झांसी/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के जनपद झांसी में भोपाल की ट्विशा शर्मा जैसा मामला सामने आया है| आरोप है कि दहेज के लिए प्रताड़ना के बाद एक विवाहिता का शव ससुराल में फांसी के फंदे से लटका मिला| जिसके बाद परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान 35 वर्षीय अन्नू यादव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से हमीरपुर जिले के चिकासी थाना क्षेत्र की रहने वाली थीं। उनके पिता देवीशरण यादव वर्तमान में झांसी के गरौठा क्षेत्र में निवास करते हैं।
शादी के बाद बढ़ी दहेज की मांग
परिजनों के अनुसार, वर्ष 2019 में अन्नू की शादी रिटायर्ड पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) महेंद्र सिंह यादव के पुत्र लोकेंद्र यादव के साथ हुई थी। परिवार का दावा है कि विवाह में लाखों रुपये मूल्य के जेवर, नकदी और अन्य सामान दिया गया था। शादी के कुछ समय बाद ही अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू हो गई और मांग पूरी न होने पर अन्नू को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
छोटी बहन की शादी के बाद बढ़ा विवाद
मृतका के पिता का आरोप है कि हाल ही में परिवार में आयोजित एक शादी समारोह में ससुराल पक्ष के लोग शामिल नहीं हुए। इसके बाद जब अन्नू वापस ससुराल पहुंचीं तो उनके साथ फिर से दुर्व्यवहार और दहेज को लेकर दबाव बनाया जाने लगा।
मौत से पहले परिजनों को किया था फोन
परिवार का कहना है कि घटना से एक दिन पहले अन्नू ने फोन कर अपनी जान को खतरा बताया था। परिजनों के मुताबिक, उन्होंने मदद की गुहार लगाते हुए जल्द घर ले जाने की बात कही थी। परिवार ने अगले दिन आने का भरोसा दिलाया, लेकिन उससे पहले ही उनकी मौत की सूचना मिल गई।
फंदे से लटका मिला शव
परिजनों का आरोप है कि जब वे मौके पर पहुंचे तो अन्नू का शव साड़ी के सहारे फंदे से लटका हुआ था। उनका कहना है कि घटनास्थल की परिस्थितियां सामान्य आत्महत्या के मामले जैसी नहीं थीं, इसलिए उन्हें हत्या की आशंका है।
पति समेत सात लोगों पर केस दर्ज
मामले में सीपरी बाजार थाना पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति लोकेंद्र यादव सहित सात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।



