रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत: चलती ट्रेन में भी मिलेगी कंफर्म सीट, वेबसाइट पर दिखेंगी खाली बर्थ

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:– भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए एक नई व्यवस्था लागू करने जा रहा है। अब यात्री उन ट्रेनों में भी कंफर्म सीट बुक करा सकेंगे जो अपने शुरुआती स्टेशन से रवाना हो चुकी होंगी। रेलवे की तकनीकी इकाई क्रिस (CRIS) द्वारा टीटीई के हैंडहेल्ड टर्मिनल (HHT) को अपग्रेड किया जा रहा है, जिससे यात्रा के दौरान खाली होने वाली सीटों की जानकारी रियल टाइम में आईआरसीटीसी पोर्टल पर उपलब्ध हो सकेगी।

नई व्यवस्था के तहत यदि किसी यात्री के कंफर्म टिकट होने के बावजूद वह यात्रा नहीं करता है, तो टीटीई संबंधित सीट को अपने एचएचटी डिवाइस में खाली दर्ज कर सकेगा। इसके बाद वह सीट तुरंत आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर उपलब्ध सीटों की सूची में दिखाई देने लगेगी। ऐसे में रास्ते के किसी भी स्टेशन से यात्रा शुरू करने वाला यात्री उस सीट को ऑनलाइन बुक कर सकेगा।

उदाहरण के तौर पर, यदि गोरखधाम एक्सप्रेस में किसी यात्री की आरक्षित सीट खाली रह जाती है, तो टीटीई उसे सिस्टम में अपडेट करेगा। इसके बाद गोंडा, लखनऊ या अन्य किसी स्टेशन से यात्रा करने वाला यात्री उसी सीट को ऑनलाइन बुक कर सकेगा। बुकिंग पूरी होते ही यात्री की जानकारी टीटीई के डिवाइस में पहुंच जाएगी।

टीटीई का काम पूरी तरह हुआ डिजिटल

रेलवे ने टिकट जांच की प्रक्रिया को पूरी तरह पेपरलेस बना दिया है। एचएचटी डिवाइस के जरिए टीटीई अब सीटों की स्थिति और यात्रियों की जानकारी डिजिटल रूप से अपडेट कर रहे हैं। पहले किसी यात्री के सीट पर मौजूद न मिलने की स्थिति में टीटीई दो स्टेशनों तक उसका इंतजार करता था और तब तक सीट किसी अन्य यात्री को आवंटित नहीं की जाती थी। नई प्रणाली लागू होने के बाद सीटों का आवंटन पहले की तुलना में अधिक तेज और पारदर्शी होगा।

कटिहार-अमृतसर स्पेशल ट्रेन की अवधि बढ़ी

गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने कटिहार-अमृतसर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के संचालन को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। ट्रेन अब तीन अतिरिक्त फेरों के लिए संचालित होगी। यह ट्रेन 15, 22 और 29 जुलाई को कटिहार से तथा 17, 24 और 31 जुलाई को अमृतसर से रवाना होगी। इससे लखनऊ, सीतापुर और शाहजहांपुर सहित कई क्षेत्रों के यात्रियों को लाभ मिलेगा।

ट्रेन में सेकेंड एसी, थर्ड एसी, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे।

पुराने और जर्जर कोचों की होगी विशेष जांच

यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) के कोचों की विशेष जांच के निर्देश जारी किए हैं। हाल ही में लुधियाना स्टेशन पर दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी स्पेशल ट्रेन के एक स्लीपर कोच में दरार मिलने के बाद यह फैसला लिया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार जिन कोचों में अत्यधिक जंग लगी हो या जिनकी मरम्मत पर अधिक खर्च आ रहा हो, उन्हें तत्काल सेवा से हटाया जाएगा। लखनऊ मंडल सहित विभिन्न रेल मंडलों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles