अयोध्या: हनुमानगढ़ी से शुरू हुआ अखंड सुंदरकांड पाठ, गांव-गांव तक पहुंचेगा भक्ति अभियान

अयोध्या/सर्वोदय न्यूज़:- धार्मिक नगरी अयोध्या में स्थित प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी से अखंड सुंदरकांड पाठ का भव्य शुभारंभ किया गया। संतों की गरिमामयी उपस्थिति में शुरू हुआ यह आध्यात्मिक अभियान अब हर मंगलवार गांव-गांव, शहर-शहर और घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।

इस आयोजन का संयोजन विनोद जायसवाल ने किया। उन्होंने बताया कि हनुमान जी की कृपा से यह भक्ति अभियान जन-जन तक पहुंचेगा और समाज में सकारात्मक ऊर्जा, समरसता और आध्यात्मिक जागरूकता को बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि यह पहल जनकल्याण की भावना से प्रेरित है।

कार्यक्रम में कई प्रमुख संत-महंत शामिल हुए, जिनमें महंत संजय दास, महंत हेमंत दास, नरसिंह दास, अखिलेश दास, अभिषेक दास और राजेंद्र दास सहित कई साधु-संत उपस्थित रहे।

संतों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कलयुग में भगवान हनुमान को साक्षात और जागृत देवता माना जाता है। उनकी भक्ति से जीवन में सुख-शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। ऐसे में सिद्ध पीठ हनुमानगढ़ी से इस तरह के अभियान की शुरुआत अत्यंत शुभ मानी जा रही है।

संतों ने आयोजक को आशीर्वाद देते हुए कहा कि यह प्रयास न केवल धार्मिक जागरण को बढ़ावा देगा, बल्कि समाज में भाईचारे और एकता को भी मजबूत करेगा। इस अभियान के माध्यम से लोगों को आध्यात्मिक मार्गदर्शन मिलेगा और भक्ति भावना का विस्तार होगा।

कार्यक्रम के समापन पर सभी संतों ने भगवान हनुमान से समाज के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles