न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को असम की राजधानी गुवाहाटी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए घुसपैठ के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य के कई इलाकों में घुसपैठियों ने अवैध कब्जा कर रखा था, लेकिन बीते 10 वर्षों में और खासतौर पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में पिछले 5 वर्षों के दौरान 1 लाख 29 हजार बीघा जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है।
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस से यह सवाल पूछा जाना चाहिए कि घुसपैठ के बाद क्या असम की संस्कृति सुरक्षित रह सकती है। उन्होंने कहा, “अब तक बहुत काम हुआ है, लेकिन इससे संतोष नहीं है। असम की जनता ने 10 साल तक भाजपा को आशीर्वाद दिया है। अगर 5 साल और समर्थन मिल जाए तो हम एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर यहां से बाहर करेंगे।”
ज्योति बिष्णु ऑडिटोरियम का उद्घाटन
केंद्रीय गृह मंत्री ने गुवाहाटी में ज्योति बिष्णु ऑडिटोरियम का उद्घाटन भी किया। अधिकारियों के अनुसार, 291 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस अत्याधुनिक सभागार में 5,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता है। यह ऑडिटोरियम खानापारा क्षेत्र में 45 बीघा भूमि पर विकसित परिसर का हिस्सा है।
यह भी पढ़े:- यूपी में खेल क्रांति की तैयारी: हर गांव में मैदान, ब्लॉक में मिनी स्टेडियम और मंडल में
परिसर में मुख्य सभागार के अलावा कन्वेंशन सेंटर, 5 वीआईपी सुइट, 450 वाहनों की पार्किंग सुविधा, आधुनिक ऑडियो-विजुअल सिस्टम और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर मौजूद है। अधिकारियों ने दावा किया कि यह पूर्वोत्तर भारत का सबसे बड़ा ऑडिटोरियम है।
हरित ऊर्जा से संचालित होगा परिसर
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि पूरा परिसर हरित ऊर्जा से संचालित होगा और इसकी छत पर सौर पैनल लगाए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने जन्मजात हृदय रोग कार्यक्रम के 1,000 लाभार्थियों को सम्मानित भी किया।
2,000 CCTV कैमरों वाली निगरानी प्रणाली का उद्घाटन
अमित शाह ने गुवाहाटी पुलिस आयुक्त कार्यालय के नवनिर्मित 8 मंजिला भवन और शहर में 2,000 सीसीटीवी कैमरों से लैस निगरानी प्रणाली का भी उद्घाटन किया। पुलिस आयुक्त कार्यालय भवन का निर्माण 111 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है और यह खानापारा क्षेत्र में स्थित है।
इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री ने राज्य के CID द्वारा आपराधिक कानूनों पर आयोजित प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया। इन दोनों परियोजनाओं पर कुल 292 करोड़ रुपये की लागत आई है।



