न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- शहर के बढ़पुर क्षेत्र में बुधवार रात एक बारात के दौरान कार की छत पर चढ़े कुछ बारातियों ने अचानक नोट उड़ाना शुरू कर दिया। इस दौरान सड़क पर नोट लूटने वालों की भीड़ और धक्का-मुक्की मच गई। सड़क के दोनों ओर भारी जाम लग गया और राहगीरों को लंबा इंतजार करना पड़ा।
घटना का वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस नोट उड़ाने वालों की पहचान कर रही है और कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार है।
घटना का क्रम
बारात जैसे ही आवास विकास स्थित गेस्ट हाउस से बाहर निकली, कार की छत पर चढ़े युवकों ने नोट उड़ाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते सड़क पर अफरातफरी फैल गई। नोटों को उठाने के लिए कई लोग आपस में भिड़ गए। राहगीर भी मौके पर पहुंच गए और नोट उठाने में जुट गए। यह स्थिति कुछ देर तक नियंत्रण से बाहर रही।
पुलिस ने दी चेतावनी
कादरीगेट थाने के प्रभारी निरीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि वीडियो में गाड़ी का नंबर स्पष्ट नहीं दिख रहा। पहचान होते ही कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई शिकायत करता है तो विधिक कार्रवाई की जाएगी। चौधरी ने चेताया कि सड़क पर इस तरह नोट उड़ाना खतरनाक हो सकता था और किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था। वीडियो वायरल होने के बाद घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।



