लखनऊ /सर्वोदय न्यूज़: विश्व स्तनपान सप्ताह 2026 के अवसर पर डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (आरएमएलआईएमएस), लखनऊ के कॉलेज ऑफ नर्सिंग के चाइल्ड हेल्थ नर्सिंग विभाग ने राम प्रकाश गुप्ता मेमोरियल मदर एंड चाइल्ड स्टेट रेफरल हॉस्पिटल (आरपीजी अस्पताल) में स्तनपान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम इंडियन एसोसिएशन ऑफ नियोनेटल नर्सेस और संस्थान के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, उनके परिजनों और अस्पताल में मौजूद लोगों को स्तनपान के महत्व तथा नवजात शिशु की सही देखभाल के प्रति जागरूक करना था।

इस दौरान बाल रोग विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. कनकलता ने स्तनपान के स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिशु के जन्म के पहले घंटे के भीतर स्तनपान शुरू करना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने पहले छह महीने तक केवल मां का दूध देने और उसके बाद दो वर्ष या उससे अधिक समय तक पूरक आहार के साथ स्तनपान जारी रखने की सलाह दी।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बीएससी नर्सिंग 2022 बैच (आठवें सेमेस्टर) के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से सही स्तनपान तकनीक, मातृ पोषण, परिवार के सहयोग और स्तनपान से जुड़ी आम भ्रांतियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उपस्थित माताओं, परिजनों, स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य दर्शकों ने इस प्रस्तुति की सराहना की।
कार्यक्रम में आरपीजी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. श्रीकेश सिंह भी मौजूद रहे। इसके अलावा उप मुख्य नर्सिंग अधीक्षक छाया, विजयलक्ष्मी, अन्य सहायक नर्सिंग अधीक्षक और वार्ड प्रभारियों ने भी सहभागिता की।

इस आयोजन का संचालन कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) शिवकुमार मुद्गल और उप-प्राचार्य प्रो. निपिन कलाल के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का समन्वय लीना प्रविल जॉन ने पार्वती सी और वर्षा द्विवेदी के सहयोग से किया।
कार्यक्रम के माध्यम से विश्व स्तनपान सप्ताह 2026 की थीम “जीवन की सतत एवं स्वस्थ शुरुआत के लिए स्तनपान: जो प्रभावी है, उसे और सशक्त बनाएं” का संदेश आमजन तक पहुंचाया गया। साथ ही माताओं और परिवारजनों को स्तनपान को अपनाने और बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया गया।



