न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- पश्चिम बंगाल केदक्षिण 24 परगना जिले फाल्टा क्षेत्र में मतगणना से पहले माहौल तनावपूर्ण हो गया है। शनिवार को सैकड़ों स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उन्हें कथित तौर पर डराया-धमकाया जा रहा है। 4 मई को होने वाली पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना से पहले लोग सड़कों पर उतरे हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता उन्हें धमकी दे रहे हैं और डराने की कोशिश कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने कहा, ‘हमें धमकाया गया है कि अगर इलाके में बीजेपी जीतती है तो उनके घर जला दिए जाएंगे।’
“जीत-हार को लेकर दी जा रही धमकियां”
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कुछ लोगों ने उन्हें चेतावनी दी है कि यदि भारतीय जनता पार्टी को बढ़त मिलती है, तो उनके घरों को नुकसान पहुंचाया जा सकता है।
कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि इलाके के एक स्थानीय चौकीदार द्वारा भी इस तरह की धमकी दी गई। उन्होंने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
महिलाओं ने उठाई सुरक्षा की मांग
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं और प्रशासन से तत्काल सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
स्थिति को देखते हुए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों को तैनात किया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल भी मौजूद है।
चुनाव आयोग की नजर
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि पुनर्मतदान (रीपोल) का फैसला रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा। अधिकारियों ने स्थिति का आकलन कर रिपोर्ट भेज दी है।
यह भी पढ़े: Petrol Diesel Price Today: पेट्रोल, डीजल हुआ महंगा, आखिरकार बढ़ गए दाम?, जानें आपके शहर का ताजा रेट



