Home Blog Page 243

IB Recruitment 2025: इंटेलिजेंस ब्यूरो में 455 पदों पर भर्ती शुरू, 10वीं पास करें आवेदन |

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- गृह मंत्रालय के इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है। IB ने सिक्योरिटी असिस्टेंट (मोटर ट्रांसपोर्ट) के 455 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन 6 सितंबर से शुरू हो चुके हैं और आवेदन की अंतिम तिथि 28 सितंबर 2025 है।

इच्छुक और पात्र उम्मीदवार mha.gov.in पर जाकर या नीचे दिए गए डायरेक्ट लिंक से आवेदन कर सकते हैं।

रिक्तियों का वर्गवार विवरण (कुल: 455 पद)

  • जनरल (UR) – 219 पद
  • ओबीसी (NCL) – 90 पद
  • SC – 51 पद
  • ST – 49 पद
  • EWS – 46 पद

राज्यवार वैकेंसी लिस्ट (कुछ प्रमुख शहरों सहित)

शहर/राज्य पद संख्या
दिल्ली (मुख्यालय) 127
श्रीनगर 20
ईटानगर 19
कोलकाता 15
मुंबई 15
पटना 13
जम्मू 13
चंडीगढ़ 12
लखनऊ 7
अन्य शहर शेष

राज्यवार पूरी लिस्ट ऊपर दी गई है।

योग्यता (Eligibility Criteria)

  • शैक्षणिक योग्यता: 10वीं पास
  • ड्राइविंग योग्यता: वैध LMV ड्राइविंग लाइसेंस और 1 वर्ष का ड्राइविंग अनुभव आवश्यक।

आयु सीमा

  • न्यूनतम उम्र: 18 वर्ष
  • अधिकतम उम्र: 27 वर्ष
    (आयु की गणना 28 सितंबर 2025 से की जाएगी)
  • आरक्षण के अनुसार छूट:
  • SC/ST: 5 वर्ष
  • OBC: 3 वर्ष

वेतनमान (Salary)

₹21,700 से ₹69,100 प्रति माह (लेवल-3 पे स्केल, 7th CPC के अनुसार)

चयन प्रक्रिया (Selection Process)

1. टियर 1 परीक्षा (100 अंक):

  • कुल 5 सेक्शन, प्रत्येक से 20 प्रश्न
  • जनरल अवेयरनेस
  • बेसिक ट्रांसपोर्ट ड्राइविंग रूल्स
  • क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड
  • लॉजिकल/एनालिटिकल रीजनिंग
  • इंग्लिश लैंग्वेज
  • नेगेटिव मार्किंग: प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.25 अंक कटौती
  • परीक्षा अवधि: 1 घंटा

2. टियर 2 परीक्षा (50 अंक):

  • मोटर मैकेनिज्म और ड्राइविंग से संबंधित प्रश्न
  • ड्राइविंग स्किल टेस्ट भी लिया जा सकता है

आवेदन शुल्क (Application Fee)

  • जनरल / OBC / EWS: ₹650
  • SC / ST / महिला / एक्स-सर्विसमैन: ₹550

महत्वपूर्ण तिथियाँ

  • आवेदन शुरू: 6 सितंबर 2025
  • आवेदन की अंतिम तिथि: 28 सितंबर 2025
  • फीस भुगतान अंतिम तिथि: 16 सितंबर 2025

Direct Apply Link:

IB Recruitment 2025 – Apply Online (mha.gov.in)

क्रिकेट के बाद अब बॉलीवुड में दिखेगा धोनी का एक्शन अवतार, ‘द चेज़’ मूवी का टीज़र लॉन्च

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) अब सिल्वर स्क्रीन पर अपना जलवा बिखेरते नजर आएंगे। क्रिकेट से संन्यास के बाद अब धोनी बॉलीवुड में एक्शन अवतार में दिखाई देंगे। आर. माधवन स्टारर फिल्म ‘द चेज़’ का टीज़र रविवार को लॉन्च हुआ, जिसमें धोनी एक टास्क फोर्स ऑफिसर की भूमिका निभा रहे हैं।

इस फिल्म का निर्देशन वासन बाला ने किया है, जो इससे पहले भी कई नवाचारी प्रोजेक्ट्स के लिए जाने जाते हैं। फिल्म का टीज़र सामने आते ही सोशल मीडिया पर तहलका मच गया है और फैंस इसे धोनी का बॉलीवुड डेब्यू बता रहे हैं।

टीज़र में कैसा है धोनी का लुक?

टीज़र में धोनी और माधवन दोनों ब्लैक आउटफिट में बुलेटप्रूफ जैकेट और काले चश्मे पहने नजर आ रहे हैं। दोनों एक खतरनाक मिशन पर निकले हुए हैं। धोनी को इस तरह पहली बार एक्शन मोड में देखना उनके फैंस के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं है।

क्रिकेट के मैदान से हॉल ऑफ फेम तक का सफर

धोनी को हाल ही में आईसीसी हॉल ऑफ फेम 2025 में शामिल किया गया है। वह यह सम्मान पाने वाले 11वें भारतीय क्रिकेटर हैं। उन्होंने भारत को:

  • 2007 में टी20 विश्व कप
  • 2011 में वनडे विश्व कप
  • 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी

जिताने में अहम भूमिका निभाई। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम टेस्ट रैंकिंग में भी 18 महीनों तक नंबर-1 रही।

आईसीसी द्वारा जारी बयान में धोनी ने कहा,“हॉल ऑफ फेम में शामिल होना मेरे लिए सम्मान की बात है। यह एक ऐसा एहसास है जिसे मैं जिंदगीभर संजोकर रखूंगा।”

क्या बॉलीवुड में धोनी का पूरा करियर शुरू हो सकता है?

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या धोनी इस फिल्म के बाद बॉलीवुड में और भी प्रोजेक्ट्स करते हैं या यह एक सिंगल स्पेशल अपीयरेंस है। फिलहाल फैंस उन्हें एक नए अवतार में देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं।

बिना गारंटी ₹20 लाख तक का लोन: PM मोदी सरकार ने छोटे कारोबारियों को दी बड़ी सौगात

नई दिल्ली/सर्वोदय न्यूज़:- छोटे व्यापारियों, स्वरोजगार से जुड़े लोगों और मिडिल क्लास उद्यमियों के लिए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) के तहत बड़ी राहत दी है। अब इस योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को बिना किसी जमानत के ₹20 लाख तक का लोन मिल सकेगा।

2015 में शुरू की गई प्रधानमंत्री मुद्रा योजना का उद्देश्य देश के छोटे कारोबारियों को सशक्त बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। सरकार का दावा है कि यह योजना अब तक करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सहायक रही है।

मुद्रा लोन की कैटेगरीज में हुआ विस्तार

मुद्रा योजना के अंतर्गत लोन को तीन श्रेणियों में बांटा गया था, जिसे अब एक नई कैटेगरी के साथ और विस्तारित कर दिया गया है:

  • शिशु (Shishu): ₹50,000 तक का लोन – छोटे व्यवसाय की शुरुआत के लिए।
  • किशोर (Kishor): ₹50,000 से ₹5 लाख तक – व्यवसाय के विस्तार के लिए।
  • तरुण (Tarun): ₹5 लाख से ₹10 लाख तक – मंझले स्तर के व्यवसाय के लिए।
  • तरुण प्लस (Tarun Plus): ₹10 लाख से ₹20 लाख तक – सफल व्यवसायियों के लिए जो अपने कारोबार को और आगे ले जाना चाहते हैं।

किन्हें मिलेगा फायदा?

सरकार द्वारा किए गए संशोधन के अनुसार, वे उधारकर्ता जिन्होंने पहले ‘तरुण’ श्रेणी के अंतर्गत लिया गया लोन सफलतापूर्वक चुका दिया है, वे अब ‘तरुण प्लस’ श्रेणी में ₹20 लाख तक का लोन लेने के पात्र होंगे। इस निर्णय से ऐसे व्यापारियों को अपने व्यवसाय को और अधिक विस्तार देने में मदद मिलेगी।

ब्याज दर और गारंटी की स्थिति

मुद्रा योजना के तहत लोन पर ब्याज दर फिक्स नहीं होती। यह संबंधित बैंक, उधारकर्ता की क्रेडिट हिस्ट्री और व्यापार के जोखिम स्तर पर निर्भर करती है।
हालांकि, महिलाओं के लिए विशेष रियायत दी जाती है। कई बैंक महिला उद्यमियों को 0.25% से 0.50% तक ब्याज दर में छूट भी देते हैं।

गारंटी की जरूरत नहीं होती, क्योंकि लोन क्रेडिट गारंटी फंड फॉर माइक्रो यूनिट्स (CGFMU) के तहत सुरक्षित होता है। इससे उधारकर्ता को बिना कोलेटरल लोन प्राप्त होता है।

कैसे करें आवेदन?

लोन के लिए आवेदन प्रक्रिया बेहद सरल है:

  • कहां करें आवेदन?
    आवेदन सरकारी बैंक शाखाएं, ग्रामीण बैंक, NBFCs, MFIs के माध्यम से किया जा सकता है।

  • जरूरी दस्तावेज़:
    आधार कार्ड, पैन कार्ड, व्यवसाय का विवरण और नई यूनिट के लिए प्रोजेक्ट रिपोर्ट आवश्यक है।

  • लोन प्रोसेसिंग:
    कुछ बैंक मामूली प्रोसेसिंग फीस ले सकते हैं, जो कई मामलों में माफ भी की जाती है।

सरकार का दावा: 13.5 करोड़ लोगों को मिला लाभ

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना ने अब तक 13.5 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालकर ‘नए मिडिल क्लास’ में शामिल करने में मदद की है। इससे न केवल छोटे उद्योगों को बढ़ावा मिला है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी उत्पन्न हुए हैं।

कार्यशाला में दिखा पीएम मोदी का सादगी भरा अंदाज़, सबसे पीछे बैठे नजर आए प्रधानमंत्री

नई दिल्ली/सर्वोदय न्यूज़:- संसद भवन परिसर में रविवार से शुरू हुई भाजपा सांसदों की दो दिवसीय कार्यशाला का आरंभ एक खास दृश्य के साथ हुआ, जिसने सबका ध्यान खींचा। इस अहम बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक साधारण सांसद की तरह सबसे पीछे की पंक्ति में बैठकर सबको चौंका दिया। सोशल मीडिया पर अब उनकी यह तस्वीर वायरल हो रही है, जिसे लोग प्रधानमंत्री की विनम्रता और कार्यकर्ता भावना का प्रतीक बता रहे हैं।

भाजपा सांसद रवि किशन ने इस तस्वीर को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा करते हुए लिखा, “सांसदों की कार्यशाला में आखिरी पंक्ति में बैठे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। यही है भाजपा की ताकत। यहां हर कोई कार्यकर्ता है।”

GST सुधारों पर मिली बधाई

कार्यशाला की शुरुआत में सांसदों ने प्रधानमंत्री को जीएसटी में ऐतिहासिक सुधारों के लिए बधाई दी। इस दौरान वरिष्ठ नेता जगदंबिका पाल ने कहा कि पीएम मोदी ने ऐसा साहसिक कदम उठाया है जो अंतरराष्ट्रीय टैक्स व्यवस्था के दबावों का सार्थक विकल्प साबित हुआ है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “जो कभी जीएसटी को ‘गब्बर सिंह टैक्स’ कहता था, वही अब इसका श्रेय लेने की होड़ में लगा है। लेकिन देश सच्चाई को जानता है।”

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य

यह दो दिवसीय कार्यशाला भाजपा सांसदों के लिए विधायी कौशल, प्रभावी शासन रणनीतियों और राजनीतिक संप्रेषण पर केंद्रित है। इसमें सांसदों को नीतियों को बेहतर ढंग से समझने और विपक्ष का जवाब देने के तरीकों पर मार्गदर्शन दिया जा रहा है। रविवार को पूरे दिन चले सत्र के बाद सोमवार को भी तीन घंटे का प्रशिक्षण सत्र निर्धारित है।

9 सितंबर को उपराष्ट्रपति चुनाव

गौरतलब है कि देश का अगला उपराष्ट्रपति चुनने के लिए मतदान 9 सितंबर को होगा। इस चुनाव में एनडीए की ओर से सीपी राधाकृष्णन और विपक्ष की ओर से पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी मैदान में हैं। संख्या बल को देखते हुए राधाकृष्णन की जीत लगभग तय मानी जा रही है।

चुनाव से एक दिन पहले, सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा और सहयोगी दलों के सांसदों के लिए एक विशेष रात्रिभोज का आयोजन भी रखा है।

टॉयलेट में मोबाइल चलाना पड़ सकता है भारी, 5 मिनट के इस्तेमाल से 46% बढ़ जाता है … खतरा

लाइफस्टाइल /सर्वोदय न्यूज़:- क्या आप भी टॉयलेट में बैठकर मोबाइल चलाते हैं? अगर हां, तो यह आदत आपकी सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकती है। हाल ही में सामने आई एक स्टडी के अनुसार, शौचालय में स्मार्टफोन का इस्तेमाल करने वालों में बवासीर (Piles / Hemorrhoid) होने का खतरा 46% तक अधिक पाया गया है।

आजकल लोगों में मोबाइल की लत इस कदर बढ़ चुकी है कि वे खाने-पीने से लेकर टॉयलेट तक मोबाइल से चिपके रहते हैं। कुछ लोग तो घंटों कमोड पर बैठे वीडियो और रील्स देखते रहते हैं, जो स्वास्थ्य की दृष्टि से बिल्कुल भी सही नहीं है।

क्या कहती है स्टडी?

प्लॉस वन (Plos One) जर्नल में प्रकाशित एक हालिया अध्ययन में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इस स्टडी के लिए हार्वर्ड मेडिकल स्कूल से संबद्ध बेथ इस्राइल डीकॉनेस मेडिकल सेंटर (BIDMC) में आए 125 पुरुष और महिलाओं को शामिल किया गया।

  • 66% प्रतिभागियों ने माना कि वे टॉयलेट में स्मार्टफोन का उपयोग करते हैं।
  • कोलोनोस्कोपी जांच में सामने आया कि इनमें से 51% को बवासीर था, जबकि मोबाइल का इस्तेमाल न करने वालों में सिर्फ 38% को ही बवासीर की समस्या थी।
  • अन्य फैक्टर्स (जैसे उम्र, जेंडर, BMI, एक्सरसाइज आदि) को कंट्रोल करने के बाद भी टॉयलेट में मोबाइल यूज़ करने वालों में बवासीर का जोखिम 46% ज्यादा रहा।

क्यों बढ़ता है बवासीर का खतरा?

विशेषज्ञों का मानना है कि जब हम टॉयलेट सीट पर देर तक बैठे रहते हैं, खासकर बिना पेल्विक फ्लोर को सपोर्ट दिए, तो इससे हेमोरोइडल कुशन पर दबाव बढ़ जाता है। लंबे समय तक बना यह दबाव सूजन और बवासीर का कारण बन सकता है।

फाइबर है बचाव का उपाय

आजकल फास्ट फूड और जंक फूड की आदत के चलते लोगों की डाइट में फाइबर की कमी हो गई है। बवासीर से बचाव के लिए जरूरी है कि आप:

  • अपनी डाइट में फाइबर युक्त चीजें शामिल करें जैसे फल, सब्जियां, साबुत अनाज
  • पानी भरपूर पिएं
  • लंबे समय तक टॉयलेट में बैठने से बचें
  • और सबसे जरूरी, टॉयलेट में मोबाइल न ले जाएं

मिर्जापुर: गंगा से पानी खींचते दिखे बादल, मोबाइल कैमरे में कैद हुआ चौंकाने वाला नजारा | देखें VIDEO

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- मिर्जापुर के जिगना थाना क्षेत्र के परमानपुर गांव में गंगा घाट पर शनिवार को एक अद्भुत और रोमांचक नजारा देखने को मिला, जब गंगा नदी से अचानक पानी ऊपर उठकर सीधे आसमान की ओर जाने लगा। यह नजारा मानो बादल गंगा से पानी खींच रहे हों। ग्रामीणों ने इस अनोखी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

देखे विडियो:-

क्या है यह घटना?

बीएचयू के मौसम विशेषज्ञ प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, यह पूरी तरह से प्राकृतिक घटना है, जिसे विज्ञान की भाषा में “वॉटर स्पाउट” (जलस्तंभ) कहा जाता है। यह तब होता है जब किसी जलस्रोत (जैसे नदी या समुद्र) का तापमान बढ़ जाता है और वातावरण में हवा का दबाव कम हो जाता है। इससे जल वाष्पित होकर तेजी से ऊपर उठता है और एक स्तंभ के रूप में दिखाई देता है। “यह घटना बवंडर की तरह होती है, फर्क बस इतना है कि बवंडर में धूल उड़ती है और जलस्तंभ में पानी।” – प्रो. श्रीवास्तव

वीडियो वायरल

स्थानीय युवाओं ने इस चमत्कारी दृश्य को मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि पानी की एक लंबी धार ऊपर की ओर उठ रही है और बादलों में समा रही है।

वैज्ञानिक कारण

  • गंगा नदी का तापमान अधिक होना
  • वातावरण में कम वायुदाब
  • हवा की दिशा और नमी की स्थिति

इस तरह की घटनाएं समुद्री तट, नदी किनारे और रेगिस्तानी इलाकों में अक्सर देखी जाती हैं। कभी-कभी यही जलस्तंभ बड़े रूप में विकसित होकर चक्रवात का रूप भी ले सकता है।

BEML Bharti 2025: 243 पदों पर भर्ती, 10वीं से लेकर MBA पास उम्मीदवार करें आवेदन

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- BEML Bharti 2025: नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौका सामने आया है। भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) ने विभिन्न श्रेणियों के 243 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है। आवेदन प्रक्रिया 1 सितंबर 2025 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 12 सितंबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

पदों का विवरण:

BEML की इस भर्ती में विभिन्न प्रकार के पदों को शामिल किया गया है:

पद का नाम रिक्तियां
एग्जीक्यूटिव्स 27
मैनेजमेंट ट्रेनी 100
सिक्योरिटी गार्ड 44
फायर सर्विस पर्सनल 12
स्टाफ नर्स 10
फार्मासिस्ट 4
नॉन-एग्जीक्यूटिव्स 46
कुल 243

योग्यता:

पदों के अनुसार शैक्षणिक योग्यता भी अलग-अलग निर्धारित की गई है। इच्छुक उम्मीदवारों के पास निम्नलिखित में से कोई डिग्री हो सकती है: 10वीं पास, ITI, B.Sc, B.Tech / B.E, CA, MBA / PGDM, M.A, PG डिप्लोमा, M.Phil / PhD, MSW आदि

आयु सीमा:

उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 29 वर्ष और अधिकतम उम्र 51 वर्ष तक हो सकती है। आरक्षित वर्गों को आयु में छूट सरकारी नियमों के अनुसार मिलेगी।

आवेदन शुल्क:

  • एग्जीक्यूटिव्स और मैनेजमेंट ट्रेनी:
    ₹500 (सामान्य/EWS/OBC के लिए)
  • अन्य पद जैसे सिक्योरिटी गार्ड, नॉन-एग्जीक्यूटिव्स आदि:
    ₹200 (सामान्य/EWS/OBC के लिए)
  • SC/ST/दिव्यांग:
    कोई शुल्क नहीं

चयन प्रक्रिया:

चयन निम्नलिखित चरणों पर आधारित होगा: लिखित परीक्षा,  इंटरव्यू,  डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन

 वेतनमान:

चयनित उम्मीदवारों को पदानुसार ₹16,900 से ₹2,80,000 तक का मासिक वेतन मिलेगा।

आवेदन कैसे करें?

  1. BEML की आधिकारिक वेबसाइट bemlindia.in पर जाएं
  2. Career/Recruitment” सेक्शन में जाएं
  3. संबंधित पद के लिए Apply Online लिंक पर क्लिक करें
  4. आवेदन पत्र भरें और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें
  5. आवेदन शुल्क का भुगतान करें
  6. सबमिट करने के बाद फॉर्म का प्रिंटआउट निकालें

बसपा में फिर लौटे आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ, मायावती से मांगी माफ़ी, पार्टी में हुई वापसी

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:- बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राजनीति में एक बार फिर बड़ा फेरबदल हुआ है। पार्टी प्रमुख मायावती ने पूर्व राज्यसभा सांसद और अपने भतीजे आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ को दोबारा पार्टी में शामिल कर लिया है। कुछ महीने पहले उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निष्कासित कर दिया गया था। शनिवार को अशोक सिद्धार्थ ने सार्वजनिक रूप से मायावती से हाथ जोड़कर माफी मांगी, जिसके कुछ ही घंटों बाद उन्हें पार्टी में वापसी का मौका मिल गया।

मायावती ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, “बहुजन समाज पार्टी के पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ, जो पार्टी के कई अहम पदों पर वर्षों तक कार्यरत रहे, उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते कुछ माह पूर्व निष्कासित किया गया था। आज उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी है और पार्टी तथा मूवमेंट के प्रति पूरी निष्ठा के साथ काम करने का वादा किया है।”

उन्होंने आगे लिखा, “पार्टी और मूवमेंट के हित में यह उचित समझा गया कि उन्हें एक और मौका दिया जाए। इसलिए बीएसपी से उनके निष्कासन का निर्णय तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाता है और उन्हें पुनः पार्टी में शामिल किया जाता है।”

अशोक सिद्धार्थ ने क्या कहा?

पार्टी में वापसी से पहले अशोक सिद्धार्थ ने एक लंबा सार्वजनिक बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने मायावती से हाथ जोड़कर माफी मांगी। उन्होंने लिखा, “मैं बहनजी का हृदय से सम्मान करता हूं और चरण स्पर्श करता हूं। पार्टी कार्यों के दौरान मुझसे जो भी गलतियां हुईं, वह जानबूझकर नहीं थीं। मैं गलत लोगों के बहकावे में आ गया, जिसके लिए बहनजी से माफी मांगता हूं।”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह किसी भी तरह से रिश्तेदारी का लाभ नहीं उठाएंगे और पार्टी के अनुशासन में रहकर कार्य करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों को पार्टी से निष्कासित किया गया है, जैसे संदीप ताजने और हेमंत प्रताप, उन्हें वापस लेने की कोई सिफारिश नहीं करेंगे।

पार्टी में वापसी के मायने

विशेषज्ञों का मानना है कि अशोक सिद्धार्थ की वापसी से बसपा के भीतर एक बार फिर सियासी समीकरण बदल सकते हैं। मायावती ने यह भी उम्मीद जताई कि वह अन्य कार्यकर्ताओं की तरह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी को मजबूत करने में सहयोग करेंगे।

माना जा रहा है कि अशोक सिद्धार्थ की वापसी न केवल आंतरिक सुलह का संकेत है, बल्कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए बसपा संगठन को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा भी हो सकती है।

बाराबंकी में बड़ा एक्शन: रामस्वरूप यूनिवर्सिटी पर चला बुलडोजर, चंद मिनटों में ध्वस्त हुई इमारत

बाराबंकी/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के बाद प्रशासन ने शनिवार को कड़ा कदम उठाते हुए श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर चला दिया। कुछ ही देर में यूनिवर्सिटी की इमारत जमींदोज कर दी गई। कार्रवाई के दौरान पूरे कैंपस में सन्नाटा पसरा रहा और मौके पर भारी पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

जानकारी के मुताबिक, जिस भूमि पर यूनिवर्सिटी का निर्माण हुआ था, उसकी करीब छह बीघा जमीन राजस्व अभिलेखों में ऊसर-बंजर दर्ज है। इस जमीन पर कब्जे को लेकर नवाबगंज कोर्ट में मामला विचाराधीन था। कोर्ट ने 25 अगस्त को फैसला सुनाते हुए यूनिवर्सिटी प्रबंधन पर ₹27 लाख 96 हजार का जुर्माना लगाया था और 30 दिन के भीतर जमीन खाली करने के आदेश दिए थे।

कोर्ट आदेश के अनुपालन में प्रशासन और पुलिस की टीम शनिवार को सरकारी भूमि पर बने एनिमल हाउस को हटाने पहुंची। जमीन की पैमाइश कराई गई और इसके बाद बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया गया।

हरियाणवी अभिनेत्री और सिंगर ने लखनऊ में किया आत्मदाह का प्रयास, फिल्म निर्माता पर लगाए गंभीर आरोप

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:- राजधानी लखनऊ में शनिवार दोपहर एक हरियाणवी अभिनेत्री और सिंगर ने आत्मदाह की कोशिश कर सनसनी फैला दी। मामला लामार्ट चौराहा, टैंगो थ्री के पास का है। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर जान देने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद आत्मदाह निरोधी दस्ते ने समय रहते उसे बचा लिया।

फिल्म निर्माता पर शोषण का आरोप

अभिनेत्री का कहना है कि हरियाणवी फिल्मों के निर्माता उत्तर कुमार ने उसका शोषण किया है। उसने गाजियाबाद के शालीमार थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया था, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की।

पीड़िता हापुड़ जनपद के पिलखुवा इलाके की रहने वाली है और शनिवार को अपनी बड़ी बहन और 4 साल के बेटे के साथ लखनऊ पहुंची थी। आत्मदाह के प्रयास के बाद उसे पुलिस ने पकड़कर गौतमपल्ली थाने ले जाया गया।

गौतमपल्ली थाने के इंस्पेक्टर रत्नेश सिंह ने बताया कि गाजियाबाद पुलिस को सूचना दे दी गई है और वहां से टीम लखनऊ रवाना हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, अभिनेत्री और फिल्म निर्माता उत्तर कुमार के बीच वर्ष 2024 में विवाद हुआ था। उस समय दर्ज मुकदमे की जांच में आरोप निराधार पाए गए थे और अंतिम पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया गया था।

इंस्टाग्राम वीडियो में दी थी चेतावनी

घटना से तीन दिन पहले अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो डालकर मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई थी। वीडियो में उसने कहा था कि यदि न्याय नहीं मिला तो वह अपनी जान दे देगी। इसी के बाद वह अपनी बहन और बेटे के साथ लखनऊ पहुंची थी।