न्यूज़ डेस्क /सर्वोदय न्यूज़:- भारतीय संगीत जगत को गहरा आघात पहुंचा है। दिग्गज गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने रविवार को अंतिम सांस ली। उनके निधन से फिल्म और संगीत उद्योग में शोक की लहर दौड़ गई है।
बताया जा रहा है कि कार्डिएक अरेस्ट और फेफड़ों में संक्रमण के चलते उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार सुबह से ही उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी, जिसके बाद उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
आशा भोसले के निधन की खबर सामने आते ही बॉलीवुड समेत पूरे देश में शोक का माहौल है। उन्हें संगीत के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान के लिए दादासाहेब फाल्के पुरस्कार और पद्म विभूषण जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा गया था।
उनकी पोती जनाई भोसले ने पहले जानकारी दी थी कि आशा जी सीने के संक्रमण और कमजोरी से जूझ रही थीं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी।
12 हजार से ज्यादा गानों को दी आवाज
आशा भोसले, महान गायिका लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं। उन्होंने अपने लंबे करियर में 12,000 से अधिक गाने रिकॉर्ड किए और कई भाषाओं में अपनी आवाज का जादू बिखेरा।
उन्होंने मीना कुमारी, मधुबाला, जीनत अमान, काजोल और उर्मिला मातोंडकर सहित कई मशहूर अभिनेत्रियों के लिए अपनी आवाज दी।
उनके लोकप्रिय गीतों में ‘चुरा लिया है तुमने जो दिल को’, ‘अभी ना जाओ छोड़कर’ और ‘इंतहा हो गई इंतजार की’ जैसे कई सदाबहार गाने शामिल हैं।
2023 में उन्होंने अपने 90वें जन्मदिन के मौके पर दुबई में आयोजित ‘Asha90: Live in Concert’ में प्रस्तुति देकर अपने प्रशंसकों को मंत्रमुग्ध कर दिया था।
आशा भोसले के निधन से संगीत जगत ने अपनी एक अनमोल आवाज खो दी है, जिसकी भरपाई शायद ही कभी हो सके।