स्पोर्ट्स डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। इंग्लैंड के खिलाफ जारी तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी के पांचवें टेस्ट में भारत ने एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यह रिकॉर्ड इससे पहले 1978-79 में वेस्टइंडीज के भारत दौरे के दौरान बनाया गया था, जब भारत ने सुनील गावस्कर की कप्तानी में 3270 रन बनाए थे।
अब, शुभमन गिल की टीम ने यह रिकॉर्ड तोड़ते हुए 3272 रन पूरे कर लिए हैं और ओवल टेस्ट में खेल जारी है। बारिश के कारण दूसरे सत्र में खेल रुका, तब तक भारत ने तीन विकेट पर 85 रन बना लिए थे। इस मैच में 82वां रन बनाते ही टीम इंडिया ने नया कीर्तिमान रच दिया।
एक टेस्ट सीरीज में भारत के सर्वाधिक रन (टॉप-5)
- 3272 रन – इंग्लैंड दौरा, 2025 (वर्तमान सीरीज)
- 3270 रन – वेस्टइंडीज का भारत दौरा, 1978/79
- 3230 रन – इंग्लैंड का भारत दौरा, 2016/17
- 3140 रन – इंग्लैंड का भारत दौरा, 2024
- 3119 रन – इंग्लैंड का भारत दौरा, 1963/64
गौर करने वाली बात यह है कि इन पांचों में से चार बार भारत ने ये स्कोर अपनी घरेलू सरज़मीं पर बनाए थे। ऐसे में विदेशी जमीन पर बना यह स्कोर टीम इंडिया के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
इसी सीरीज में शुभमन गिल का प्रदर्शन भी ऐतिहासिक रहा है। वह अब तक 9 पारियों में 743 रन बना चुके हैं। उन्होंने ओवल टेस्ट की पहली पारी में 21 रन बनाकर रन आउट हो गए, लेकिन उनकी अब तक की पारियों ने उन्हें टेस्ट इतिहास के शानदार बल्लेबाज़ों की सूची में ला खड़ा किया है।
दुनिया में एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड अभी भी ऑस्ट्रेलिया के नाम है, जिसने 1989 की एशेज सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ 3877 रन बनाए थे।



