Home Blog Page 39

‘उन्हें मिर्ची लगी तो मैं क्या करूं…’ PDA को लेकर ब्रजेश पाठक और अखिलेश यादव में जुबानी जंग तेज

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:– उत्तर प्रदेश की सियासत में ‘पीडीए’ को लेकर एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच सोशल मीडिया पर तीखी नोकझोंक देखने को मिली। मामला उस इंटरव्यू के बाद गरमाया, जिसमें ब्रजेश पाठक ने प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री नरेंद्र कश्यप के साथ बातचीत के दौरान सपा के ‘पीडीए’ फार्मूले पर निशाना साधा था।

दरअसल, भाजपा नेताओं की ओर से ‘पीडीए’ को ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ बताते हुए समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया। इंटरव्यू में ‘राजपरिवार’ और ‘एक परिवार का राज’ जैसे शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया। साथ ही सपा पर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सिद्धांतों से भटकने का आरोप लगाया गया।

अखिलेश यादव ने साधा निशाना

ब्रजेश पाठक के इंटरव्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की जनता बिजली संकट, गर्मी और बीमारियों से परेशान है, जबकि भाजपा के मंत्री ‘इंटरव्यू-इंटरव्यू’ खेल रहे हैं।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि जो स्वास्थ्य मंत्री के रूप में असफल साबित हुए, अब पत्रकार बनने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार, संगठन और दल में नाकाम रहने के बाद अब नए रोल निभाए जा रहे हैं।

सपा प्रमुख ने हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरने की घटना पर भी दुख जताया और पार्टी कार्यकर्ताओं से पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद करने की अपील की।

ब्रजेश पाठक का पलटवार

अखिलेश यादव की टिप्पणी के बाद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी सोशल मीडिया पर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अगर किसी को संवाद और साक्षात्कार से परेशानी है तो इसमें वह क्या कर सकते हैं। उन्होंने तंज भरे अंदाज में लिखा, “उन्हें मिर्ची लगी तो मैं क्या करूं…।”

ब्रजेश पाठक ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि देश के कई बड़े जननेता पत्रकारिता से जुड़े रहे हैं। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. राम मनोहर लोहिया का उदाहरण देते हुए कहा कि संवाद और विचार-विमर्श भारतीय परंपरा का हिस्सा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पत्रकारों और मेहनतकश लोगों को ‘खलिहर’ कहना उनका अपमान है। साथ ही बिना नाम लिए अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि “जो युवराज होंगे, उन्हें मेहनतकश लोग पसंद नहीं आएंगे और जो झूठ की राजनीति करते हैं, उन्हें संवाद से डर लगेगा।”

PDA पर सियासी वार-पलटवार जारी

भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच ‘पीडीए’ को लेकर जारी यह बयानबाजी आने वाले चुनावों से पहले राजनीतिक माहौल को और गर्म करती दिखाई दे रही है। भाजपा जहां सपा पर परिवारवाद का आरोप लगा रही है, वहीं सपा भाजपा सरकार को जनता के मुद्दों पर घेरने में जुटी है।

यूपी में आंधी-बारिश का कहर: 34 लोगों की मौत, 21 जिलों में फिर रेड अलर्ट

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ने भारी तबाही मचा दी है। गुरुवार देर रात से शुक्रवार सुबह तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, मूसलाधार बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में अब तक 34 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे बड़ा हादसा हमीरपुर जिले में हुआ, जहां बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का हिस्सा तेज तूफान के दौरान गिर गया। हादसे में छह मजदूरों की दबकर मौत हो गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं मौसम विभाग ने शनिवार तक प्रदेश के 21 जिलों के लिए रेड अलर्ट और 45 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

सहारनपुर में बाढ़ जैसे हालात, श्रद्धालुओं में मची भगदड़

सहारनपुर स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ शाकंभरी देवी मंदिर क्षेत्र में पहाड़ों पर हुई भारी बारिश के बाद नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। तेज बहाव के कारण इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो महिलाओं की डूबने से मौत हो गई। बाढ़ के पानी में कई वाहन, दर्जनों ट्रैक्टर, 50 से अधिक अस्थायी दुकानें और एक अस्थायी पुल बह गया। प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला। फिलहाल क्षेत्र में आवाजाही रोक दी गई है।

चारबाग स्टेशन पर हादसा, कई लोग घायल

राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर तेज आंधी के दौरान प्लेटफॉर्म का शेड गिर गया। हादसे में एक टीटीई समेत तीन लोग घायल हो गए। मौसम विभाग ने 1 जून तक प्रदेश में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश जारी रहने की चेतावनी दी है।

कई जिलों में गिरी बिजली, अलग-अलग हादसों में मौतें

प्रदेश के कई हिस्सों में आकाशीय बिजली और तूफान के चलते जानमाल का भारी नुकसान हुआ है। प्रयागराज मंडल में मां-बच्चों समेत सात लोगों की मौत हुई है। बुंदेलखंड और मध्य यूपी में भी आठ लोगों ने जान गंवाई। फतेहपुर, बांदा और उरई में दो-दो लोगों की मौत हुई, जबकि हमीरपुर और महोबा में एक-एक व्यक्ति की जान गई।

यह भी पढ़े:  भाजपा का बड़ा दांव: पूर्व कांग्रेसी को बनाया अध्यक्ष, चुनाव से पहले बदला नेतृत्व

देवरिया में बिजली गिरने से महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं बलिया, आजमगढ़ और अंबेडकरनगर में भी अलग-अलग हादसों में लोगों की जान चली गई। रायबरेली में आंधी के दौरान टीन शेड पर पेड़ गिरने से मां-बेटी दब गईं, जिसमें महिला की मौत हो गई जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल है।

हमीरपुर में 90 करोड़ का निर्माणाधीन पुल गिरा

हमीरपुर जिले के ललपुरा क्षेत्र में बेतवा नदी पर करीब 90 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। तेज तूफान के दौरान पुल का पिलर टूट गया और पूरा ढांचा ढह गया। मलबे में दबने से छह मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में चार मजदूर बांदा और दो हमीरपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।

घटना के बाद शासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक अभियंता को निलंबित कर दिया है। साथ ही डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच के लिए चीफ इंजीनियर स्तर की कमेटी गठित की गई है और आईआईटी बीएचयू से थर्ड पार्टी जांच कराई जाएगी।

कई जिलों में बिजली आपूर्ति ठप

तेज आंधी और बारिश से रायबरेली के करीब 70 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। बलरामपुर में भी तेज तूफान से पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे लगभग 150 गांव अंधेरे में डूब गए।

गोरखपुर में बारिश का पानी सैकड़ों घरों में घुस गया। वहीं चौरीचौरा और गौरीबाजार के बीच रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से कई ट्रेनों का संचालन करीब 12 घंटे तक प्रभावित रहा। दादर एक्सप्रेस, मौर्य एक्सप्रेस और कृषक एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें रास्ते में खड़ी रहीं।

44 जिलों में बारिश, तापमान में गिरावट

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती सिस्टम के असर से प्रदेश के 44 जिलों में बारिश दर्ज की गई है। पूर्वांचल के मिर्जापुर में सबसे अधिक 100 मिमी और अयोध्या में 90 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के चलते प्रदेश के तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है।

21 जिलों में रेड अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और बरेली समेत 21 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है।

इसके अलावा प्रदेश के 45 से अधिक जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है, जहां 70 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

भाजपा का बड़ा दांव: पूर्व कांग्रेसी को बनाया अध्यक्ष, चुनाव से पहले बदला नेतृत्व

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़: भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए वरिष्ठ नेता और उद्योगपति Keval Singh Dhillon को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। खास बात यह है कि ढिल्लों कुछ वर्ष पहले ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। पार्टी का यह फैसला पंजाब की राजनीति में अहम माना जा रहा है।

भाजपा ने पहली बार किसी जाट सिख चेहरे को पंजाब प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। राजनीतिक जानकार इसे आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर लिया गया रणनीतिक फैसला मान रहे हैं।

मालवा क्षेत्र पर भाजपा की नजर

केवल सिंह ढिल्लों पंजाब के सबसे प्रभावशाली माने जाने वाले मालवा क्षेत्र से आते हैं। यह इलाका राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि राज्य की 117 विधानसभा सीटों में से 69 सीटें इसी क्षेत्र में आती हैं।

भाजपा लंबे समय से मालवा बेल्ट में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। माना जाता है कि पंजाब में सरकार बनाने के लिए इस क्षेत्र में मजबूत प्रदर्शन बेहद जरूरी होता है।

ढिल्लों का राजनीतिक प्रभाव संगरूर इलाके में भी माना जाता है, जो वर्तमान मुख्यमंत्री Bhagwant Mann का भी गृह क्षेत्र है।

कारोबारी और किसान दोनों पहचान

केवल सिंह ढिल्लों की पहचान सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं है। वह बड़े उद्योगपति होने के साथ-साथ किसान भी हैं। उन्होंने ढिल्लों समूह के जरिए पेय पदार्थों का बड़ा कारोबार खड़ा किया और बाद में कई अन्य क्षेत्रों में भी विस्तार किया।

यह भी पढ़े: ‘पीड़ा, दमन और अपमान…’ महिला नेता की पिटाई पर पंकज चौधरी ने PDA को दिया नया नाम

बताया जाता है कि 1980 के दशक में पंजाब में उग्रवाद के दौर के दौरान उन्होंने राज्य में पेप्सिको जैसी बड़ी कंपनी को निवेश के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए थे

ढिल्लों बरनाला विधानसभा सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने 2007 और 2012 में कांग्रेस के टिकट पर जीत दर्ज की थी। हालांकि, 2022 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने उन्हें टिकट नहीं दिया, जिसके बाद उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें पार्टी की प्रदेश इकाई का उपाध्यक्ष भी बनाया गया था।

सुनील जाखड़ की जगह मिली जिम्मेदारी

ढिल्लों ने Sunil Jakhar का स्थान लिया है, जिन्हें जुलाई 2023 में पंजाब भाजपा अध्यक्ष बनाया गया था। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा के भीतर लंबे समय से किसी सिख चेहरे को प्रदेश नेतृत्व देने की मांग उठ रही थी। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि भाजपा महासचिव Tarun Chugh समेत कई वरिष्ठ नेताओं का समर्थन केवल सिंह ढिल्लों को प्राप्त था।

पंजाब की राजनीति में अहम माना जा रहा फैसला

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा का यह कदम पंजाब में सिख और किसान समुदाय के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है। पार्टी फिलहाल विधानसभा में केवल दो सीटों तक सीमित है, ऐसे में आगामी चुनाव उसके लिए बड़ी चुनौती माने जा रहे हैं।

मालवा क्षेत्र में मजबूत चेहरा सामने लाकर भाजपा राज्य की राजनीति में नई जमीन तैयार करने की कोशिश कर रही है।

‘पीड़ा, दमन और अपमान…’ महिला नेता की पिटाई पर पंकज चौधरी ने PDA को दिया नया नाम

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के जनपद चंदौली में समाजवादी पार्टी की महिला सभा जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल के साथ कथित मारपीट का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर यूपी बीजेपी अध्यक्ष Pankaj Chaudhary ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है।

उन्होंने समाजवादी पार्टी के PDA नारे पर तंज कसते हुए कहा कि इसका नया मतलब “पीड़ा, दमन और अपमान” हो गया है।

‘महिला सम्मान सिर्फ मंचों तक सीमित’

पंकज चौधरी ने कहा कि जिस पार्टी के मंचों से महिला सम्मान और सामाजिक न्याय की बातें की जाती हैं, उसी पार्टी की महिला पदाधिकारी के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि चंदौली में सपा की महिला जिलाध्यक्ष के साथ उनके ही घर में मारपीट हुई, जो पार्टी के वास्तविक चरित्र को दर्शाता है। बीजेपी नेता ने कहा कि “महिला सम्मान” का मॉडल केवल पोस्टरों और भाषणों तक सीमित है।

ओम प्रकाश राजभर ने भी साधा निशाना

योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और Om Prakash Rajbhar ने भी इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी को घेरा।उन्होंने आरोप लगाया कि सपा में पिछड़ा वर्ग, कुर्मी और प्रजापति समाज सुरक्षित नहीं है। साथ ही पार्टी पर “यादववादी राजनीति” करने और गैर-यादव पिछड़ों व दलितों की अनदेखी करने के आरोप लगाए।

राजभर ने महाभारत के द्रौपदी चीरहरण प्रसंग का जिक्र करते हुए कहा कि सपा नेतृत्व “मौन दर्शक” बना हुआ है।

क्या है पूरा मामला?

मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मढ़िया गांव में समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष Gargi Patel के साथ कथित मारपीट का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है।

वायरल फुटेज में कुछ लोग उन्हें बाल पकड़कर घसीटते और पीटते दिखाई दे रहे हैं। बीच-बचाव करने आई एक महिला पर भी हमला किए जाने का आरोप है। वीडियो में अफरा-तफरी का माहौल नजर आ रहा है।

जमीन विवाद को लेकर हमला करने का आरोप

गार्गी पटेल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से जमीन के कारोबार से जुड़ी हैं और इसी विवाद को लेकर कुछ लोग गुरुवार सुबह उनके घर में घुस आए।

यह भी पढ़े : ‘देश के विकास का रास्ता गांव, खेत व खलिहानों से होकर जाता है’: चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर बोले सीएम योगी

उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की कोशिश की। यहां तक कि सिर पर टेबल मारने का भी आरोप लगाया गया है।

पुलिस जांच में जुटी

सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और तहरीर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक समाजवादी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

‘देश के विकास का रास्ता गांव, खेत व खलिहानों से होकर जाता है’: चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर बोले सीएम योगी

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री ‘भारत रत्न’ चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम योगी ने विधान भवन स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पार्चन किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत मां का महान सपूत और किसानों का मसीहा बताया।

चौधरी साहब को जाता है कृषि, राजस्व के क्षेत्र में अनेक रिफॉर्म का श्रेय

मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का जन्म 23 दिसंबर 1902 को उत्तर प्रदेश में हुआ था। वह देश के स्वाधीनता आंदोलन से जुड़े थे। देश में कृषि, राजस्व के क्षेत्र में तमाम रिफॉर्म का श्रेय उन्हें जाता है। उनका स्पष्ट मत था कि देश के विकास का रास्ता गांव, खेत व खलिहालों से होकर जाता है।

सरकार की प्राथमिकता का हिस्सा होना चाहिए किसान

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान विकास के एजेंडे और सरकार की प्राथमिकता का हिस्सा होना चाहिए। शासन की योजनाएं किसानों को ध्यान में रखकर तैयार की जानी चाहिए। चौधरी चरण सिंह द्वारा देशहित में किए गए कार्यों को ध्यान में रखते हुए उन्हें भारत रत्न की उपाधि से भी सम्मानित किया गया।

यह भी पढ़े: सुप्रेलोरिन इम्प्लांट: नर कुत्तों के लिए बिना सर्जरी नसबंदी का आधुनिक और रिवर्सिबल विकल्प

किसानों के हित से जुड़े अनेक कार्यक्रम चला रही उत्तर प्रदेश सरकार

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार चौधरी चरण सिंह की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के लिए किसानों के हित से जुड़े अनेक कार्यक्रम चला रही है। इसमें लखनऊ में चौधरी चरण सिंह सीड पार्क का निर्माण भी महत्वपूर्ण है। देश के प्रमुख राजनेता होने के साथ ही उन्होंने देश और समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया था। 29 मई 1987 को उनका देहावसान हुआ।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, राज्यमंत्री केपी मलिक, महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद ब्रजलाल, विधायक नीरज बोरा, अमरेश कुमार, विधान परिषद सदस्य लालजी प्रसाद निर्मल, रामचंद्र प्रधान, उमेश द्विवेदी आदि मौजूद रहे।

सुप्रेलोरिन इम्प्लांट: नर कुत्तों के लिए बिना सर्जरी नसबंदी का आधुनिक और रिवर्सिबल विकल्प

न्यूज़ डेस्क /सर्वोदय न्यूज़: नर कुत्तों में प्रजनन नियंत्रण के लिए अब पारंपरिक सर्जिकल नसबंदी (कैस्ट्रेशन) के अलावा आधुनिक विकल्प भी उपलब्ध हैं। इन्हीं में से एक है सुप्रेलोरिन इम्प्लांट (Deslorelin Acetate), जिसे अस्थायी और रिवर्सिबल नसबंदी का सुरक्षित तरीका माना जाता है।

यह प्रक्रिया सर्जरी की तुलना में कम इनवेसिव होती है, क्योंकि इसमें ऑपरेशन या जनरल एनेस्थीसिया की आवश्यकता नहीं पड़ती। यही कारण है कि कई पालतू पशु मालिक इसे स्थायी नसबंदी से पहले “ट्रायल विकल्प” के रूप में भी चुन रहे हैं।

Dr. Hemant Tiwari एवं Dr. Priyanka Tiwari सुप्रेलोरिन इम्प्लांट (Deslorelin Acetate) में पूरी जानकारी दी गई | जाने क्या कुछ कहा –

क्या है सुप्रेलोरिन इम्प्लांट?

सुप्रेलोरिन इम्प्लांट एक छोटे माइक्रोचिप जैसे डिवाइस के रूप में त्वचा के नीचे लगाया जाता है। यह धीरे-धीरे दवा रिलीज करके शरीर के हार्मोन सिस्टम को प्रभावित करता है और टेस्टोस्टेरोन व स्पर्म उत्पादन को नियंत्रित करता है।

पूरी प्रक्रिया कुछ ही मिनटों में पूरी हो जाती है और अधिकांश कुत्तों के लिए आरामदायक मानी जाती है।

इम्प्लांट लगाने की प्रक्रिया

1. तैयारी

सबसे पहले वेटरिनरी डॉक्टर इम्प्लांटर डिवाइस को तैयार करते हैं और उसकी सुरक्षा कैप हटाकर एक्टिवेटर को सही तरीके से सेट किया जाता है।

2. सही स्थान का चयन

इम्प्लांट सामान्यतः गर्दन के पीछे या कंधों के बीच की ढीली त्वचा में लगाया जाता है। यह स्थान सुरक्षित और सुविधाजनक माना जाता है।

3. इम्प्लांट डालना

डॉक्टर त्वचा को हल्का ऊपर उठाकर सुई की मदद से इम्प्लांट को त्वचा के नीचे स्थापित करते हैं।

4. इम्प्लांट रिलीज करना

प्लंजर दबाकर इम्प्लांट को छोड़ दिया जाता है और धीरे-धीरे सुई बाहर निकाली जाती है।

5. अंतिम देखभाल

प्रक्रिया के बाद कुछ सेकंड तक हल्का दबाव दिया जाता है ताकि ब्लीडिंग कम हो और इम्प्लांट सही स्थिति में बना रहे।

सुप्रेलोरिन कैसे काम करता है?

यह इम्प्लांट हार्मोनल सिस्टम को नियंत्रित करके प्रजनन क्षमता को अस्थायी रूप से कम करता है।

शुरुआती हार्मोनल बढ़ोतरी

इम्प्लांट लगाने के शुरुआती कुछ हफ्तों में टेस्टोस्टेरोन स्तर अस्थायी रूप से बढ़ सकता है। इस दौरान कुछ कुत्तों में यौन व्यवहार बढ़ा हुआ दिखाई दे सकता है।

बाद में हार्मोन दमन

लगातार दवा के प्रभाव से हार्मोन रिसेप्टर्स निष्क्रिय होने लगते हैं, जिससे टेस्टोस्टेरोन और स्पर्म उत्पादन काफी कम हो जाता है।

असर दिखने में कितना समय लगता है?

अधिकतर मामलों में 4 से 6 सप्ताह के भीतर इसका पूरा प्रभाव दिखाई देने लगता है।

उपलब्ध डोज और प्रभाव अवधि

  • 4.7 mg इम्प्लांट — लगभग 6 महीने तक प्रभावी
  • 9.4 mg इम्प्लांट — लगभग 12 महीने या उससे अधिक समय तक प्रभावी

हालांकि, हर कुत्ते में प्रभाव की अवधि अलग-अलग हो सकती है।

सुप्रेलोरिन इम्प्लांट के फायदे

रिवर्सिबल विकल्प

इसका सबसे बड़ा लाभ यह है कि इसका असर स्थायी नहीं होता। दवा का प्रभाव समाप्त होने के बाद सामान्य हार्मोन और प्रजनन क्षमता धीरे-धीरे वापस आ सकती है।

यह भी पढ़े: सिपाही बनने पर जश्न और जुलूस, आगे-आगे बाइकों का रेला, पीछे गाड़ियों का काफिला, देखिए VIDEO

बिना सर्जरी का समाधान

जिन कुत्तों में सर्जरी का जोखिम अधिक हो या जिन मालिकों को ऑपरेशन से बचना हो, उनके लिए यह बेहतर विकल्प साबित हो सकता है।

व्यवहार में बदलाव का परीक्षण

कई वेटरिनरी विशेषज्ञ इसे “ट्रायल कैस्ट्रेशन” के रूप में इस्तेमाल करते हैं ताकि यह देखा जा सके कि टेस्टोस्टेरोन कम होने से आक्रामकता, माउंटिंग या भटकने जैसी आदतों में सुधार आता है या नहीं।

निष्कर्ष

सुप्रेलोरिन इम्प्लांट नर कुत्तों के लिए एक सुरक्षित, सुविधाजनक और अस्थायी नसबंदी विकल्प बनकर उभरा है। इसकी सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि यह रिवर्सिबल है और बिना सर्जरी के लगाया जा सकता है।

हालांकि, किसी भी निर्णय से पहले अनुभवी वेटरिनरी डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है ताकि कुत्ते की उम्र, स्वास्थ्य और व्यवहार के अनुसार सही विकल्प चुना जा सके।

सिपाही बनने पर जश्न और जुलूस, आगे-आगे बाइकों का रेला, पीछे गाड़ियों का काफिला, देखिए VIDEO

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के आगरा और फिरोजाबाद में एक नए सिपाही के स्वागत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आमतौर पर नेताओं या बड़े पदाधिकारियों के स्वागत में दिखने वाला भव्य जुलूस इस बार एक पुलिसकर्मी के सम्मान में देखने को मिला। नौकरी ज्वाइन करने के बाद पहली बार घर पहुंचे युवक का जोरदार स्वागत किया गया।

बताया जा रहा है कि फिरोजाबाद के मिश्री का पुरा निवासी अजय कुमार निषाद पुलिस विभाग में रेडियो ऑपरेटर बने हैं। ट्रेनिंग और ज्वाइनिंग पूरी करने के बाद जब वह अपने घर लौटे तो फतेहाबाद से फिरोजाबाद तक उनका भव्य स्वागत जुलूस निकाला गया।

कार की रूफ टॉप पर खड़े दिखे सिपाही

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सिपाही कार की रूफ टॉप से आधा शरीर बाहर निकालकर लोगों का अभिवादन कर रहे हैं। उनके गले में फूल मालाएं डली हुई हैं। आगे बड़ी संख्या में बाइक सवार युवक चल रहे हैं, जबकि पीछे कई गाड़ियों का लंबा काफिला दिखाई दे रहा है।

जुलूस के दौरान समर्थक नारेबाजी करते नजर आए। कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाते और सोशल media पर लाइव करते भी दिखे। बाद में इन वीडियो को रील्स के रूप में शेयर किया गया, जिनमें फिल्मी गाने भी लगाए गए।

सोशल मीडिया पर उठे सवाल

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या पुलिसकर्मी का इस तरह वर्दी में वीडियो बनवाना नियमों के खिलाफ नहीं है। कई यूजर्स ने यूपी पुलिस की सोशल मीडिया पॉलिसी और सड़क पर पेट्रोल की बर्बादी को लेकर भी सवाल उठाए हैं।

कुछ लोगों का कहना है कि खुशी मनाना गलत नहीं है, लेकिन सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह का शक्ति प्रदर्शन और लंबा काफिला चर्चा का विषय बन गया है।

पहले भी हुई थी कार्रवाई

हाल ही में आगरा में वर्दी पहनकर रील बनाने के मामले में सात दरोगा समेत आठ पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया था। ऐसे में अब लोग पूछ रहे हैं कि क्या इस मामले में भी कोई कार्रवाई होगी।

फिलहाल फतेहाबाद और फिरोजाबाद क्षेत्र में यह स्वागत जुलूस चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

Aaj Ka Rashifal 29 May 2026: कई राशियों के लिए भाग्यशाली दिन, बढ़ेगी भव्यता और पास आएगा धन

Aaj Ka Rashifal 29 May 2026, शुक्रवार का दिन ग्रह-नक्षत्रों की चाल के अनुसार कई राशियों के लिए शुभ संकेत लेकर आया है। आज कुछ लोगों को करियर और कारोबार में सफलता मिलेगी, तो कुछ को धन लाभ और नए अवसर प्राप्त होंगे। आइए जानते हैं सभी 12 राशियों का दैनिक राशिफल।

मेष राशि

आज आपका आत्मविश्वास बढ़ा रहेगा। नौकरी और व्यापार में नए अवसर मिल सकते हैं। परिवार का सहयोग मिलेगा। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। किसी पुराने मित्र से मुलाकात संभव है।
शुभ रंग: लाल
शुभ अंक: 9

वृषभ राशि

आज का दिन आर्थिक मामलों में लाभदायक रहेगा। निवेश से फायदा हो सकता है। कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत की सराहना होगी। जीवनसाथी के साथ संबंध मधुर रहेंगे।
शुभ रंग: सफेद
शुभ अंक: 6

मिथुन राशि

आज भाग्य आपका साथ देगा। रुके हुए कार्य पूरे हो सकते हैं। छात्रों के लिए दिन अच्छा रहेगा। यात्रा के योग बन रहे हैं। स्वास्थ्य का ध्यान रखें।
शुभ रंग: हरा
शुभ अंक: 5

कर्क राशि

आज भावनाओं में बहकर कोई बड़ा फैसला न लें। नौकरी में नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। धन संबंधी मामलों में सावधानी बरतें। परिवार में खुशहाली बनी रहेगी।
शुभ रंग: सिल्वर
शुभ अंक: 2

सिंह राशि

आज आपका प्रभाव और सम्मान बढ़ेगा। बिजनेस में लाभ के संकेत हैं। लंबे समय से रुका धन वापस मिल सकता है। सामाजिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी।
शुभ रंग: सुनहरा
शुभ अंक: 1

कन्या राशि

आज मेहनत का पूरा फल मिलेगा। ऑफिस में अधिकारियों का सहयोग प्राप्त होगा। आर्थिक मामलों में सुधार होगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।
शुभ रंग: नीला
शुभ अंक: 7

तुला राशि

आज का दिन प्रेम संबंधों के लिए अच्छा रहेगा। करियर में नई उपलब्धि मिल सकती है। खर्चों पर नियंत्रण रखें। परिवार के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा।
शुभ रंग: गुलाबी
शुभ अंक: 6

वृश्चिक राशि

आज आत्मविश्वास से भरे रहेंगे। व्यापार में विस्तार के योग हैं। अचानक धन लाभ हो सकता है। किसी शुभ समाचार से मन प्रसन्न रहेगा।
शुभ रंग: मरून
शुभ अंक: 8

धनु राशि

आज यात्रा के योग बन रहे हैं। नौकरी में तरक्की के संकेत हैं। विद्यार्थियों के लिए दिन सकारात्मक रहेगा। परिवार में धार्मिक आयोजन हो सकता है।
शुभ रंग: पीला
शुभ अंक: 3

मकर राशि

आज आपको मेहनत का अच्छा परिणाम मिलेगा। आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर होगी। रिश्तों में मधुरता आएगी। किसी महत्वपूर्ण कार्य में सफलता मिल सकती है।
शुभ रंग: ग्रे
शुभ अंक: 10

कुंभ राशि

आज रचनात्मक कार्यों में सफलता मिलेगी। व्यापार में नए संपर्क लाभ देंगे। दोस्तों के साथ अच्छा समय बीतेगा। स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही न करें।
शुभ रंग: आसमानी
शुभ अंक: 4

मीन राशि

आज का दिन सकारात्मक रहेगा। अचानक धन लाभ के योग बन सकते हैं। परिवार में खुशियों का माहौल रहेगा। नई योजनाओं पर काम शुरू कर सकते हैं।
शुभ रंग: बैंगनी
शुभ अंक: 12

IRCTC की इस ट्रिक चुटकियों में बुक कर पाएंगे कंफर्म तत्काल टिकट,एजेंट पर निर्भरता होगी खत्म

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- भारतीय रेलवे में कंफर्म टिकट हासिल करना अक्सर यात्रियों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। खासतौर पर त्योहारों, गर्मियों की छुट्टियों या लंबी वीकेंड यात्रा के दौरान तत्काल टिकट कुछ ही सेकेंड में खत्म हो जाते हैं। ऐसे में कई लोग मजबूरी में एजेंटों का सहारा लेते हैं और अतिरिक्त पैसे खर्च करने पड़ते हैं। हालांकि, IRCTC का एक खास फीचर आपकी टिकट बुकिंग को पहले से कहीं ज्यादा तेज और आसान बना सकता है।

दरअसल, टिकट बुकिंग के दौरान सबसे ज्यादा समय यात्रियों की जानकारी भरने में खर्च होता है। कई बार जब तक नाम, उम्र और आईडी डिटेल्स दर्ज की जाती हैं, तब तक सीटें वेटिंग में पहुंच जाती हैं। इसी परेशानी को दूर करने के लिए IRCTC ने ‘मास्टर लिस्ट’ फीचर दिया है, जो तत्काल टिकट बुकिंग के समय काफी मददगार साबित हो सकता है।

क्या है IRCTC का मास्टर लिस्ट फीचर?

IRCTC का ‘मास्टर लिस्ट’ फीचर यात्रियों की जानकारी पहले से सेव करने की सुविधा देता है। इसमें यूजर अपने परिवार, दोस्तों या खुद की डिटेल्स पहले ही दर्ज कर सकते हैं। इसमें नाम, उम्र, जेंडर, बर्थ प्रेफरेंस और पहचान पत्र से जुड़ी जानकारी सेव की जाती है।

जब तत्काल टिकट बुकिंग शुरू होती है, तब यात्रियों की डिटेल्स दोबारा टाइप करने की जरूरत नहीं पड़ती। यूजर सिर्फ सेव किए गए नामों को चुनकर आगे बढ़ सकता है, जिससे टिकट बुकिंग की प्रक्रिया काफी तेज हो जाती है।

ऐसे तैयार करें अपनी मास्टर लिस्ट

1. IRCTC ऐप या वेबसाइट पर लॉगिन करें

सबसे पहले IRCTC Rail Connect ऐप या आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और अपने यूजर आईडी व पासवर्ड से लॉगिन करें।

2. My Account सेक्शन खोलें

होम पेज या मेन्यू में मौजूद ‘My Account’ विकल्प पर क्लिक करें।

3. My Master List पर जाएं

यहां आपको ‘My Master List’ का ऑप्शन दिखाई देगा। उस पर क्लिक करें।

4. यात्री की जानकारी जोड़ें

‘Add Passenger’ विकल्प चुनें और यात्री का नाम, जन्मतिथि, जेंडर, बर्थ पसंद जैसी जानकारी भरें।

5. पहचान पत्र की डिटेल्स दर्ज करें

आधार कार्ड, पैन कार्ड या अन्य वैध आईडी की जानकारी भरकर सबमिट कर दें।

बुकिंग के समय कैसे करेगा मदद?

मास्टर लिस्ट तैयार होने के बाद टिकट बुकिंग के दौरान आपको सिर्फ ‘Select from Master List’ विकल्प चुनना होगा। इसके बाद सेव किए गए यात्रियों की जानकारी अपने आप भर जाएगी और आप सीधे पेमेंट पेज पर पहुंच जाएंगे।

इस तरीके से समय की बचत होती है और तत्काल टिकट कंफर्म होने की संभावना भी बढ़ जाती है। खासकर उन लोगों के लिए यह फीचर बेहद उपयोगी है जो अक्सर ट्रेन से यात्रा करते हैं।

भाजपा ने चार राज्यों में बदले प्रदेश अध्यक्ष, दिल्ली से पंजाब तक इन चेहरों को जिम्मेदारी

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:-  भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने गुरुवार को संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति का ऐलान किया। पार्टी नेतृत्व ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और त्रिपुरा में नए चेहरों को कमान सौंपकर आगामी चुनावों और संगठनात्मक मजबूती पर फोकस किया है। इन नियुक्तियों के जरिए भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर भी संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की तैयारी में जुटी दिखाई दे रही है।

दिल्ली में हर्ष मल्होत्रा को मिली जिम्मेदारी

केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। वे वीरेंद्र सचदेवा की जगह लेंगे। वर्तमान में हर्ष मल्होत्रा केंद्र सरकार में कॉर्पोरेट कार्य और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में राज्य मंत्री के तौर पर कार्य कर रहे हैं।

पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से सांसद चुने गए मल्होत्रा लंबे समय से संगठन और स्थानीय राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वे पार्षद और पूर्वी दिल्ली नगर निगम (EDMC) के मेयर भी रह चुके हैं। भाजपा नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके अनुभव से राजधानी में पार्टी को नई मजबूती मिलेगी।

हरियाणा में डॉ. अर्चना गुप्ता बनीं प्रदेश अध्यक्ष

भाजपा ने हरियाणा में बड़ा बदलाव करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्होंने मोहन लाल बडौली की जगह ली है। अर्चना गुप्ता इससे पहले पानीपत जिले की अध्यक्ष के रूप में काम कर चुकी हैं।

संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने वाली अर्चना गुप्ता को महिला नेतृत्व और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए यह जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी उन्हें राज्य में महिलाओं और नए वोटरों को जोड़ने वाले चेहरे के रूप में देख रही है।

पंजाब में केवल सिंह ढिल्लों पर भाजपा का भरोसा

पंजाब भाजपा की कमान पूर्व विधायक केवल सिंह ढिल्लों को सौंपी गई है। उन्होंने सुनील जाखड़ की जगह ली है, जिनका कार्यकाल पूरा हो चुका था।

केवल सिंह ढिल्लों 2007 से 2017 तक बरनाला से विधायक रह चुके हैं। वे पहले कांग्रेस में थे और बाद में 2022 में भाजपा में शामिल हुए थे। मालवा क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ और सिख समुदाय में प्रभाव को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी दी है।

त्रिपुरा में युवा चेहरे अभिषेक देबरॉय को मौका

पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा में भाजपा ने युवा विधायक अभिषेक देबरॉय को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। उन्होंने राजीव भट्टाचार्जी की जगह ली है।

यह भी पढ़े: ईरान-अमेरिका तनाव फिर बढ़ा? ईरान ने अमेरिकी हमले का लिया बदला, US एयरबेस पर ताबड़तोड़ अटैक

40 वर्षीय अभिषेक देबरॉय गोमती जिले की माताबाड़ी विधानसभा सीट से विधायक हैं। वे 2023 के विधानसभा चुनाव में पहली बार विधायक बने थे। युवा नेतृत्व और संगठन में सक्रिय भागीदारी के चलते पार्टी ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

संगठन में नए समीकरण साधने की कोशिश

भाजपा के इस संगठनात्मक बदलाव को आगामी चुनावों और राज्यों में राजनीतिक संतुलन बनाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी ने अलग-अलग राज्यों में सामाजिक, क्षेत्रीय और युवा नेतृत्व को प्राथमिकता देते हुए नए चेहरों पर भरोसा जताया है।