न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:-उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में हनुमान चालीसा बजाने को लेकर विवाद के बाद तनावपूर्ण माहौल बन गया है। प्राचीन मदनपुरा हनुमान मंदिर में भक्ति गीत बजाने पर आपत्ति जताने के मामले में पुजारी की शिकायत पर पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के विरोध में हिंदू संगठनों ने शनिवार को सामूहिक पाठ और जुलूस निकाला।
हनुमान मंदिर के पुजारी संजय प्रजापति के अनुसार, गुरुवार शाम पूजा के बाद मंदिर में भक्ति गीत बजाए जा रहे थे। इसी दौरान अब्दुल नासिर और उसका बेटा मंदिर पहुंचे और धमकी दी कि अगर दोबारा ऐसा हुआ तो अंजाम भुगतना होगा।
जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है। दशाश्वमेध थाना पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़े:- सीएम योगी की दोहरी सौगात: बेटियों को मुफ्त…
घटना के विरोध में श्रीहनुमान सेना के अध्यक्ष सुधीर सिंह ने शनिवार को सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और राम नाम संकीर्तन का आयोजन किया। दोपहर 12 बजे जंगमबाड़ी मठ से जुलूस निकाला गया। भाजयुमो और कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। श्रीहनुमान सेना और भाजयुमो के पदाधिकारियों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।
जुलूस और विवाद को देखते हुए क्षेत्र में बड़ी संख्या में फोर्स तैनात रही। साथ ही ड्रोन से निगरानी और फ्लैग मार्च भी कराया गया। शांति बनाए रखने के लिए प्रशासन सतर्क।
इस दौरान श्रीहनुमान सेना के अध्यक्ष सुधीर सिंह, भाजयुमो के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल, महामंत्री मारकंडेय तिवारी, अनिल तिवारी, सौरभ मौर्य, बब्बू महाराज मौजूद थे।



