Home Blog Page 216

अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला: “यूपी में सबसे ज्यादा अन्याय, उत्पीड़न और महिलाएं असुरक्षित”

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर करारा हमला बोला है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, भ्रष्टाचार और दलित उत्पीड़न को लेकर सरकार की नीतियों को आड़े हाथों लिया। अखिलेश ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश में महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं, और प्रदेश अन्याय व भ्रष्टाचार का गढ़ बन गया है।

“महिलाओं पर अपराध के मामले सबसे अधिक, सरकार छुपा रही विफलता”

लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “NCRB के जो आंकड़े भाजपा सरकार खुद जारी कर रही है, वे बता रहे हैं कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों में उत्तर प्रदेश सबसे ऊपर है। सरकार नाकामी छुपाने में लगी है।”

यह भी पढ़े:- रवि किशन को फिल्मफेयर में बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर अवार्ड…

उन्होंने यह भी कहा कि यूपी में हर विभाग में भ्रष्टाचार गहराई तक फैला हुआ है। स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति बेहद चिंताजनक है।

दलितों पर अत्याचार, कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने हाल ही में रायबरेली में दलित युवक की हत्या का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार इस पर चुप है। “यह जीरो टॉलरेंस नहीं, जीरो काम वाली सरकार है। पुलिस प्रशासन सत्तारूढ़ दल के नेताओं की सेवा में लगा है। निर्दोषों पर झूठे मुकदमे लादे जा रहे हैं।”

“भ्रष्टाचार की सीमाएं टूटीं, एक लेखपाल के पास 100 करोड़ की संपत्ति!”

सपा प्रमुख ने कहा कि यूपी की नौ साल की भाजपा सरकार ने हर क्षेत्र में लूट और बेईमानी फैलाई है। “एक लेखपाल के पास 100 करोड़ की संपत्ति मिलना इस सरकार की असलियत है। थानों में हजारों शिकायतें पड़ी हैं, लेकिन FIR तक नहीं लिखी जाती।”

“सरकार आरक्षण छीन रही, विदेशी कंपनियों को बाजार सौंप रही”

अखिलेश ने भाजपा पर स्वदेशी के नाम पर विदेशी कंपनियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापारियों से मुनाफा कमाने दे रही है और फिर उनसे ही चंदा वसूल रही है। “पूरे इलेक्ट्रॉनिक बाज़ार पर चीन का कब्ज़ा है, और भाजपा ‘स्वदेशी’ का नारा देती है – यह दिखावटी राष्ट्रवाद है।”

रवि किशन को फिल्मफेयर में बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर अवार्ड, इन्हें दिया सफलता का श्रेय

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:-  भोजपुरी सुपरस्टार और भाजपा सांसद रवि किशन शुक्ला को उनकी हालिया फिल्म ‘लापता लेडीज’ में दमदार अभिनय के लिए फिल्मफेयर अवार्ड 2025 में सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार मिला। गुजरात में आयोजित इस भव्य समारोह में अवार्ड लेते वक्त रवि किशन भावुक हो उठे और मंच पर उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।

पुरस्कार ग्रहण करते हुए उन्होंने अपने परिवार, विशेषकर पत्नी का ज़िक्र करते हुए कहा,“महादेव की कृपा और पत्नी के सहयोग के बिना यह संभव नहीं था। यह सम्मान मैं अपने दर्शकों, संसदीय क्षेत्र और देश को समर्पित करता हूं।”

33 साल बाद मिला फिल्मफेयर अवार्ड

रवि किशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर भी अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने लिखा: “33 साल बाद फ़िल्मफ़ेयर अवार्ड जीत गया… (Best Actor in Supporting Role). आप लोगों का, महादेव का, मेरे परिवार और पत्नी का साथ और आशीर्वाद मिला।”

यह भी पढ़े:- महिला पत्रकारों को लेकर विवाद के बाद अफगान विदेश मंत्री की नई…

यह पोस्ट वायरल हो रही है और उनके फैन्स, खासकर उत्तर भारत और भोजपुरी दर्शकों में खुशी की लहर है।

जनसेवा और अभिनय—दोनों में चमक

राजनीति और जनसेवा में भी रवि किशन लगातार सक्रिय हैं। हाल ही में उन्हें ‘सांसद रत्न पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया, जो संसद में उत्कृष्ट प्रदर्शन और जनहित में सक्रियता के लिए दिया जाता है। पिछले दिनों संसद में “समोसा और जीएसटी” बयान के चलते भी वे सुर्खियों में रहे थे।

‘लापता लेडीज’ को मिल रही है सराहना

किरण राव निर्देशित फिल्म ‘लापता लेडीज’ को न केवल दर्शकों बल्कि समीक्षकों से भी भरपूर सराहना मिल रही है। फिल्म की पटकथा, निर्देशन और अभिनय ने इसे साल की चर्चित फिल्मों में शुमार कर दिया है।

महिला पत्रकारों को लेकर विवाद के बाद अफगान विदेश मंत्री की नई प्रेस कॉन्फ्रेंस, मिला खास न्योता

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज :- भारत दौरे पर आए अफगानिस्तान के कार्यवाहक विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी ने महिला पत्रकारों को लेकर उठे विवाद के बाद एक बड़ा फैसला लिया है। अब वह एक और प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करेंगे, जिसमें खासतौर पर महिला पत्रकारों को आमंत्रित किया गया है।

इससे पहले तालिबान प्रतिनिधिमंडल द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता को लेकर यह आरोप लगे थे कि उसमें महिला पत्रकारों को शामिल नहीं किया गया। इस पर विवाद गहराने के बाद तालिबान सरकार और भारतीय विदेश मंत्रालय दोनों की तरफ से स्पष्टीकरण सामने आया था।

तालिबान सरकार की ओर से बयान जारी कर कहा गया था कि पिछली प्रेस कॉन्फ्रेंस में केवल कुछ चुनिंदा पत्रकारों और दूतावास के अधिकारियों को आमंत्रित किया गया था, और महिला पत्रकारों को जानबूझकर बाहर नहीं रखा गया था।

विदेश मंत्रालय ने भी दी सफाई

विपक्ष की आलोचनाओं के बीच भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उस प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन अफगान प्रतिनिधियों ने निजी तौर पर किया था और भारत सरकार का उससे कोई लेना-देना नहीं था।

आगरा यात्रा अचानक रद्द

अफगान विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी की ताजमहल यात्रा भी अंतिम समय में रद्द कर दी गई। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मुत्ताकी रविवार को आगरा में ताजमहल का दौरा करने वाले थे, लेकिन अज्ञात कारणों से यह यात्रा रद्द कर दी गई।

यह भी पढ़े:- मलबा हटाने के दौरान हुआ दूसरा धमाका, एक घायल अयोध्या ब्लास्ट में…

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, उन्हें रविवार दोपहर 11 बजे ताजमहल पहुंचना था और फिर एक घंटे के भ्रमण के बाद आगरा में ही दोपहर का भोजन करके दिल्ली लौटना था। आगरा जिला प्रशासन के प्रोटोकॉल विभाग ने उनके कार्यक्रम के रद्द होने की पुष्टि की है, हालांकि रद्द करने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।

इससे पहले शनिवार को मुत्ताकी सहारनपुर के देवबंद स्थित प्रसिद्ध इस्लामी शिक्षण संस्थान दारुल उलूम पहुंचे थे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

मलबा हटाने के दौरान हुआ दूसरा धमाका, एक घायल,अयोध्या ब्लास्ट में मृतकों की संख्या 6 हुई

0

न्यूज़ डेस्क/सवोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कल्याण भदरसा गांव के मजरे पगला भारी में हुए भयानक विस्फोट में मृतकों की संख्या छह हो गई है। गुरुवार शाम हुए धमाके में पांच लोगों की मौत हुई थी, जबकि शुक्रवार को मलबा हटाने के दौरान वंदना नाम की युवती का शव बरामद किया गया।

हालात तब और गंभीर हो गए जब मलबा हटाते समय एक और धमाका हुआ, जिसमें एक राजस्व कर्मी (लेखपाल) घायल हो गया। स्थानीय प्रशासन और एफएसएल, बम निरोधक दस्ता, एसडीआरएफ की टीमें मौके पर जांच में जुटी हैं।

घटनाक्रम का पूरा विवरण:

  • पहला विस्फोट:
    गुरुवार शाम लगभग 7:30 बजे राम कुमार उर्फ पारसनाथ गुप्ता के घर में तेज धमाका हुआ, जिससे मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया।
  • पहली मौतें:
    मकान मालिक राम कुमार गुप्ता, उनकी बेटी ईशी, बेटे लव व यश और एक मजदूर राम सजीवन निषाद की मौके पर ही मौत हो गई।
  • लापता वंदना का शव मिला:
    मृतकों की सूची में राम कुमार की साली वंदना का नाम भी जुड़ गया है, जिसका शव शुक्रवार को मलबे से मिला
  • दूसरा धमाका:
    मलबा हटाते समय रात करीब 11:15 बजे दोबारा विस्फोट हुआ, जिसमें लेखपाल आकाश सिंह घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है।

रहस्य और गहराया, सिलेंडर ब्लास्ट की थ्योरी पर सवाल

स्थानीय प्रशासन की तरफ से रसोई गैस सिलेंडर या प्रेशर कुकर फटने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन ग्रामीणों को यह थ्योरी विश्वसनीय नहीं लग रही।

यह भी पढ़े:- चारधाम यात्रा को मिलेगा नया रूप: केदारनाथ-यमुनोत्री रूट पर विशेष…

मलबे में दोबारा हुए धमाके ने इस संदेह को और बढ़ा दिया है कि घर में कुछ विस्फोटक सामग्री रखी गई थी।

विस्फोट के बाद रुपए और जेवर लूटने की खबरें

धमाके के बाद घर में रखे कैश और जेवरात बिखर गए।  ग्रामीणों के अनुसार, कई लोग सौ, दो सौ और पांच सौ के नोट और जेवरात बीनते देखे गए। कुछ लोग राहत कार्य में लगे रहे, लेकिन कई मौके का फायदा उठा गए।

पुलिस और प्रशासन अलर्ट, IG ने मौके का लिया जायजा

धमाके के बाद आईजी प्रवीन कुमार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज और घटना की गंभीर जांच के निर्देश दिए।

सीओ आशुतोष तिवारी ने बताया कि वंदना के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साक्ष्य इकट्ठा कर ब्लास्ट की असली वजह की गहन जांच की जा रही है।

चारधाम यात्रा को मिलेगा नया रूप: केदारनाथ-यमुनोत्री रूट पर विशेष फोकस, सुविधाओं को लेकर सरकार का नया प्लान

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:– उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रा मार्गों को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए विशेष कार्य योजना तैयार की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को दून यूनिवर्सिटी में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि विशेष रूप से केदारनाथ और यमुनोत्री मार्गों पर सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त कदम उठाए जा रहे हैं।

लंबे पैदल मार्गों के चलते केदारनाथ-यमुनोत्री प्राथमिकता में

मुख्यमंत्री ने बताया कि चूंकि केदारनाथ और यमुनोत्री तक श्रद्धालुओं को लंबा पैदल सफर करना पड़ता है, इसलिए इन मार्गों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मॉनसून के दौरान भूस्खलन और प्राकृतिक आपदाओं से जो नुकसान हुआ है, उसे ध्यान में रखते हुए ये निर्णय लिए जा रहे हैं।

यात्रा मार्ग होंगे अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस साल चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या पहुंची, जो राज्य की धार्मिक पर्यटन क्षमता को दर्शाती है। उन्होंने कहा:“प्राकृतिक आपदाओं के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। यही कारण है कि आने वाले समय में हम यात्रा मार्गों को और सुगम, सुरक्षित और सुविधायुक्त बनाएंगे।”

इसके लिए बनाई जा रही कार्य योजना में ये बिंदु शामिल हैं:

  • निर्बाध बिजली आपूर्ति
  • पर्याप्त पेयजल उपलब्धता
  • बारिश के दौरान सुरक्षित शेल्टर
  • आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं
  • पार्किंग व परिवहन सेवाओं का विस्तार

अब शीतकालीन यात्रा पर भी जोर

राज्य सरकार अब मानसून सीजन में हुई पर्यटन और तीर्थाटन की क्षति की भरपाई के लिए शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देगी।

यह भी पढ़े:- अभिषेक हत्याकांड: 15 दिन बाद आरोपी पूजा शकुन पांडेय गिरफ्तार, बुर्का…

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष शीतकालीन पर्यटन को लेकर शुरू की गई पहल को अच्छा रिस्पॉन्स मिला, इसलिए इस वर्ष इसे राष्ट्रीय स्तर पर प्रमोट किया जाएगा।

डीएम को सौंपी निगरानी की जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इस दिशा में सभी जिलाधिकारियों (DM) को निर्देश दिए गए हैं कि वे अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों का नियमित निरीक्षण करें और समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल कदम उठाएं।

अभिषेक हत्याकांड: 15 दिन बाद आरोपी पूजा शकुन पांडेय गिरफ्तार, बुर्का पहनकर हुई थी फरार

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में चर्चित अभिषेक हत्याकांड में फरार चल रही आरोपी महामंडलेश्वर पूजा शकुन पांडेय को पुलिस ने 15 दिन बाद राजस्थान के भरतपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया है।

पूजा पर आरोप है कि उसने अपने पति अशोक पांडेय के साथ मिलकर 3 लाख रुपये में शूटरों को सुपारी दी, जिसके बाद 26 सितंबर की रात टीवीएस शोरूम संचालक अभिषेक गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

पूजा शकुन पांडेय: कभी हिंदू महासभा की नेता, अब हत्या की आरोपी

महामंडलेश्वर पद पर रही पूजा शकुन पांडेय कभी अखिल भारत हिंदू महासभा की चर्चित चेहरा थीं, लेकिन अब वह हत्या की साजिश में मुख्य आरोपी हैं। घटना के बाद संगठन ने उन्हें निष्कासित कर दिया है।

यह भी पढ़े:- जेपीएनआईसी को लेकर अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला: “हमने बनाया…

हत्या के तुरंत बाद वह बुर्का पहनकर फरार हो गई थीं। गाजियाबाद, हरिद्वार होते हुए वह भरतपुर पहुंची, जहाँ पुलिस ने बस से भागते समय गिरफ्तार कर लिया।

फरारी की पूरी कहानी: बुर्के में लेकर भागी थी 50 हजार रुपये

घटना के दिन अशोक पांडेय की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही पूजा बुर्का पहनकर घर से निकली और 50 हजार रुपये अपने साथ ले गई। गाजियाबाद में उसे एक आश्रम में शरण नहीं मिली, फिर वह हरिद्वार पहुँची। लगातार पुलिस दबाव के कारण किसी ने उसे पनाह नहीं दी। पूजा ने कुछ लोगों से मदद माँगी, जिससे पुलिस को उसका सुराग मिल गया। एएसपी मयंक पाठक के मुताबिक, पूजा से पूछताछ जारी है।

पुलिस कार्रवाई अब तक:

पूजा शकुन पांडेय के पति अशोक पांडेय पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। दो शूटरों को भी जेल भेजा गया है।पूजा पर ₹25,000 का इनाम घोषित था और ग़ैर-जमानती वारंट भी जारी था।

हत्या के पीछे की वजहें:

पुलिस के अनुसार, पूजा के अभिषेक गुप्ता से व्यक्तिगत संबंध थे। वह चाहती थी कि अभिषेक उससे दूरी न बनाए और टीवीएस शोरूम में पार्टनरशिप दे। इनकार के चलते पूजा ने पति के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

जेपीएनआईसी को लेकर अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला: “हमने बनाया, भाजपा ने बर्बाद किया”

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।

उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने जेपीएनआईसी जैसा संस्थान स्थापित किया, जिसे भाजपा सरकार बर्बाद कर रही है और बेचना चाहती है।

अखिलेश ने कहा कि समाजवादियों ने संकल्प लिया है कि जेपीएनआईसी किसी भी कीमत पर बिकने नहीं देंगे। उन्होंने कहा, “चाहे सरकार जितनी पुलिस लगाकर रोके, समाजवादियों को रोक नहीं सकती। हम इसे और भव्य बनाएंगे।”

“जेपीएनआईसी से भावनात्मक जुड़ाव है”: अखिलेश यादव

शनिवार को लखनऊ में पार्टी मुख्यालय पर लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अखिलेश यादव ने कहा कि इस संस्थान से समाजवादियों का राजनीतिक और भावनात्मक संबंध है।

यह भी पढ़े: करीब 16 घंटे बाद फिर सक्रिय हुआ अखिलेश यादव का फेसबुक पेज…


उन्होंने याद दिलाया कि जब जेपीएनआईसी का शिलान्यास हुआ था, उस वक्त मुलायम सिंह यादव, जॉर्ज फर्नांडीज जैसे दिग्गज नेता उपस्थित थे।

“सम्पूर्ण क्रांति जैसे हालात आज भी मौजूद”: अखिलेश का आरोप

अखिलेश यादव ने कहा कि आज भी वही परिस्थितियां हैं, जिनके खिलाफ जयप्रकाश नारायण ने सम्पूर्ण क्रांति का आह्वान किया था —महंगाई चरम पर है, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी बढ़ रही है,जातिगत भेदभाव और अत्याचार चरम पर हैं|

उन्होंने रायबरेली और अन्य जिलों में दलित और पिछड़े समाज पर हो रहे अत्याचारों का उल्लेख करते हुए भाजपा सरकार को तानाशाही और हिंसक नीति पर चलने वाली सरकार करार दिया।

“समाजवादी टोपी का सम्मान”: युवाओं को किया सम्मानित

कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष विनीत कुशवाहा और अमर यादव को सम्मानित किया, जिन्होंने भाजपा सरकार की कड़ी सुरक्षा और अवरोधों के बावजूद जेपीएनआईसी परिसर में पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर सपा के वरिष्ठ नेता  राजेंद्र चौधरी, एसपी सिंह पटेल, रविदास मेहरोत्रा, अम्बिका चौधरी, अरविंद कुमार सिंह आदि भी मौजूद रहे।

करीब 16 घंटे बाद फिर सक्रिय हुआ अखिलेश यादव का फेसबुक पेज, पहली पोस्ट में…

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक पेज करीब 16 घंटे के बाद फिर से सक्रिय हो गया है। इस तकनीकी या रणनीतिक घटनाक्रम को लेकर सियासी हलकों में चर्चाएं तेज हैं।

शुक्रवार शाम करीब 6 बजे अचानक अखिलेश यादव का पेज बिना किसी नोटिस के बंद हो गया था, जिससे सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में बेचैनी फैल गई। शुरुआती तौर पर इसे तकनीकी गड़बड़ी माना जा रहा था, लेकिन मेटा (Facebook की पैरेंट कंपनी) की ओर से कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर सपा ने इसे “राजनीतिक साजिश” करार दिया।

सपा का आरोप: यह भाजपा की साजिश

सपा प्रवक्ताओं का कहना है कि यह काम केवल भाजपा जैसी पार्टी ही कर सकती है, जो जन समर्थन में पीछे होने पर डिजिटल हथकंडों का सहारा लेती है। पार्टी ने कहा कि राजनीतिक मतभेद के चलते विचारों की अभिव्यक्ति को बाधित करना लोकतंत्र के खिलाफ है।

पहली पोस्ट में जयप्रकाश नारायण को किया याद

फेसबुक पेज दोबारा एक्टिव होने के बाद अखिलेश यादव ने अपनी पहली पोस्ट में ‘लोकनायक जयप्रकाश नारायण’ को याद किया।

यह भी पढ़े:शुभमन गिल ने बतौर कप्तान पूरे किए 1000 इंटरनेशनल रन…


उन्होंने लिखा:“सम्पूर्ण क्रांति से मेरा तात्पर्य समाज के सबसे अधिक दबे-कुचले व्यक्ति को सत्ता के शिखर पर देखना है।” इस पोस्ट में उन्होंने पेज बंद किए जाने या किसी भी तरह की प्रतिक्रिया का ज़िक्र नहीं किया।

फेसबुक को भेजा गया मेल, जवाब नहीं आया

सपा सूत्रों के मुताबिक, फेसबुक को ई-मेल के माध्यम से संपर्क किया गया, लेकिन अब तक कोई आधिकारिक जवाब नहीं मिला है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि संभवतः किसी विरोधी ने कंटेंट को लेकर शिकायत की होगी, जिसके आधार पर यह एक्शन लिया गया हो सकता है।

शुभमन गिल ने बतौर कप्तान पूरे किए 1000 इंटरनेशनल रन, रोहित शर्मा और गांगुली को छोड़ा पीछे

0

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। शनिवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दौरान गिल ने बतौर कप्तान इंटरनेशनल क्रिकेट में 1000 रन पूरे कर लिए। इस उपलब्धि के साथ वह यह मुकाम हासिल करने वाले भारत के 12वें कप्तान बन गए हैं।

गिल ने यह आंकड़ा सिर्फ 17 पारियों में छू लिया है, जिससे उन्होंने रोहित शर्मा (20 पारियां) और सौरव गांगुली (22 पारियां) जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया। भारत के लिए सबसे तेज़ एक हजार रन बनाने वाले कप्तान अब भी सुनील गावस्कर और विराट कोहली हैं, जिन्होंने सिर्फ 15 पारियों में यह कीर्तिमान रचा था।

सबसे कम पारियों में बतौर कप्तान 1000 रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी:

रैंक खिलाड़ी पारियां
1 सुनील गावस्कर 15
1 विराट कोहली 15
3 मोहम्मद अजहरुद्दीन 16
4 शुभमन गिल 17
5 रोहित शर्मा 20
6 सौरव गांगुली 22

यह भी पढ़े:-11 अक्टूबर 2025 राशिफल: जानिए आज कैसा रहेगा आपका दिन… 

भारत के लिए बतौर कप्तान सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन :

रैंक खिलाड़ी रन
1 विराट कोहली 12,883
2 एम. एस. धोनी 11,207
3 मोहम्मद अजहरुद्दीन 8,095
4 सौरव गांगुली 7,643
5 रोहित शर्मा 5,665
6 सचिन तेंदुलकर 4,508

मैच का हाल: गिल और रेड्डी की साझेदारी ने बढ़ाया स्कोर

शुभमन गिल की कप्तानी पारी के साथ ही युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने भी शानदार 175 रनों की पारी खेली। उन्होंने 258 गेंदों में 22 चौके लगाए। उनके आउट होने के बाद नीतीश कुमार रेड्डी ने शुभमन के साथ मिलकर स्कोर को तेजी से बढ़ाया। रेड्डी ने 43 रन बनाए और जोमेल वारिकन का शिकार बने।

लंच तक भारत ने 4 विकेट पर 427 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल (नाबाद 75) और ध्रुव जुरेल (नाबाद 7) क्रीज़ पर मौजूद हैं।

11 अक्टूबर 2025 राशिफल: जानिए आज कैसा रहेगा आपका दिन, मेष से मीन तक सभी राशियों का हाल

आज 11 अक्टूबर 2025, शनिवार के दिन ग्रह-नक्षत्रों की चाल कई राशियों के लिए शुभ संकेत दे रही है, वहीं कुछ जातकों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। चंद्रमा आज मेष राशि में विराजमान हैं। गुरु मिथुन में, केतु सिंह में और शुक्र अब कन्या राशि में प्रवेश कर चुके हैं, जहां वे सूर्य के साथ युति कर रहे हैं। इस बदलाव का असर सभी 12 राशियों पर अलग-अलग रूप से पड़ेगा। आइए जानते हैं आज का राशिफल—

मेष राशि (Aries)

सेहत में सुधार देखने को मिलेगा। पारिवारिक वातावरण सुखद रहेगा और संतान से जुड़ी चिंताएं दूर होंगी। आय के स्रोतों में बढ़ोतरी होगी। दिन कुल मिलाकर अनुकूल है।
शुभ उपाय: हरी वस्तु का दान करें।

वृषभ राशि (Taurus)

दिन सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर रहेगा। ज़रूरत की चीज़ें समय पर उपलब्ध होंगी। सेहत और व्यापारिक स्थिति में सुधार होगा।
शुभ उपाय: हरी वस्तु अपने पास रखें।

कर्क राशि (Cancer)

नए स्रोतों से आमदनी होगी, पुराने निवेश भी लाभ देंगे। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। प्रेम और संतान से जुड़ी स्थिति मजबूत होगी।
शुभ उपाय: लाल वस्तु साथ रखें।

सिंह राशि (Leo)

आर्थिक दृष्टि से दिन शुभ है। कोर्ट-कचहरी के मामलों में सफलता मिल सकती है। व्यापार में लाभ की संभावना है।
शुभ उपाय: सफेद वस्तु का दान करें।

कन्या राशि (Virgo)

भाग्य का साथ मिलेगा और करियर में उन्नति के योग हैं। यात्रा के संकेत भी हैं। स्वास्थ्य व व्यापार दोनों ही पक्षों में सुधार होगा।
शुभ उपाय: लाल वस्तु का दान करें।

तुला राशि (Libra)

दिन कुछ चुनौतियों भरा हो सकता है। चोट या आकस्मिक घटनाओं से सावधान रहें। प्रेम व व्यापार सामान्य रहेंगे।
शुभ उपाय: काली माता को प्रणाम करें।

वृश्चिक राशि (Scorpio)

जीवनसाथी से सहयोग प्राप्त होगा। नौकरी में प्रगति के संकेत हैं। संतान और प्रेम संबंधों में थोड़ी सतर्कता जरूरी है।
शुभ उपाय: पीली वस्तु अपने पास रखें।

धनु राशि (Sagittarius)

विरोधियों की सक्रियता बढ़ेगी लेकिन वे आपको नुकसान नहीं पहुंचा पाएंगे। स्वास्थ्य मध्यम, जबकि प्रेम और व्यापार का पक्ष मजबूत रहेगा।
शुभ उपाय: लाल वस्तु पास रखें।

मकर राशि (Capricorn)

छात्रों के लिए अच्छा समय है। निर्णय लेने में भावनाओं से नहीं, बुद्धि से काम लें। स्वास्थ्य और व्यापार में सुधार होगा।
शुभ उपाय: काली माता को प्रणाम करें।

कुंभ राशि (Aquarius)

भूमि, भवन या वाहन की खरीदारी के योग बन रहे हैं। हालांकि पारिवारिक तनाव संभव है। बाकी सभी क्षेत्र संतुलित रहेंगे।
शुभ उपाय: हरी वस्तु पास रखें।

मीन राशि (Pisces)

कर्म और पराक्रम आज रंग लाएंगे। करियर में उन्नति होगी। प्रेम और व्यापार में सफलता के योग हैं।
शुभ उपाय: काली माता को प्रणाम करें।