अयोध्या/सर्वोदय:- भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अयोध्या जिले के पटरंगा थाना क्षेत्र के सरैठा गांव में शनिवार सुबह एक ड्रोन के आसमान में मंडराने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ड्रोन को देखकर ग्रामीणों ने तुरंत इसकी तस्वीरें खींचकर रूदौली पुलिस मीडिया ग्रुप में साझा कीं, जिसके बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई।
ग्रामीणों ने ली तस्वीरें, पुलिस तुरंत पहुंची मौके पर
ड्रोन की सूचना मिलते ही पटरंगा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और संबंधित क्षेत्र में तलाशी व जांच अभियान चलाया गया। शुरुआती जांच के बाद स्पष्ट हुआ कि यह कोई संदिग्ध ड्रोन नहीं था, बल्कि सरकारी ड्रोन था जिसे एक सर्वे कार्य के लिए उड़ाया गया था।
सरकारी ड्रोन से चल रहा था घरौनी सर्वे
पुलिस की जांच में सामने आया कि यह ड्रोन कुतुरजुमापुर गांव से उड़ाया गया था और सरैठा, मांझक पुरवा, चक्का गांव के ऊपर से गुजर रहा था। इस ड्रोन का उपयोग तहसील प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे “घरौनी सर्वे अभियान” के तहत किया जा रहा था, जिसमें भूमि रिकॉर्ड और घरों की जियो-मैपिंग की जा रही है।
सीओ आशीष निगम का बयान
इस मामले पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) आशीष निगम ने कहा: “ड्रोन सरकारी कार्य के तहत उड़ाया गया था। ग्रामीणों को घबराने की जरूरत नहीं है। हमने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं, और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा रहा है।”
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन सतर्क
भारत-पाक तनाव के मौजूदा हालात को देखते हुए स्थानीय प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। अयोध्या जिले में निगरानी बढ़ा दी गई है और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त और निगरानी को और मजबूत किया गया है।



