न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर बुधवार सुबह उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के चुनार रेलवे स्टेशन पर एक भीषण रेल हादसा हो गया। रेलवे ट्रैक पार करते समय चार श्रद्धालु ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी श्रद्धालु चोपन-प्रयागराज पैसेंजर ट्रेन से उतरने के बाद जल्दबाजी में रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार कालका मेल एक्सप्रेस आ गई और श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गए। हादसे में चारों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए जा रहे थे।
घटना के बाद चुनार रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, वहीं घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रेल प्रशासन और जिला अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्लेटफॉर्म बदलने के लिए केवल फुट ओवरब्रिज या अंडरपास का ही उपयोग करें और ट्रैक पार करने से बचें।
यह भी पढ़े:- भारत की ‘ब्रह्मोस’ मिसाइल से पाकिस्तान में मची थी तबाही, अब दुनिया का सबसे बड़ा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 9:30 बजे हुआ और टक्कर इतनी तेज थी कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कुछ ही सेकंड में पूरा स्टेशन चीख-पुकार से गूंज उठा।
सीएम योगी ने जताई संवेदना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों को तत्काल और बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के निर्देश दिए। सीएम ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए जा रहे थे श्रद्धालु
बताया जा रहा है कि हादसे के समय श्रद्धालु कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा स्नान के लिए निकले थे। पैसेंजर ट्रेन से चुनार पहुंचने के बाद वे प्लेटफॉर्म की ओर जाने के बजाय ट्रैक पार करने लगे, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।रेलवे प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।



