुरक्षित और तेज हो। मरीजों का स्वास्थ्य डेटा पूरी तरह सुरक्षित रखा जाएगा। भविष्य में इस एप में टेली-परामर्श, ऑनलाइन मेडिकल रिपोर्ट और डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड जैसी सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी। इससे मरीज घर बैठे विशेषज्ञ डॉक्टरों से सलाह ले सकेंगे और आयुष चिकित्सा पद्धतियों पर लोगों का भरोसा और मजबूत होगा।


