लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़: समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और मुरादाबाद की कांठ विधानसभा सीट से विधायक कमाल अख्तर ने विधानमंडल के मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे के बाद उन्होंने कहा कि यह फैसला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर लिया गया है।
कमाल अख्तर ने मीडिया से बातचीत में कहा, “अखिलेश यादव हमारे नेता हैं। उनका आदेश मानना मेरा कर्तव्य है। उनके निर्देश पर ही मैंने मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा दिया है।”
इस्तीफे के बाद सपा में बढ़ी सियासी हलचल
कमाल अख्तर के इस्तीफे के बाद समाजवादी पार्टी के अंदर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पिछले कुछ समय से मुरादाबाद की सांसद रुचि वीरा और कमाल अख्तर के बीच मतभेद चल रहे थे।
बताया जा रहा है कि इन विवादों को सुलझाने के लिए हाल ही में लखनऊ में अखिलेश यादव ने दोनों नेताओं के साथ बैठक की थी। बैठक के बाद माना जा रहा था कि विवाद समाप्त हो गया है, लेकिन अब कमाल अख्तर के इस्तीफे ने एक बार फिर चर्चाओं को हवा दे दी है।
लखनऊ में हुई थी अहम बैठक
सूत्रों के मुताबिक, मुरादाबाद इकाई में लंबे समय से चल रही गुटबाजी की जानकारी पार्टी नेतृत्व तक पहुंचने के बाद अखिलेश यादव ने दोनों पक्षों को बातचीत के लिए बुलाया था।
बैठक में सांसद रुचि वीरा और विधायक कमाल अख्तर ने एक-दूसरे के खिलाफ अपनी शिकायतें खुलकर रखीं। स्थिति को संभालने के लिए अखिलेश यादव को बीच-बचाव करना पड़ा।
इस बैठक में राज्यसभा सांसद जावेद अली, पूर्व विधायक यूसुफ अंसारी, जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव और सांसद प्रतिनिधि खुशनूद अली भी मौजूद थे। बैठक के बाद पार्टी में सब कुछ सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही थी।
मनोज कुमार पांडेय के बाद मिली थी जिम्मेदारी
कमाल अख्तर को 28 जुलाई 2024 को समाजवादी पार्टी ने विधानमंडल का मुख्य सचेतक नियुक्त किया था। इससे पहले यह जिम्मेदारी मनोज कुमार पांडेय के पास थी।
2024 के राज्यसभा चुनाव के दौरान मनोज कुमार पांडेय के बागी रुख अपनाने और भाजपा समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने के बाद उन्होंने मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने यह जिम्मेदारी कमाल अख्तर को सौंपी थी।
अब कमाल अख्तर के इस्तीफे के बाद मुख्य सचेतक का पद एक बार फिर खाली हो गया है। फिलहाल समाजवादी पार्टी की ओर से नए मुख्य सचेतक की नियुक्ति को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।



