न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- मध्य प्रदेश कैडर के सीनियर IAS अधिकारी अवि प्रसाद ने अपनी तीसरी शादी कर ली है। इस बार उनकी जीवनसंगिनी 2017 बैच की IAS अधिकारी अंकिता धाकरे हैं। दोनों ने 11 फरवरी को कुनो नेशनल पार्क में शादी की। शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और प्रशासनिक व राजनीतिक गलियारों में इस पर चर्चा भी शुरू हो गई है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि यह पूरी तरह उनका व्यक्तिगत फैसला है।
आईपीएस से IAS तक का सफर और राजनीतिक पृष्ठभूमि
अवि प्रसाद 2014 बैच के IAS अधिकारी हैं। इससे पहले 2013 में उन्होंने UPPSC की परीक्षा पास कर आईपीएस में चयन पाया था, लेकिन अगले साल ऑल इंडिया रैंक 13 हासिल कर IAS सेवा जॉइन की। वे उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से आते हैं और एक राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके दादा तम्बेश्वर प्रसाद उर्फ़ बच्चा बाबू पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की सरकार में मंत्री रह चुके थे।
तीनों पत्नियां IAS अधिकारी
अवि प्रसाद की यह तीसरी शादी है और दिलचस्प बात यह है कि उनकी तीनों पत्नियां IAS अधिकारी रही हैं। उनकी पहली शादी रिजू बाफना से हुई थी, जो वर्तमान में मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले की कलेक्टर हैं। दोनों की मुलाकात दिल्ली में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के दौरान हुई थी, लेकिन बाद में उनका तलाक हो गया।
इसके बाद अवि प्रसाद ने 2016 बैच की IAS अधिकारी मिशा सिंह से शादी की। मिशा सिंह का कैडर मध्य प्रदेश में ट्रांसफर हुआ, लेकिन चार साल बाद यह रिश्ता भी समाप्त हो गया। फिलहाल मिशा सिंह रतलाम जिले की कलेक्टर के पद पर कार्यरत हैं।
प्रशासनिक करियर और उपलब्धियां
अवि प्रसाद ने अपने प्रशासनिक करियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। वे विभिन्न जिलों में जिला पंचायत सीईओ और कलेक्टर के रूप में तैनात रहे हैं। कटनी जिले में कलेक्टर रहते हुए उन्होंने कुपोषण के खिलाफ कई पहलों की शुरुआत की थी, जिसे काफी सराहा गया। वर्तमान में वे मध्य प्रदेश रोजगार गारंटी परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।



