आशा भोसले अस्पताल में भर्ती, पीएम मोदी ने जताई चिंता; जल्द स्वस्थ होने की कामना

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:-  संगीत जगत की दिग्गज गायिका आशा भोसले की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी तबीयत को लेकर देशभर में चिंता का माहौल है और फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि आशा भोसले जी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर से उन्हें दुख हुआ है और वे उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
परिवार की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, उनकी पोती जनाई भोसले ने बताया कि छाती में संक्रमण और कमजोरी के चलते उन्हें शनिवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि 92 वर्षीय गायिका को कार्डियक अरेस्ट और फेफड़ों से जुड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
फिलहाल उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन उनकी गंभीर स्थिति की खबर ने पूरे देश में चिंता बढ़ा दी है।

संगीत जगत में खास पहचान

आशा भोसले का करियर सात दशकों से भी अधिक लंबा रहा है। उन्होंने शास्त्रीय संगीत से लेकर फिल्मी और पॉप म्यूजिक तक, कई भाषाओं में हजारों गानों को अपनी आवाज दी है। उनकी बहुमुखी प्रतिभा ने उन्हें भारतीय सिनेमा की सबसे प्रतिष्ठित गायिकाओं में शामिल किया है।

सम्मानों से नवाजी गईं

संगीत के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के लिए उन्हें पद्म विभूषण और दादासाहेब फाल्के पुरस्कार जैसे देश के सर्वोच्च सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।
जैसे ही उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर उनके फैंस और संगीत जगत के लोगों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। हर कोई उनकी सेहत में जल्द सुधार की उम्मीद कर रहा है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles