न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- यूपी के देवरिया में एक शादी समारोह उस समय रणभूमि में बदल गया जब साड़ी की क्वालिटी को लेकर बारातियों और घरातियों के बीच विवाद छिड़ गया। मामूली तकरार देखते ही देखते इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में लात-घूंसे और मारपीट शुरू हो गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया और देर रात दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की कोशिश की। अंततः सीओ की मौजूदगी में घंटों चली पंचायत के बाद मामला शांत हुआ और दुल्हन की विदाई पर सहमति बन गई।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
यह घटना देवरिया के रुद्रपुर उपनगर की है। बरहज नगर के गौरा निवासी युवक की बारात सोमवार रात इमामबाड़ा चौराहा स्थित एक मैरिज हाल में पहुंची थी। बारात का भव्य स्वागत हुआ,जयमाल और अन्य विवाह रस्में पूरी कर ली गईं |
यह भी पढ़े:- क्या घुसपैठियों के लिए रेड कार्पेट बिछाएं? रोहिंग्या मामले पर CJI सूर्यकांत ने
आधी रात के बाद विदाई की तैयारी शुरू हुई, इसी दौरान लड़के पक्ष द्वारा लाई गई साड़ी की क्वालिटी पर किसी ने टिप्पणी कर दी। बात बढ़ी, दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात पर अड़ गए और फिर माहौल बिगड़ गया।
लात-घूंसे चलते ही मच गई भगदड़
विवाद हिंसक होते ही दोनों ओर से लात-घूंसे चलने लगे। मेहमान इधर-उधर भागने लगे|चारों ओर हड़कंप मच गया |पुलिस को सूचना दी गई | पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति काबू में की और कई बारातियों को हिरासत में ले लिया।
घंटों चली पंचायत, हुआ समझौता
रात में दोनों पक्षों ने कोई समझौता करने से इनकार कर दिया था। सुबह सीओ की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई। कई घंटे चली बातचीत के बाद अंत में दोनों परिवारों ने आपसी सुलह कर ली। प्रभारी निरीक्षक कल्याण सिंह सागर ने बताया- “बारात में मारपीट हुई थी, लेकिन पंचायत के बाद दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है। अब कोई विवाद शेष नहीं है।”



