Home Blog Page 58

दाऊद का करीबी सलीम डोला तुर्की में गिरफ्तार,कौन है डी कंपनी के ड्रग साम्राज्य का सलीम डोला

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- भारत की एजेंसियों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी माने जाने वाले सलीम डोला को भारत लाया गया है। बताया जा रहा है कि उसे मंगलवार सुबह दिल्ली के एक तकनीकी एयरपोर्ट पर स्पेशल विमान के जरिए लाया गया। फिलहाल राजधानी में इंटेलिजेंस एजेंसियां उससे गहन पूछताछ कर रही हैं। आगे की कार्रवाई के लिए उसे मुंबई पुलिस को सौंपा जाएगा।

तुर्की में हुई थी गिरफ्तारी

जानकारी के अनुसार, सलीम डोला लंबे समय से तुर्की में छिपकर रह रहा था और उसने अपनी पहचान भी बदल ली थी। हाल ही में तुर्की की इंटेलिजेंस एजेंसी और इस्तांबुल पुलिस की नारकोटिक्स यूनिट ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर उसे गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दी गई, जिसमें उसके ठिकाने को घेरकर छापा मारा गया।

ड्रग नेटवर्क का बड़ा सरगना

सलीम डोला को डी-कंपनी के ड्रग नेटवर्क का अहम चेहरा माना जाता है। उसका नेटवर्क भारत के अलावा खाड़ी देशों और यूरोप तक फैला हुआ बताया जाता है। भारत में उसके खिलाफ नारकोटिक्स ब्यूरो ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था, जबकि इंटरपोल की ओर से रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी था।

एजेंसियों के लिए बड़ी उपलब्धि

सलीम डोला की गिरफ्तारी और भारत लाया जाना भारतीय जांच एजेंसियों के लिए एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि उससे पूछताछ के दौरान अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

Aaj Ka Rashifal 28 April 2026: कन्या राशि में चंद्रमा, कई राशियों के लिए धन वृद्धि के संकेत

Aaj Ka Rashifal 28 April 2026 आज का दिन ज्योतिषीय दृष्टि से खास माना जा रहा है। आज चंद्रमा उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र में रहते हुए कन्या राशि में स्थित है, जो व्यक्ति की संवेदनशीलता बढ़ाने के साथ-साथ सीख और अनुभव के जरिए आगे बढ़ने का संकेत देता है। यह स्थिति ज्ञान और आर्थिक प्रगति के लिए भी अनुकूल मानी जा रही है।
ग्रहों की वर्तमान स्थिति पर नजर डालें तो सूर्य मेष राशि में, शुक्र वृषभ में, गुरु मिथुन में और केतु सिंह राशि में विराजमान हैं। वहीं राहु कुंभ राशि में है, जबकि बुध, मंगल और शनि मीन राशि में गोचर कर रहे हैं।

मेष राशि

आज आपके विरोधियों पर प्रभाव बना रहेगा, हालांकि कुछ मानसिक अस्थिरता महसूस हो सकती है। स्वास्थ्य थोड़ा प्रभावित रह सकता है, लेकिन प्रेम, संतान और व्यापार के क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। हरी वस्तु का दान करना लाभकारी रहेगा।

वृषभ राशि

भावनाओं में बहकर निर्णय लेने से बचें। सोच-समझकर कदम उठाना जरूरी है। रिश्तों में थोड़ी तकरार संभव है और संतान को लेकर चिंता हो सकती है। स्वास्थ्य और व्यापार सामान्य रूप से अच्छे रहेंगे।

मिथुन राशि

आज भौतिक सुख-सुविधाओं में वृद्धि के संकेत हैं। संपत्ति या वाहन खरीदने का अवसर मिल सकता है। हालांकि पारिवारिक मतभेद से बचना जरूरी है। व्यापार में लाभ होगा।

कर्क राशि

आपकी मेहनत रंग लाएगी और कार्यक्षेत्र में मजबूती आएगी। स्वास्थ्य में सुधार होगा। हालांकि प्रेम और संतान से जुड़े मामलों में स्थिति सामान्य रहेगी।

सिंह राशि

आर्थिक लाभ के योग बन रहे हैं। परिवार का विस्तार और सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य थोड़ा उतार-चढ़ाव वाला रह सकता है, लेकिन बाकी क्षेत्रों में स्थिति अनुकूल है।

कन्या राशि

आज आपका आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा बढ़ेगी। स्वास्थ्य बेहतर रहेगा और परिवार का सहयोग मिलेगा। व्यापार में भी सफलता के संकेत हैं।

तुला राशि

मानसिक तनाव और अनजाना डर परेशान कर सकता है। हालांकि वास्तविक परिस्थितियां आपके पक्ष में रहेंगी। स्वास्थ्य और व्यापार सामान्य रहेंगे।

वृश्चिक राशि

आय के नए रास्ते खुल सकते हैं और पुराने स्रोतों से भी लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य पर ध्यान देने की जरूरत है, लेकिन अन्य क्षेत्रों में स्थिति मजबूत है।

धनु राशि

कानूनी मामलों में सफलता मिलने की संभावना है। कार्यक्षेत्र में प्रगति होगी। प्रेम और संतान के मामलों में थोड़ी संतुलन की आवश्यकता है।

मकर राशि

भाग्य का साथ मिलेगा और यात्रा के योग बन सकते हैं। करियर में उन्नति होगी और परिवार का सहयोग मिलेगा।

कुंभ राशि

आज थोड़ा सतर्क रहने की जरूरत है। चोट या परेशानी की आशंका है। हालांकि प्रेम, संतान और व्यापार में अच्छे परिणाम मिलेंगे।

मीन राशि

जीवनसाथी का पूरा सहयोग मिलेगा और रिश्तों में मधुरता आएगी। स्वास्थ्य में सुधार होगा और करियर में भी सकारात्मक परिणाम मिलेंगे।
कुल मिलाकर, आज का दिन कई राशियों के लिए आर्थिक और व्यावसायिक दृष्टि से लाभकारी साबित हो सकता है, बशर्ते निर्णय सोच-समझकर लिए जाएं।

उपाध्यक्ष बनाने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष ने की सेक्स की डिमांड, महिला नेता का वीडियो वायरल

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में एक महिला राजनीतिक कार्यकर्ता ने पार्टी के एक पदाधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए सनसनी फैला दी है। महिला नेता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि उन्हें संगठन में उच्च पद दिलाने के बदले अनुचित मांग की गई।
महिला नेता का कहना है कि हाल ही में संगठन की नई जिला टीम के गठन के दौरान उन्होंने जिला उपाध्यक्ष पद के लिए बात की थी। आरोप है कि बातचीत के दौरान संबंधित पदाधिकारी ने उनसे इशारों में अनुचित प्रस्ताव रखा और कहा कि पद पाने के लिए उन्हें “साथ चलना” होगा।
महिला नेता ने यह भी दावा किया कि संगठन के कुछ अन्य पदाधिकारियों ने भी उन्हें उक्त प्रस्ताव मानने के लिए दबाव डाला। उनके अनुसार, उन्हें फोन कर समझाने और कथित रूप से धमकाने की कोशिश की गई।

यह भी पढ़े:- पानी के छींटों से शुरू हुआ विवाद बना खूनी, युवक की हत्या; परिवार के कई लोग घायल

वहीं, आरोपों में नाम आने वाले पदाधिकारी ने इन सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि उनकी छवि खराब करने के लिए यह साजिश रची जा रही है। उनका कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच होती है तो सच्चाई सामने आ जाएगी।
महिला नेता ने कहा है कि वह इस मामले में पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत देंगी और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग करेंगी।
घटना के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। विपक्षी दलों ने भी इस मुद्दे को लेकर सत्तारूढ़ दल पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
फिलहाल मामला आरोप-प्रत्यारोप का है। पुलिस में शिकायत दर्ज होने और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।

पानी के छींटों से शुरू हुआ विवाद बना खूनी, युवक की हत्या; परिवार के कई लोग घायल

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत कस्बे में सोमवार सुबह एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। छत की सफाई के दौरान पानी के छींटे पड़ोसी के घर में गिरने पर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि पड़ोसियों ने 25 वर्षीय युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी, जबकि उसके परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

छत की सफाई के दौरान शुरू हुआ विवाद

घटना बड़ौत के बड़का रोड स्थित उर्दू कॉलोनी की है। यहां आस मोहम्मद की पत्नी गुड्डो छत पर पानी से सफाई कर रही थीं। इसी दौरान पानी की कुछ बूंदें पड़ोस में रहने वाले इरफान के घर में जा गिरीं। इसे लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही विवाद में बदल गई।

चाकू से हमला, युवक की मौत

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पड़ोसी पक्ष के लोग पथराव करते हुए घर में घुस आए और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आस मोहम्मद के बड़े बेटे शोएब पर चाकू से कई वार किए गए। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले में पिता आस मोहम्मद, मां गुड्डो, भाई फरमान और बहन फराह भी घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हमलावर फरार, पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों का इलाज जारी है। मृतक के पिता की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।

तीन टीमों का गठन, जल्द गिरफ्तारी का दावा

एएसपी बागपत प्रवीण सिंह चौहान ने बताया कि मामूली विवाद में युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

परिवार में पसरा मातम, निकाह की चल रही थी तैयारी

बताया जा रहा है कि मृतक शोएब एक फैक्ट्री में काम करता था और उसके निकाह की तैयारी चल रही थी। परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन इस घटना के बाद घर में मातम छा गया है।

यह भी पढ़े: छेड़खानी के विरोध पर पिटाई से युवक की मौत, उग्र भीड़ का पुलिस पर पथराव

वीडियो वायरल, जांच तेज

घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें हमले के बाद की स्थिति दिखाई दे रही है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर भी जांच शुरू कर दी है।

स्थिति तनावपूर्ण, पुलिस बल तैनात

घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन का कहना है कि हालात नियंत्रण में हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

छेड़खानी के विरोध पर पिटाई से युवक की मौत, उग्र भीड़ का पुलिस पर पथराव

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र स्थित गायघाट गांव में रविवार देर शाम एक शादी समारोह के दौरान छेड़छाड़ का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। दबंगों की पिटाई में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद गांव में तनाव फैल गया और उग्र भीड़ ने जमकर हंगामा किया।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव से संभल निषाद के बेटे सिंटू की बारात सिकारीगंज थाना क्षेत्र के तामा गांव जाने वाली थी। बारात रवाना होने से पहले चल रही रस्मों के दौरान डीजे पर महिलाएं और युवतियां नृत्य कर रही थीं। इसी बीच गांव के कुछ युवकों ने कथित तौर पर महिलाओं और लड़कियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी और उन पर कंकड़ फेंकने लगे।
इस हरकत का अनिल (22) और दीपक समेत कुछ युवकों ने विरोध किया, जिस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था।
बताया जा रहा है कि बारात रवाना होने के बाद जब अनिल अपने साथियों के साथ गाड़ी में बैठने जा रहा था, तभी आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में अनिल और दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान अनिल की मौत हो गई, जबकि दीपक का इलाज जारी है।

यह भी पढ़े:- खत्म हो गया तेल का स्टॉक? मचा हड़कंप,इस राज्य में 400 से ज्यादा पंप बंद; सरकार अलर्ट

युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी पक्ष के घरों को घेर लिया और तोड़फोड़ शुरू कर दी। इतना ही नहीं, लोगों ने सड़क जाम कर शव रखकर प्रदर्शन भी किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ ने हटने से इनकार कर दिया।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब पुलिस ने जाम हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। इससे नाराज भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे अफरातफरी मच गई। पुलिस ने किसी तरह हालात पर काबू पाया।
घटना की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर आठ नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

खत्म हो गया तेल का स्टॉक? मचा हड़कंप,इस राज्य में 400 से ज्यादा पंप बंद; सरकार अलर्ट

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- ईरान और अमेरिका के बीच छिड़ी जंग की वजह से दुनियाभर में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर संशय की स्थिति पैदा हो गई है। इसका असर अब भारत में भी दिखने लगा है। दक्षिणी राज्य आंध्र प्रदेश में अचानक अफरा-तफरी का माहौल बना दिया। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच तेल सप्लाई प्रभावित होने की आशंका से लोगों में घबराहट फैल गई, जिसका असर अब जमीनी स्तर पर दिखने लगा है।

400 से ज्यादा पेट्रोल पंप बंद

राज्य में कुल 4,510 पेट्रोल पंपों में से 400 से अधिक पंपों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। अधिकारियों के मुताबिक 421 पंपों पर पेट्रोल और डीजल का स्टॉक खत्म हो गया या तेजी से घट गया। कई पंपों पर सीमित बिक्री की जा रही है—दोपहिया वाहनों को 2 लीटर और कारों को 10 लीटर तक ही ईंधन दिया जा रहा है।

कई शहरों में लंबी कतारें

विजयवाड़ा, गुंटूर, राजमुंद्री, कुरनूल और नेल्लोर सहित कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखी गईं। कुछ जगहों पर स्टॉक खत्म होने के बाद वाहन चालकों और कर्मचारियों के बीच बहस भी हुई।

पैनिक बाइंग से बिगड़ी स्थिति

अधिकारियों के अनुसार सोशल मीडिया पर फैली खबरों के कारण लोगों ने जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीदना शुरू कर दिया, जिससे अचानक मांग बढ़ गई। आम दिनों में जहां एक पंप पर औसतन 7,000 लीटर डीजल बिकता है, वहीं घबराहट में यह खपत 14,000 लीटर तक पहुंच गई।

क्यों बंद किए गए पंप?

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, कई पंप स्टॉक खत्म होने के कारण नहीं बल्कि भीड़ नियंत्रित करने के लिए बंद किए गए। उद्देश्य यह था कि पैनिक बाइंग को रोका जा सके और आपूर्ति संतुलित बनी रहे।

सीएम चंद्रबाबू नायडू ने मांगी रिपोर्ट

स्थिति को देखते हुए चंद्रबाबू नायडू ने जिला कलेक्टरों को तत्काल कार्य योजना लागू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सोमवार शाम तक पूरी रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा भी की।

वैश्विक कारण भी जिम्मेदार

तेल संकट की आशंका के पीछे एक बड़ा कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बाधा है, जो वैश्विक तेल आपूर्ति का अहम मार्ग माना जाता है। भारत अपनी 85% से ज्यादा तेल जरूरत आयात करता है, जिसमें बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से आता है।

हालांकि केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में फिलहाल ईंधन की कोई कमी नहीं है और वैकल्पिक आपूर्ति व्यवस्था पर काम किया जा रहा है।

AAP के 7 राज्यसभा सांसदों के विलय को मंजूरी, BJP ने बनाया नया रिकॉर्ड;भाजपा की राज्यसभा में संख्या बढ़ी

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- आम आदमी पार्टी (AAP) के लिए बड़ा राजनीतिक झटका सामने आया है। पार्टी छोड़ने वाले 7 राज्यसभा सांसदों के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में विलय को मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी की राज्यसभा में संख्या बढ़कर 113 पहुंच गई है, जो उसके इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

AAP की ताकत घटी

इस घटनाक्रम के बाद आम आदमी पार्टी की राज्यसभा में संख्या 10 से घटकर सिर्फ 3 रह गई है। ये सभी सांसद पंजाब से जुड़े थे, जिससे राज्य में भी पार्टी की स्थिति कमजोर होती नजर आ रही है। अब पंजाब से पार्टी का सिर्फ एक ही सांसद बचा है।

किन नेताओं ने बदला पाला

जानकारी के मुताबिक, इन सांसदों ने पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए पाला बदला। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी अपने मूल उद्देश्यों से भटक गई है। वहीं राघव चड्ढा के नेतृत्व को लेकर भी असहमति जताई गई।

हालांकि बलबीर सिंह सीचेवाल ने पार्टी नहीं छोड़ी है और वे अब भी AAP के साथ बने हुए हैं।

दल-बदल कानून को लेकर विवाद

इस मामले में AAP ने राज्यसभा के सभापति के समक्ष याचिका दाखिल कर तीन सांसदों की सदस्यता खत्म करने की मांग की थी। पार्टी का तर्क था कि केवल तीन सांसदों ने औपचारिक रूप से इस्तीफा दिया, जबकि अन्य चार का मामला स्पष्ट नहीं है।

AAP का कहना था कि चार सांसदों का समूह अल्पमत में है, ऐसे में उनका दल बदलना दल-बदल कानून (Anti-Defection Law) के तहत आता है और इसे मान्य नहीं किया जाना चाहिए।

राजनीतिक असर

इस फैसले के बाद संसद के उच्च सदन में BJP की स्थिति और मजबूत हो गई है। वहीं AAP के लिए यह बड़ा झटका माना जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

अखिलेश पर हमला करते-करते ओपी राजभर ने गिनाईं अपनी ही सरकार के कांड,दी यह नसीहत

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में किशोरी की मौत को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस बीच राज्य के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए ऐसा बयान दे दिया, जिससे अपनी ही सरकार पर सवाल खड़े हो गए।

अखिलेश पर वार, लेकिन सरकार भी घिरी

राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव केवल चुनिंदा मामलों में ही सक्रिय होते हैं, जहां उन्हें राजनीतिक फायदा दिखता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई अन्य गंभीर घटनाएं हुई हैं, लेकिन सपा प्रमुख वहां नहीं पहुंचे।

हालांकि, इस दौरान उन्होंने जिन घटनाओं का जिक्र किया—जैसे बाराबंकी, देवरिया और कौशांबी—उन्हें लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई कि मंत्री ने अनजाने में कानून-व्यवस्था पर अपनी ही सरकार की आलोचना कर दी।

गाजीपुर बवाल पर सपा को ठहराया जिम्मेदार

कटारिया गांव में हुए बवाल को लेकर राजभर ने सीधे तौर पर सपा को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना था कि प्रशासन ने 15 लोगों की अनुमति दी थी, लेकिन मौके पर 200 से ज्यादा लोग पहुंच गए, जिससे स्थिति बिगड़ी।

उन्होंने कहा कि एक संवेदनशील मामले में राजनीति करना गलत है और तथ्यों के आधार पर बात होनी चाहिए। राजभर के मुताबिक, जांच से यह संकेत मिल रहे हैं कि किशोरी की मौत आत्महत्या का मामला हो सकता है।

सपा के दौरे पर भी विवाद

बताया जा रहा है कि अखिलेश यादव ने 29 अप्रैल को गाजीपुर जाने और पीड़ित परिवार से मिलने की बात कही है। इससे पहले सपा प्रतिनिधिमंडल के दौरे के दौरान भी तनाव की स्थिति बन गई थी, जिस पर अखिलेश ने नाराजगी जताई थी।

पुराने मुद्दों का भी जिक्र

राजभर ने सपा सरकार के कार्यकाल को भी निशाने पर लिया और मुजफ्फरनगर दंगे का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उस दौर में सरकार प्राथमिकताओं को लेकर गंभीर नहीं थी।

सरकार की कार्रवाई का जिक्र

मंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, जमीन और आवास देने जैसे कदम उठाए हैं। उनका दावा है कि सरकार अपनी जिम्मेदारी निभा रही है, जबकि विपक्ष इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहा है।

Aaj Ka Rashifal 27 April 2026: चंद्र-केतु का प्रभाव बढ़ाएगा मानसिक तनाव, कई राशियों को सतर्क रहने की सलाह

Aaj Ka Rashifal 27 April 2026 को ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति कई राशियों के लिए उतार-चढ़ाव भरा दिन लेकर आई है। सूर्य मेष राशि में उच्च स्थिति में हैं, जबकि शुक्र वृषभ राशि में स्वग्रही हैं। चंद्रमा सिंह राशि में केतु के साथ उत्तर फाल्गुनी नक्षत्र में स्थित है, जिसका स्वामी शुक्र है। इस योग के कारण मानसिक अस्थिरता, आवेग और रिश्तों में तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

मेष राशि

आज मानसिक अस्थिरता बढ़ सकती है। बच्चों के स्वास्थ्य पर ध्यान देना जरूरी है। प्रेम संबंधों में हल्का तनाव संभव है। व्यवसाय सामान्य रहेगा।

वृषभ राशि

घरेलू वातावरण थोड़ा तनावपूर्ण रह सकता है। भूमि या वाहन से जुड़े मामलों में विवाद की स्थिति बन सकती है। व्यापार अच्छा रहेगा, लेकिन पारिवारिक मामलों में सावधानी रखें।

मिथुन राशि

अत्यधिक आक्रामकता नुकसान दे सकती है। व्यापार विस्तार फिलहाल टालें। गले और कान से जुड़ी समस्या हो सकती है। परिवार से थोड़ी दूरी महसूस होगी।

कर्क राशि

आंख और मुंह से संबंधित समस्या परेशान कर सकती है। प्रेम जीवन में दूरी बढ़ सकती है। संतान को लेकर चिंता बनी रहेगी। व्यापार सामान्य रहेगा।

सिंह राशि

बेचैनी और मानसिक दबाव महसूस हो सकता है। जल्दबाजी में निर्णय लेने से बचें। व्यापार सामान्य रहेगा, लेकिन मन को शांत रखने की जरूरत है।

कन्या राशि

खर्चों में वृद्धि और मानसिक तनाव बना रहेगा। सिरदर्द और आंखों में परेशानी हो सकती है। अधिकारियों से संबंधों में सावधानी बरतें।

तुला राशि

आय में वृद्धि के संकेत हैं और यात्रा के योग बन रहे हैं। सरकारी कार्यों में सफलता मिल सकती है। दांपत्य जीवन में हल्की नीरसता रह सकती है।

वृश्चिक राशि

कोर्ट-कचहरी के मामलों से दूर रहना बेहतर होगा। व्यापार में उतार-चढ़ाव रहेगा। किसी भी बड़े निर्णय को टालना उचित रहेगा।

धनु राशि

भाग्य पर निर्भर रहना नुकसानदेह हो सकता है। मेहनत के अनुसार ही परिणाम मिलेंगे। मान-सम्मान को लेकर सावधानी रखें।

मकर राशि

चोट या किसी परेशानी की संभावना है, इसलिए सतर्क रहें। हालांकि प्रेम, संतान और व्यापार के मामलों में स्थिति अच्छी रहेगी।

कुंभ राशि

स्वास्थ्य और वैवाहिक जीवन पर ध्यान देने की जरूरत है।प्रेम-संतान पहले से बेहतर,व्यापार लगभग ठीक है। नौकरी-चाकरी में कोई रिस्क मत लीजिएगा। नौकरी में कोई जोखिम लेने से बचें। व्यापार सामान्य रहेगा।

मीन राशि

स्वास्थ्य कमजोर रह सकता है। स्वास्थ्य प्रभावित रहेगा। प्रेम-संतान भी मध्यम रहेगा। व्यापार शनैः-शनैः (धीरे-धीरे) आगे बढ़ेगा। शत्रु नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगे लेकिन पहुंचा नहीं पाएंगे,लेकिन डिस्टर्ब जरूर करेंगे। सूशत्रु सक्रिय रहेंगे, लेकिन नुकसान नहीं पहुंचा पाएंगे। धीरे-धीरे कार्यों में प्रगति होगी।

होमगार्ड परीक्षा के लिए प्रयागराज मंडल ने चलाईं स्पेशल ट्रेनें, हजारों अभ्यर्थियों को मिली राहत

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- प्रयागराज मंडल ने उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 26 अप्रैल 2026 को विशेष व्यवस्थाएं कीं। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आवागमन को देखते हुए मंडल प्रशासन ने जरूरत के अनुसार एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया, जिससे यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में पूरी व्यवस्था को सुव्यवस्थित तरीके से संचालित किया गया। प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल सहित प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर और प्रवेश-निकास द्वारों पर अतिरिक्त इंतजाम किए गए। साथ ही मंडल स्तर पर बनाए गए वार रूम से सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी गई। अधिकारियों ने भीड़, यात्री आवाजाही और प्लेटफॉर्म की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

चलाई गई स्पेशल ट्रेनों का विवरण:

  • कानपुर सेंट्रल से प्रयागराज जंक्शन के लिए पहली स्पेशल ट्रेन दोपहर 1:12 बजे रवाना हुई, जिसमें 12 कोच लगाए गए और करीब 1800 यात्रियों ने सफर किया।
  • दूसरी ट्रेन शाम 6:15 बजे कानपुर सेंट्रल से प्रयागराज जंक्शन के लिए चली, जिसमें 21 कोच थे और लगभग 1800 यात्री सवार हुए।
  • तीसरी स्पेशल ट्रेन कानपुर सेंट्रल से लखनऊ के लिए शाम 6:30 बजे रवाना हुई, जिसमें 12 कोच लगे और करीब 1800 यात्रियों ने यात्रा की।
परीक्षार्थियों की सुरक्षा और सहायता के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के जवानों को प्रमुख स्टेशनों और ट्रेनों में तैनात किया गया। इसके अलावा वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने स्टेशन पर यात्रियों को मार्गदर्शन देने के साथ जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई। टिकट चेकिंग स्टाफ और हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मियों ने भी अभ्यर्थियों को प्लेटफॉर्म, ट्रेन के समय और अन्य आवश्यक जानकारियां दीं।
रेलवे प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण, स्वच्छता और यात्री सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए। स्टेशनों पर अतिरिक्त स्टाफ तैनात कर यात्रियों को लाइन में व्यवस्थित तरीके से प्रवेश और निकास के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के जरिए लगातार जरूरी सूचनाएं प्रसारित की जाती रहीं, जिससे प्लेटफॉर्म पर भीड़ का दबाव कम रहा और आवागमन सुचारु बना रहा।
रेलवे का कहना है कि परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर अभ्यर्थियों को बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का संचालन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे परीक्षार्थी समय पर और बिना तनाव के अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें।
यह जानकारी प्रयागराज मंडल, उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह द्वारा दी गई।