स्पोर्ट्स डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- भारत के वनडे उपकप्तान श्रेयस अय्यर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के दौरान चोट लगने के बाद सिडनी के एक अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया है।
मैच के दौरान उन्होंने एलेक्स कैरी का शानदार कैच लेते समय बाईं पसली पर चोट खाई, जिसके बाद उन्हें ड्रेसिंग रूम ले जाया गया। जांच में पता चला कि अय्यर को आंतरिक रक्तस्राव (Internal Bleeding) हुआ है।
इंटरनल ब्लीडिंग के बाद आईसीयू में भर्ती
बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने बताया कि श्रेयस अय्यर की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन स्थिति गंभीर थी और समय पर इलाज न मिलने पर खतरा बढ़ सकता था।
सूत्रों के अनुसार, उन्हें कम से कम 5 से 7 दिन तक अस्पताल में रहना पड़ सकता है ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
चोट के बाद मैदान से लम्बी दूरी तय करनी पड़ सकती है
सूत्रों के मुताबिक, अय्यर को ठीक होने में अपेक्षा से अधिक समय लग सकता है। प्रारंभिक अनुमान था कि वे तीन हफ्तों में फिट हो जाएंगे, लेकिन अब उनकी रिकवरी अवधि बढ़ सकती है। 31 वर्षीय अय्यर को भारत लौटने से पहले सिडनी में मेडिकल टीम की निगरानी में रहना होगा।
टीम इंडिया का सपोर्ट स्टाफ ऑस्ट्रेलिया में ही रहेगा
अय्यर भारत की टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं, इसलिए वह वनडे सीरीज के बाद भारत लौटने से पहले अस्पताल में ही रहेंगे। वहीं, भारतीय सपोर्ट स्टाफ और टी20 टीम आगामी मुकाबलों के लिए ऑस्ट्रेलिया में ही मौजूद रहेगी।
डॉक्टरों की निगरानी में हैं श्रेयस अय्यर
सूत्र ने बताया, “उनके स्वास्थ्य में सुधार के आधार पर उन्हें दो से सात दिनों तक निगरानी में रखा जाएगा। इंटरनल ब्लीडिंग की स्थिति में संक्रमण का खतरा अधिक होता है, इसलिए सतर्कता बरतना आवश्यक है।” टीम डॉक्टरों ने कहा कि अय्यर मजबूत खिलाड़ी हैं और वे जल्द ही ठीक हो जाएंगे।



