Thursday, July 2, 2026

Buy now

spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: आरोपियों पर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी, गैंगस्टर एक्ट लगाने की भी कवायद

अयोध्या/सर्वोदय न्यूज़: श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। प्रशासन अब आरोपियों पर सख्त कानूनी शिकंजा कसने की तैयारी में है। सूत्रों के अनुसार, अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई के साथ-साथ गिरोहबंद एवं समाज विरोधी गतिविधि (गैंगस्टर) अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

इसी क्रम में अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए) की टीम आरोपी लवकुश मिश्रा के सहादतगंज स्थित निर्माणाधीन मकान का निरीक्षण करने पहुंची। अधिकारियों ने मकान का सर्वे किया और परिजनों से संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों व अन्य जानकारियां जुटाईं। जांच के बाद नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है।

गैंगस्टर एक्ट की तैयारी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अब तक की जांच और जुटाए गए साक्ष्य गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए पर्याप्त माने जा रहे हैं। विधिक राय लेने की प्रक्रिया चल रही है, जिसके बाद आरोपियों पर गिरोहबंद अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जा सकता है।

एसआईटी जांच के बाद दर्ज हुई एफआईआर

श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला जून के पहले सप्ताह में सामने आया था। शुरुआत में मंदिर ट्रस्ट ने अपने स्तर पर जांच कर पुलिस के सहयोग से छापेमारी की, जिसमें नकदी बरामद हुई। मामला तूल पकड़ने के बाद राज्य सरकार ने एसआईटी जांच के आदेश दिए। करीब एक सप्ताह तक चली जांच में चोरी के पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद ट्रस्ट सदस्य कृष्णमोहन की शिकायत पर आठ नामजद समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

अब तक करीब 80 लाख रुपये बरामद

पुलिस ने इस मामले में रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू, मनीष यादव, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला, रामाशंकर मिश्रा और करुणेश पांडेय को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों से अब तक लगभग 80 लाख रुपये बरामद किए जा चुके हैं। बरामदगी में अविनाश शुक्ला से 20 लाख रुपये, रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू से 20 लाख रुपये, करुणेश पांडेय से 18 लाख रुपये, अनुकल्प मिश्रा से 16 लाख रुपये, लवकुश मिश्रा से 14.32 लाख रुपये, रामाशंकर मिश्रा से 7 लाख रुपये और मनीष यादव से 2 लाख रुपये बरामद किए गए हैं।

कई ठिकानों पर लगातार छापेमारी

मामले की जांच के तहत पुलिस की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। हाल ही में मकान खरीदने वाले आरोपी अनुकल्प मिश्रा की संपत्तियों की भी जांच की जा रही है।

बुधवार को रामजन्मभूमि थाना पुलिस और रुदौली थाना पुलिस की संयुक्त टीम फगौली ठकुरान स्थित लवकुश मिश्रा के पैतृक घर पहुंची। पुलिस ने परिवार के सदस्यों से आय के स्रोत, हाल के संपत्ति खरीद-बिक्री और अन्य कीमती सामानों के संबंध में पूछताछ की।

भूसे के ढेर तक की ली गई तलाशी

जांच के दौरान पुलिस ने घर की तलाशी लेने के साथ-साथ भूसे के ढेर को भी खंगाला। पुलिस ने लाठियों की मदद से भूसे को हटाकर यह पता लगाने की कोशिश की कि कहीं चोरी की रकम वहां छिपाई तो नहीं गई है। इससे पहले भी लवकुश मिश्रा के घर उपलों के ढेर से नकदी बरामद होने की बात सामने आई थी।

करुणेश और अनुकल्प के घर भी पहुंची पुलिस

अयोध्या से पहुंची पुलिस टीम ने खंडासा थाना पुलिस के साथ जयराजपुर स्थित आरोपी करुणेश पांडेय के पैतृक घर में करीब दो घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान लगभग 25 पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

वहीं पुलिस की एक अन्य टीम इनायतनगर थाना क्षेत्र के बसावां गांव स्थित आरोपी अनुकल्प मिश्रा के पैतृक आवास पर भी पहुंची और पूरे परिसर की गहन जांच की। हालांकि तलाशी अभियान के बाद पुलिस ने आधिकारिक रूप से कोई अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों के साथ आय के स्रोतों की भी विस्तृत जांच कर रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़ी कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

1,388FansLike
133FollowersFollow
621SubscribersSubscribe
- Advertisement -[cricket_score]

Latest Articles