लखनऊ में आतंकी मॉड्यूल पर बड़ी कार्रवाई, महिला डॉक्टर गिरफ्तार -कार से मिली AK-47

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:-  जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकवाद के खिलाफ चलाए जा रहे एक बड़े अभियान के तहत सोमवार को लखनऊ से एक महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार की गई महिला की पहचान डॉ. शाहीन शाहिद के रूप में हुई है, जो लखनऊ के लालबाग इलाके की रहने वाली बताई जा रही हैं।
पुलिस ने उनकी कार से एके-47 राइफल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

संयुक्त ऑपरेशन में मिली सफलता

सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस, उत्तर प्रदेश पुलिस, हरियाणा पुलिस और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के संयुक्त ऑपरेशन में की गई।

यह भी पढ़े:- दिल्ली धमाके के बाद यूपी में हाई अलर्ट, लखनऊ पुलिस ने चलाया सघन अभियान

जांच में सामने आया है कि डॉ. शाहीन शाहिद जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गज़वत-उल-हिंद जैसे आतंकी संगठनों से जुड़े सक्रिय आतंकी मॉड्यूल का हिस्सा थीं।

यह नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ था और इसका संचालन विदेशों में बैठे हैंडलर्स द्वारा किया जा रहा था।

शिक्षित वर्ग में घुसपैठ की कोशिश

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मॉड्यूल का उद्देश्य देश में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के साथ-साथ शिक्षित वर्ग के जरिए “व्हाइट कॉलर टेरर इकोसिस्टम” तैयार करना था। इसमें डॉक्टरों, विश्वविद्यालयों के छात्रों और कुछ शिक्षकों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है।

फरीदाबाद कनेक्शन और विस्फोटक बरामदगी

जांच में यह भी पता चला है कि हरियाणा के फरीदाबाद में गिरफ्तार अल फलाह यूनिवर्सिटी के डॉ. मुजम्मिल इसी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। वही डॉ. शाहीन शाहिद की कार का उपयोग करता था, जिसमें से AK-47 बरामद की गई।

हाल ही में फरीदाबाद में चलाए गए एक ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने करीब 2900 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री (अमोनियम नाइट्रेट, पोटैशियम नाइट्रेट, सल्फर) के साथ रिमोट कंट्रोल, टाइमर और हथियार जब्त किए थे।

विदेशी फंडिंग और ट्रेनिंग का शक

अधिकारियों के मुताबिक, इस आतंकी नेटवर्क की फंडिंग और ट्रेनिंग दोनों विदेश से की जा रही थीं। एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि देश के किन हिस्सों में इनके संपर्क सक्रिय थे और क्या किसी बड़े आतंकी हमले की साजिश रची जा रही थी।

वर्तमान में डॉ. शाहीन शाहिद को हिरासत में लेकर श्रीनगर स्थानांतरित किया गया है, जहां उनसे पूछताछ जारी है। उनकी गिरफ्तारी के बाद लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles