सर्वोदय/लाहौल-स्पीति, हिमाचल प्रदेश:- हिमाचल प्रदेश की मयाड़ घाटी से वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक रोमांचक खबर सामने आई है। यहां पहली बार उड़ने वाली ऊनी गिलहरी (यूपेटॉरस सिनेरेउस) की मौजूदगी कैमरे में दर्ज की गई है। यह दुर्लभ दृश्य हिमाचल प्रदेश वन विभाग के वन्यप्राणी विंग द्वारा बर्फानी तेंदुए की गणना के लिए लगाए गए कैमरा ट्रैप में कैद हुआ है।
वन विभाग 2023 से लाहौल-स्पीति क्षेत्र में स्नो लेपर्ड की आबादी का आकलन कर रहा है। इसी प्रक्रिया के तहत 10 अक्तूबर से 4 दिसंबर 2023 के बीच की गई कैमरा रिकॉर्डिंग में यह अनोखी गिलहरी देखी गई। उड़ने वाली ऊनी गिलहरी एक विलुप्तप्राय प्रजाति मानी जाती है और इसकी उपस्थिति किसी भी बायोडायवर्सिटी के लिहाज से बहुत अहम मानी जाती है।
वन्यप्राणी विंग के अधिकारियों का कहना है कि यह खोज न केवल क्षेत्र की जैव विविधता की पुष्टि करती है, बल्कि इससे संरक्षण प्रयासों को भी नई दिशा मिलेगी। इस दुर्लभ प्रजाति की उपस्थिति क्षेत्र की पारिस्थितिकी के महत्व को दर्शाती है और इसे संरक्षित करने की जरूरत को भी रेखांकित करती है।



