न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा बटोर रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके पर सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान समर्थक नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि दीपके ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताते हुए पलटवार किया है।
दरअसल, CJP का इंस्टाग्राम अकाउंट लॉन्च होने के कुछ ही दिनों में करोड़ों फॉलोअर्स तक पहुंच गया। इसी तेजी से बढ़ती लोकप्रियता के बीच बीजेपी नेताओं ने पार्टी के फॉलोअर्स डेटा पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। बीजेपी युवा मोर्चा के महासचिव तजिंदर बग्गा ने सोशल मीडिया पर कुछ कथित इंस्टाग्राम आंकड़े साझा करते हुए दावा किया कि पार्टी के बड़ी संख्या में फॉलोअर्स पाकिस्तान से हैं।
पाकिस्तान से फॉलोअर्स होने का दावा
तजिंदर बग्गा द्वारा साझा किए गए डेटा के अनुसार, CJP के लगभग 49 प्रतिशत फॉलोअर्स पाकिस्तान से बताए गए। इसके अलावा 14 प्रतिशत अमेरिका और 14 प्रतिशत बांग्लादेश से होने का दावा किया गया। यानी कुल 77 प्रतिशत फॉलोअर्स भारत से बाहर के बताए गए, जबकि भारत चौथे स्थान पर दिखाया गया।
भाजपा नेता प्रीति गांधी ने भी इसी डेटा का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि यदि किसी राजनीतिक संगठन को सबसे ज्यादा समर्थन दुश्मन देश से मिल रहा है तो उसके उद्देश्य पर सवाल उठना स्वाभाविक है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने यह भी आशंका जताई कि अकाउंट के फॉलोअर्स में बड़ी संख्या बॉट्स या निष्क्रिय विदेशी अकाउंट्स की हो सकती है।
एक्स अकाउंट ब्लॉक होने के बाद बढ़ा विवाद
विवाद उस समय और बढ़ गया जब CJP का एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया गया। रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि यह कार्रवाई सुरक्षा एजेंसियों के इनपुट के आधार पर की गई। ब्लॉक होने से पहले अकाउंट पर करीब दो लाख फॉलोअर्स थे।
यह भी पढ़े: राज्यसभा चुनाव 2026: 24 सीटों पर चुनाव का ऐलान, खरगे-दिग्विजय समेत कई दिग्गजों का कार्यकाल खत्म
इसके बाद अभिजीत दीपके ने नया एक्स अकाउंट “Cockroach Is Back” बनाया, जिसने कुछ ही समय में डेढ़ लाख से ज्यादा फॉलोअर्स जुटा लिए। इससे सोशल मीडिया पर बहस और तेज हो गई।
अभिजीत दीपके ने साझा किया अपना डेटा
आरोपों के जवाब में अभिजीत दीपके ने दावा किया कि उनकी पार्टी के 94 प्रतिशत इंस्टाग्राम फॉलोअर्स भारत से हैं। उनके मुताबिक अमेरिका से करीब 1 प्रतिशत और ब्रिटेन से 0.7 प्रतिशत फॉलोअर्स हैं। दीपके ने आरोप लगाया कि विरोधी उनके अकाउंट को हैक करने की कोशिश कर रहे हैं और गलत आंकड़े फैलाकर भ्रम पैदा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि करोड़ों भारतीय युवाओं को पाकिस्तानी बताना गलत और भ्रामक है। हालांकि अब तक किसी भी पक्ष ने अपने डेटा का आधिकारिक स्रोत सार्वजनिक नहीं किया है।
ISI एजेंट होने के आरोप भी चर्चा में
इस पूरे विवाद के बीच अभिजीत दीपके पर पुराने आरोप भी फिर से चर्चा में आ गए हैं। भाजपा नेताओं ने 2019 में दर्ज एक शिकायत का हवाला दिया है, जिसमें उन पर जम्मू-कश्मीर से जुड़े मुद्दों पर पाकिस्तान समर्थक विचार फैलाने का आरोप लगाया गया था। यह शिकायत लीगल राइट्स ऑब्जरवेटरी की ओर से दर्ज कराई गई थी।
हालांकि अब तक किसी सरकारी जांच एजेंसी ने अभिजीत दीपके को आधिकारिक तौर पर ISI से जुड़ा घोषित नहीं किया है और न ही इस मामले में कोई निर्णायक कार्रवाई सामने आई है।



