कफ सिरप वालों पर कब चलेगा बुलडोजर-अखिलेश यादव ने पूछा-; धनंजय सिंह ने CBI जांच की मांग की है

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा अब माफिया-जीवी पार्टी बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पहले “वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया” की बात करते थे, लेकिन अब स्थिति यह है कि “हर विभाग में माफिया” सक्रिय है। अखिलेश का कहना है कि लखनऊ में पकड़ा गया ड्रग तस्कर अमित टाटा जौनपुर के एक बाहुबली से जुड़ा रहा है और दोनों की गाड़ियों के नंबर भी एक जैसे पाए गए हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए पूछा कि “जब हर मामले में बुलडोजर चलता है, तो कफ सिरप माफिया पर कब कार्रवाई होगी?”

अखिलेश यादव ने कहा कि एसआईआर से संबंधित कार्यों में अनावश्यक जल्दबाजी हो रही है, जबकि यह अत्यंत संवेदनशील और मेहनत वाला काम है। वहीं, पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने खुद को निर्दोष बताते हुए पूरे मामले की CBI जांच की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विस्तृत पोस्ट डालकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से सीबीआई जांच की अपील की और विरोधियों पर साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगाया।

पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश ने कहा कि भाजपा संविधान की मर्यादाओं को नजरअंदाज कर रही है और एसआईआर को बहाना बनाकर नई साजिशें रची जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि एक हजार किसानों की मौत के बावजूद भाजपा सरकार पर कोई असर नहीं पड़ा। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि नोएडा में भाजपा ने एक सॉफ्टवेयर कंपनी को हायर किया है, जो वोटर लिस्ट में फेरबदल करने का काम कर रही है। सांसद राजीव राय के हवाले से उन्होंने कहा कि घोसी संसदीय क्षेत्र के एक विधानसभा क्षेत्र में करीब 20 हजार मतदाताओं के नाम हटाए जा चुके हैं।

अखिलेश का कहना है कि कई गांवों तक एसआईआर फॉर्म पहुंचे ही नहीं और बीएलओ पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फतेहपुर में आत्महत्या करने वाले बीएलओ के परिवार ने भी इस दबाव की पुष्टि की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगहों पर बीएलओ की सहायता के लिए नगर निकाय के सफाईकर्मियों को लगाया जा रहा है और चुनाव आयोग भाजपा के साथ खड़ा दिख रहा है।

यह भी पढ़े:- “जब-जब जुल्म होगा, तब-तब जिहाद होगा” – मंच से बोले जमीयत चीफ मौलाना मदनी

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में लोग कह रहे हैं कि “चुनाव आयोग के हाथ खून से रंगे हुए हैं।” अखिलेश ने आश्वासन दिया कि वे इन मुद्दों को लोकसभा में उठाएंगे और संविधान व सामाजिक न्याय से जुड़े अधिकारों की रक्षा करेंगे।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल भी मौजूद रहे।

बीएलओ के परिवार को दी आर्थिक सहायता

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फतेहपुर में आत्महत्या करने वाले बीएलओ विजय वर्मा के परिवार से मुलाकात की और उन्हें दो लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने सरकार से मांग की कि मृतक परिवार को एक करोड़ रुपये की मदद और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। इस दौरान विजय वर्मा की पत्नी संगीता भावुक होकर रो पड़ीं। उनके 20 वर्षीय बेटे हर्षित भी मौजूद रहे। विजय वर्मा लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र में शिक्षामित्र के रूप में कार्यरत थे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles