दिल्ली विधानसभा को फिर मिली बम धमकी, 16 IED लगाने का दावा; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- दिल्ली विधानसभा को लगातार दूसरे दिन बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। ताजा मामले में विधानसभा स्पीकर के ओएसडी को भेजे गए ईमेल में दावा किया गया है कि परिसर में 16 आईईडी बम लगाए गए हैं, जिनमें दोपहर 1:40 बजे विस्फोट होने की बात कही गई है।

यह धमकी ऐसे समय पर आई है जब विधानसभा में बजट सत्र जारी है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और बढ़ा दी गई है।

ईमेल में क्या कहा गया

धमकी भरे ईमेल में भेजने वाले ने खुद को कोयंबटूर का निवासी बताया है। उसने राजनीतिक कारणों से नाराजगी जताते हुए लिखा कि विधानसभा परिसर में आरडीएक्स से लैस 16 आईईडी बम लगाए गए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई कि समय रहते परिसर खाली करा लिया जाए।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

दिल्ली पुलिस के अनुसार मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी जरूरी सुरक्षा उपाय लागू कर दिए गए हैं। बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हुई हैं।

एक दिन पहले भी मिली थी धमकी

इससे पहले मंगलवार को भी विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। सुबह करीब 7:28 बजे विधानसभा की आधिकारिक ईमेल आईडी पर संदेश भेजा गया था, जिसके बाद 7:49 बजे विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को भी ईमेल प्राप्त हुआ।

उस ईमेल में विधानसभा के साथ-साथ नजदीकी मेट्रो स्टेशन को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी। हालांकि, जांच के बाद उस धमकी को फर्जी पाया गया था।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

बजट सत्र के चलते पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी थी, लेकिन लगातार मिल रही धमकियों के बाद सुरक्षा को और सख्त कर दिया गया है। पूरे परिसर की गहन जांच की जा रही है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles