Premanand Ji Mahraaj सर्वोदय/मथुरा:- प्रेमानंद महाराज के अनुयायियों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। उनके आश्रम से एक एडवाइजरी जारी की गई है, जिसमें बताया गया है कि महाराज एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के शिकार हो गए हैं। आश्रम ने इस मामले में जानकारी दी कि किस प्रकार उनके नाम का गलत इस्तेमाल हो रहा है और उनकी आवाज़ की नकल करके गलत वीडियो बनाए जा रहे हैं, जो समाज में अराजकता फैला सकते हैं। आश्रम प्रबंधन ने इस तरह के वीडियो बनाने से बचने और इसपर रोक लगाने की अपील की है।
प्रेमानंद महाराज एआई के शिकार
सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री के लोग ही नहीं, बल्कि वृंदावन धाम के प्रतिष्ठित संत प्रेमानंद महाराज भी एआई के शिकार हो गए हैं। उनके नाम का गलत उपयोग करते हुए, कुछ असामाजिक तत्व उनके प्रवचनों की आवाज़ की नकल कर वीडियो बना रहे हैं, ताकि हिंसा फैल सके और महाराज का नाम बदनाम हो। हालांकि, अब यह स्पष्ट हो चुका है कि इस तरह की गतिविधियाँ उनके द्वारा नहीं की जा रही हैं, बल्कि एआई के माध्यम से यह हो रहा है।
आश्रम से जारी हुई एडवाइजरी
प्रेमानंद महाराज के आश्रम से एक एडवाइजरी जारी की गई है, जिसमें सभी अनुयायियों को सूचित किया गया है कि इन दिनों कई लोग महाराज की आवाज और उपदेशों का एआई के माध्यम से अनुवाद कर सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं। यह न केवल धार्मिक मर्यादा के खिलाफ है, बल्कि यह कानून का उल्लंघन भी है।
लोगों से खास अपील
आश्रम द्वारा जारी एडवाइजरी में सभी से एक खास अपील की गई है। उसमें कहा गया है कि कृपया महाराज की वाणी को उनकी मूलभूत शैली में ही बनाए रखें। आश्रम ने आग्रह किया है कि कोई भी व्यक्ति एआई का इस्तेमाल कर ऐसे वीडियो न बनाए, न उसका समर्थन करें और न ही इन्हें सोशल मीडिया पर साझा करें।



