न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को लेकर हाल के दिनों में कई तरह की अफवाहें फैल रही हैं। पाकिस्तान की राजनीतिक इतिहास में नेताओं की रहस्यमयी मौतें, हत्याएं और फांसी की घटनाएं पहले भी सुर्खियां बन चुकी हैं। इसी बीच सोशल मीडिया और विदेशी मीडिया में यह चर्चा जोर पकड़ रही है कि अदियाला जेल में बंद इमरान खान की हालत बेहद खराब है, यहां तक कि उनकी हत्या किए जाने की आशंकाएं भी जताई जा रही हैं।
इमरान खान की तीन बहनें—नूरीन खान, अलीमा खान और उज्मा खान—ने दावा किया है कि उन्हें तीन सप्ताह से अपने भाई से मिलने नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वे मुलाकात की मांग लेकर जेल पहुंचे, तो पुलिस ने उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया और लाठियां बरसाईं।
अदियाला जेल के बाहर भारी विरोध प्रदर्शन
रावलपिंडी स्थित अदियाला जेल के बाहर इमरान खान के समर्थकों की भीड़ इकट्ठा हो गई और सरकार व सेना के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई। कई अन्य शहरों से भी ऐसे वीडियो सामने आए, जिनमें PTI समर्थक इमरान खान की सुरक्षा को लेकर विरोध जताते दिखे।
पार्टी का कहना है कि तीन सप्ताह से न तो उनका कोई नेता और न ही परिवार का सदस्य इमरान खान से संपर्क कर पाया है। PTI ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
“71 साल की उम्र में बाल पकड़कर घसीटा” — बहन का आरोप
पंजाब पुलिस प्रमुख उस्मान अनवर को लिखे पत्र में नूरीन नियाज़ी ने बताया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बावजूद पुलिस ने उन्हें और अन्य महिलाओं को बेरहमी से पीटा।
उन्होंने कहा, “मैंने किसी तरह की उकसावे वाली हरकत नहीं की। फिर भी 71 साल की उम्र में मुझे बाल पकड़कर घसीटा गया। मुझे चोटें आई हैं और कई महिलाओं के साथ भी यही किया गया।”
यह भी पढ़े:- सिम फ्रॉड की चेतावनी: आपके नाम पर सिम का गलत इस्तेमाल हुआ तो पुलिस पहुंचेगी,
बहनों ने यह भी कहा कि वे केवल इमरान खान की सेहत के बारे में जानकारी मांग रही थीं, क्योंकि लंबे समय से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।
वकील भी नहीं कर पा रहे मुलाकात
इमरान खान के वकील खालिद यूसुफ चौधरी ने भी बताया कि उन्हें अपने मुवक्किल से मिलने की अनुमति नहीं मिल रही। उनके अनुसार, खान तक जरूरी कानूनी दस्तावेज और व्यक्तिगत सामान भी नहीं पहुंचने दिया जा रहा है।
इस बीच, अफगानिस्तान के कुछ मीडिया संस्थानों ने यह दावा किया है कि इमरान खान की जेल में हत्या किए जाने की आशंका है। हालांकि, अब तक पाकिस्तान सरकार, सेना या जेल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है, जिससे अटकलें और तेज हो गई हैं।
बढ़ती अटकलें—इमरान खान जिंदा हैं या नहीं?
लगातार तीन हफ्तों से मुलाकात न होना, परिवार पर हमला, और सरकार की चुप्पी—इन सभी वजहों से इमरान खान की सेहत और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
पाकिस्तान में बढ़ते विरोध के बीच लोग अब सीधे सवाल पूछ रहे हैं—क्या इमरान खान सुरक्षित हैं? या फिर वे जीवित भी हैं या नहीं?



