Thursday, June 4, 2026

Buy now

spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास के पास केबल में लगी आग, कई इलाकों में बिजली संकट से लोग परेशान

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:- राजधानी लखनऊ में बुधवार रात राजभवन कॉलोनी स्थित उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के सरकारी आवास के निकट बिजली के खंभे पर लगी केबल में आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। घटना के बाद सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने आग पर काबू पाया।

बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, खंभों पर बड़ी संख्या में इंटरनेट केबल लटकी हुई हैं, जिनके कारण यह समस्या उत्पन्न हुई। मुख्य अभियंता रवि अग्रवाल ने बताया कि संबंधित इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनी को नोटिस जारी कर अवैध रूप से लगाए गए केबल हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

ट्रांसफार्मर में आग से कई घंटे बाधित रही बिजली आपूर्ति

वहीं, मलिहाबाद क्षेत्र के टिकरीखुर्द उपकेंद्र पर स्थापित 10 एमवीए ट्रांसफार्मर की लीड में आग लगने के कारण दोपहर बाद बिजली आपूर्ति ठप हो गई। भीषण गर्मी के बीच उपभोक्ताओं को लंबे समय तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोपहर से शाम तक बिजली लगातार बाधित रही, जिससे घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में परेशानी बढ़ गई।

दुबग्गा में एबीसी लाइन में आग, दो घंटे तक अंधेरे में रहा इलाका

दुबग्गा क्षेत्र के मुनेश्वर पुरम और प्रभातपुरम में भी ट्रांसफार्मर के निकट एबीसी लाइन में आग लगने की घटना सामने आई। सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने आपूर्ति बंद कर मरम्मत कार्य शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद फाल्ट को ठीक कर बिजली बहाल की गई।

कई इलाकों में बिजली की आवाजाही से बढ़ी परेशानी

बुधवार को फैजुल्लागंज, दाऊद नगर, चिनहट सहित शहर के कई इलाकों में भी बिजली की अनियमित आपूर्ति की शिकायतें सामने आईं। उमस और गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

गुरुवार को भी प्रभावित रहेगी बिजली आपूर्ति

बिजली विभाग ने बताया कि रखरखाव और मरम्मत कार्यों के चलते गुरुवार को शहर के कई क्षेत्रों में निर्धारित समय के लिए बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इससे करीब एक लाख लोगों पर असर पड़ने की संभावना है।

कूपर रोड, गौतमपल्ली, राजभवन कॉलोनी, बुलंदबाग, जगत नारायण रोड, गौसगंज, वृंदावन सेक्टर-5डी, विराजखंड और अहिबरनपुर समेत कई क्षेत्रों में अलग-अलग समय पर बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

शिकायत के लिए 1912 हेल्पलाइन उपलब्ध

बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली संबंधी किसी भी समस्या की शिकायत टोल फ्री नंबर 1912 पर दर्ज कराएं। विभाग के अनुसार, कनेक्शन, मीटर रीडिंग, बिल संबंधी त्रुटि या अन्य सेवाओं के लिए उपभोक्ताओं को उपकेंद्र जाने की आवश्यकता नहीं है और अधिकांश शिकायतों का समाधान हेल्पलाइन के माध्यम से किया जा सकता है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

1,388FansLike
133FollowersFollow
621SubscribersSubscribe
- Advertisement -[cricket_score]

Latest Articles