न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़ :- स्पाइसजेट की एक घरेलू उड़ान शुक्रवार को एक बड़े हादसे से बाल-बाल बची। गुजरात के कांडला से मुंबई जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट के उड़ान भरते ही उसका एक पहिया टूटकर नीचे रनवे पर गिर गया। इस विमान में 75 यात्री सवार थे। घटना के तुरंत बाद मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई, लेकिन पायलट की सूझबूझ से विमान सुरक्षित लैंडिंग कराने में कामयाब रहा।
क्या हुआ हादसे में?
घटना शुक्रवार दोपहर की है जब स्पाइसजेट की Q400 विमान ने कांडला से मुंबई के लिए उड़ान भरी। टेकऑफ के कुछ देर बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को रनवे पर कुछ गिरा हुआ नजर आया। एटीसी ने तुरंत पायलट को जानकारी दी और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम को मौके पर भेजा गया। जमीन पर विमान का पहिया और एक धातु के हिस्से बरामद हुए।

पायलट ने दिखाई सूझबूझ
हालांकि पहिए के गिरने की सूचना के बावजूद, पायलट ने घबराए बिना मुंबई की ओर उड़ान जारी रखी। मुंबई एयरपोर्ट पर पहले से ही सभी इमरजेंसी व्यवस्थाएं सक्रिय कर दी गई थीं। शाम करीब 4 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
स्पाइसजेट प्रवक्ता ने बताया:”12 सितंबर को कांडला से मुंबई जा रहे स्पाइसजेट Q400 विमान का एक बाहरी पहिया उड़ान भरते समय रनवे पर गिर गया। इसके बावजूद विमान ने यात्रा पूरी की और मुंबई में सुरक्षित लैंड किया। सभी यात्री सुरक्षित उतरे।“
तस्वीरें भी आईं सामने
हादसे के बाद एयरपोर्ट की घास में पड़े हुए टूटा हुआ पहिया और मेटल रिंग की तस्वीरें सामने आई हैं। एक तस्वीर में कोई व्यक्ति उस मेटल के टुकड़े को हाथ में पकड़े हुए दिखाई दे रहा है।
हाल ही में ऐसा ही मामला एअर इंडिया में भी
कुछ दिन पहले, दिल्ली से सिंगापुर जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI2380 को तकनीकी खराबी के कारण 6 घंटे की देरी से रवाना किया गया था। उस विमान में केबिन कूलिंग सिस्टम में समस्या आने के कारण यात्रियों को बीच में उतारा गया था। यह उड़ान बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर विमान से संचालित हो रही थी।



