नई दिल्ली/सर्वोदय न्यूज़:- देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से 103 मिनट के संबोधन में आने वाले दशक का विज़न पेश करते हुए कई अहम घोषणाएं कीं। पीएम मोदी ने रोजगार, राष्ट्रीय सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और तकनीकी नवाचार से जुड़े कई बड़े फैसलों का ऐलान किया।
रोजगार योजना: पहली प्राइवेट नौकरी पर मिलेंगे ₹15,000
प्रधानमंत्री ने ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ की शुरुआत की, जिसके तहत प्राइवेट सेक्टर में पहली बार नौकरी करने वाले युवाओं को ₹15,000 की सहायता मिलेगी। यह योजना आज से लागू हो गई है। मोदी ने बताया कि एक लाख करोड़ रुपये की इस योजना से लगभग 3.5 करोड़ युवाओं को फायदा मिलने की उम्मीद है।
राष्ट्रीय सुरक्षा: लॉन्च होगा ‘सुदर्शन चक्र मिशन’
भारत की सुरक्षा प्रणाली को और सशक्त बनाने के लिए पीएम ने ‘सुदर्शन चक्र मिशन’ की घोषणा की। यह मिशन आने वाले 10 वर्षों में भारत के एयर डिफेंस सिस्टम को अभेद्य बनाएगा। मोदी ने कहा कि यह सिस्टम श्रीकृष्ण के सुदर्शन चक्र की तरह शत्रु का नाश करने में सक्षम होगा।
2035 तक अस्पतालों, रेलवे स्टेशनों और धार्मिक स्थलों समेत सभी संवेदनशील ठिकानों को अत्याधुनिक सुरक्षा तकनीक से जोड़ा जाएगा।
दिवाली पर जीएसटी में राहत, दरें होंगी कम
मोदी ने दिवाली तक जीएसटी दरों में कटौती की घोषणा करते हुए कहा कि नई पीढ़ी के जीएसटी सुधारों से आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे घरेलू सामान सस्ते होंगे और MSME सेक्टर को भी राहत मिलेगी।
टेक्नोलॉजी में आत्मनिर्भरता: भारत में बनी पहली चिप इसी साल
प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत में विकसित पहली सेमीकंडक्टर चिप 2025 के अंत तक बाजार में उतारी जाएगी। देश में पहले ही 6 सेमीकंडक्टर प्लांट्स बन चुके हैं और 4 नए प्लांट्स को मंजूरी मिल चुकी है।
ऊर्जा के लिए ‘समुद्र मंथन’, शुरू होगा डीप वॉटर मिशन
पीएम ने देश को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए ‘नेशनल डीपवाटर एक्सप्लोरेशन मिशन’ की घोषणा की। इस मिशन के तहत समुद्र की गहराइयों में तेल और गैस के भंडार खोजे जाएंगे। साथ ही क्रिटिकल मिनरल मिशन के तहत 1200 से अधिक साइट्स पर काम शुरू हो चुका है।
घुसपैठ पर कड़ा रुख: ‘हाई डेमोग्राफी मिशन’ लॉन्च
प्रधानमंत्री ने देश की जनसंख्या संरचना को प्रभावित करने वाली साजिशों पर चिंता जताते हुए ‘हाई डेमोग्राफी मिशन’ की घोषणा की। उन्होंने कहा कि घुसपैठ के चलते सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा को खतरा है। यह मिशन सोची-समझी रणनीति के तहत काम करेगा।
किसानों, मछुआरों, पशुपालकों के हितों से नहीं होगा समझौता
मोदी ने स्पष्ट किया कि अमेरिका या किसी भी देश के साथ व्यापारिक समझौते में किसानों, पशुपालकों और मछुआरों के हित सर्वोपरि रहेंगे। उन्होंने बताया कि भारत दूध और जूट उत्पादन में दुनिया में नंबर एक है और मछली उत्पादन में दूसरे स्थान पर है।
आरएसएस की राष्ट्रसेवा पर देश को गर्व
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की 100 साल की सेवा को नमन करते हुए कहा, “यह दुनिया का सबसे बड़ा NGO है जिसने राष्ट्र निर्माण और व्यक्ति निर्माण में अहम योगदान दिया है।”
खून और पानी साथ नहीं बहेंगे
मोदी ने पाकिस्तान को नाम लिए बिना स्पष्ट संदेश देते हुए कहा, “खून और पानी साथ-साथ नहीं बह सकते।” उन्होंने भारत की सैन्य ताकत पर भरोसा जताते हुए कहा कि दुश्मनों के दुस्साहस का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा और भारत अब परमाणु ब्लैकमेल बर्दाश्त नहीं करेगा।



