Home Blog Page 177

सिम फ्रॉड की चेतावनी: आपके नाम पर सिम का गलत इस्तेमाल हुआ तो पुलिस पहुंचेगी, तुरंत करें ये काम

न्यूज़ डेस्क/ सर्वोदय न्यूज़:- देश में साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों के बीच टेलीकॉम विभाग (DoT) ने नागरिकों के लिए सख्त चेतावनी जारी की है। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, यदि किसी सिम कार्ड का रजिस्ट्रेशन आपके नाम पर है और उसका इस्तेमाल किसी गलत काम में होता है, तो कानूनी जिम्मेदारी उसी व्यक्ति की होगी, चाहे आपने सिम इस्तेमाल किया हो या किसी को दे दिया हो।

सिम कैसे बन रहे हैं फ्रॉड का हथियार

कई बार लोग दुकानों पर सिम एक्टिवेशन के लिए अपने डॉक्यूमेंट देते हैं। कुछ शॉप ओनर या एजेंट इन डॉक्यूमेंट्स का गलत फायदा उठाकर सिम जारी कर देते हैं। बाद में इन सिम्स का इस्तेमाल लोन फ्रॉड, बैंकिंग स्कैम, ऑनलाइन ठगी और फर्जी KYC में किया जाता है।

जब पुलिस या साइबर सेल ट्रेसिंग करती है, तो सबसे पहले वही व्यक्ति फंसता है, जिसके नाम पर सिम एक्टिव है। DoT ने साफ किया मोबाइल फोन का IMEI नंबर बदलना भी गंभीर अपराध है। नई टेलीकॉम पॉलिसी और साइबर सिक्योरिटी रूल्स के तहत ऐसे अपराध पर जुर्माना और जेल दोनों का प्रावधान है।

क्या करना चाहिए नागरिकों को

  1. अपने नाम पर सभी एक्टिव सिम कार्ड की जांच करें।
  2. किसी भी अनजान या बेकार पड़े नंबर को डिएक्टिवेट कराएं।
  3. संचार साथी ऐप के माध्यम से यह पता कर सकते हैं कि आपके नाम पर कितने सिम कार्ड इश्यू हुए हैं।
  4. अगर कोई अनजान नंबर दिखाई दे, तो तुरंत उसे बंद कराएं।

यह भी पढ़े:- ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ब्रांड एंबेसडर

DoT का कहना है: मोबाइल नंबर सिर्फ एक कनेक्शन नहीं, बल्कि आपकी पहचान है। यदि आपकी पहचान का इस्तेमाल गलत हाथों में चला गया, तो मुश्किलें उसी व्यक्ति की बढ़ेंगी, जिसके नाम पर सिम है।

सरकार और DoT का संदेश

मोबाइल नेटवर्क की सुरक्षा तभी मजबूत होगी जब लोग अपने नाम पर लिए गए नंबरों के प्रति जिम्मेदार बनें। फर्जी सिम और IMEI में छेड़छाड़ को रोकने के लिए नागरिकों की सक्रियता जरूरी है।

भारत को घर में सबसे बड़ी हार, साउथ अफ्रीका ने 2-0 से किया क्लीन स्वीप; 25 साल बाद दोहराया इतिहास

0

स्पोर्ट्स डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:-  भारतीय क्रिकेट के लिए सोमवार का दिन किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका ने 408 रन के भारी अंतर से मात देकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से क्लीन स्वीप कर ली। घरेलू परिस्थितियों में यह भारत की टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी हार है।

साउथ अफ्रीका भारत को उसके घर में दो बार क्लीन स्वीप करने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है। इससे पहले उन्होंने 1999-2000 में भारत को 2-0 से हराया था।

मैच में क्या हुआ?

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 489 रन बनाए। सेनुरन मुथुसामी ने 206 गेंदों पर 109 रन बनाए (अपने करियर का पहला शतक),  मार्को यानसेन ने 93 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली | भारत की ओर से कुलदीप यादव ने 4 विकेट लिए, जबकि जडेजा, बुमराह और सिराज को दो-दो विकेट मिले। इसके जवाब में भारत पहली पारी में सिर्फ 201 रन ही बना सका। यशस्वी जायसवाल (58) और वॉशिंगटन सुंदर (48) थोड़ा संघर्ष दिखा सके। साउथ अफ्रीका को 288 रन की बड़ी बढ़त मिल गई।

दूसरी पारी और भारत की फिर ढही उम्मीदें

बड़ी लीड लेने के बाद साउथ अफ्रीका ने फॉलोऑन नहीं दिया और दूसरी पारी 260/6 पर घोषित कर भारत को जीत के लिए 549 रन का लक्ष्य दिया—जो टेस्ट इतिहास में पीछा किए जाने वाले सबसे बड़े स्कोरों में से एक है।

यह भी पढ़े:- ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ब्रांड एंबेसडर

भारत दूसरी पारी में भी विपक्षी गेंदबाजों के सामने नहीं टिक सका और मात्र 140 रन पर ऑलआउट हो गया। मार्को यानसेन और  साइमन हार्मर  ने भारतीय बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया। यह हार भारत की टेस्ट क्रिकेट में अब तक की सबसे बड़ी रन-अंतर वाली हार बनी।

इससे पहले भारत को घरेलू मैदान पर सबसे बड़ी हार 2004 में नागपुर टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने 342 रन से दी थी।

13 महीने में दूसरी बार क्लीन स्वीप

पिछले डेढ़ साल में भारत का घरेलू वर्चस्व बुरी तरह हिला है। अक्टूबर–नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड ने भारत को टेस्ट सीरीज में 3-0 से हराया था। अब साउथ अफ्रीका ने भी 2-0 से क्लीन स्वीप कर भारत के “घरेलू किले” को लगातार दूसरी बार ढहा दिया है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज़ से भी यह परिणाम भारत के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

‘हिटमैन’ रोहित शर्मा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ब्रांड एंबेसडर

0

स्पोर्ट्स डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- टी20 विश्व कप 2026 से पहले भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। टीम इंडिया को पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप दिलाने वाले कप्तान रोहित शर्मा को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने टूर्नामेंट का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने इस बड़ी जिम्मेदारी की घोषणा की। आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा।

रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को हराकर 2024 में टी20 विश्व कप का खिताब जीता और इसके साथ ही उन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। इसी साल मई में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया, और अब वह सिर्फ वनडे प्रारूप में खेल रहे हैं।

रोहित बोले—“मेरे लिए बड़ा सम्मान”

नई भूमिका को लेकर रोहित शर्मा ने कहा कि किसी सक्रिय खिलाड़ी को आईसीसी टूर्नामेंट का ब्रांड एंबेसडर चुना जाना बेहद कम होता है। यह बात उन्हें और भी गर्व महसूस कराती है।

रोहित ने कहा- खेलते समय किसी खिलाड़ी को एंबेसडर बनाया जाना बहुत दुर्लभ है। मेरे लिए यह बेहद बड़ा सम्मान है। उम्मीद करता हूँ कि हम पिछले साल की तरह फिर कमाल करेंगे। आईसीसी इवेंट जीतना कभी आसान नहीं होता, लेकिन पिछले 18 साल में मिली दो बड़ी ट्रॉफियां मेरे करियर के विशेष पल रहे हैं।”

रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने इस साल चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती, जिसके बाद वह दो आईसीसी खिताब जीतने वाले भारत के दूसरे कप्तान बन गए। टी20 इंटरनेशनल में रोहित भारत के सबसे सफल बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। उन्होंने 4231 रन बनाए, औसत 32.01 और स्ट्राइक रेट 140.89 रहा।

अगला टी20 वर्ल्ड कप: भारत का ग्रुप तय

टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया को ग्रुप A में रखा गया है, जिसमें शामिल हैं—

  • पाकिस्तान
  • अमेरिका
  • नामीबिया
  • नीदरलैंड्स

पाकिस्तान के खिलाफ भारत 15 फरवरी को मुकाबला खेलेगा।

रोहित ने कहा—“हमारे ग्रुप में पाकिस्तान, अमेरिका, नीदरलैंड और नामीबिया हैं। आज किसी टीम को हल्के में नहीं लिया जा सकता। शुरुआत से ही पूरी तैयारी के साथ उतरना होगा।”

रोहित ने इटली जैसे नए क्रिकेटिंग देशों के शामिल होने पर भी खुशी जताई और कहा कि आने वाले समय में यूरोप, अफ्रीका और दक्षिण-पूर्व एशिया की और भी टीमें जुड़ेंगी, क्योंकि क्रिकेट तेजी से दुनिया भर में फैल रहा है।

सैफई में आर्यन–सेरिंग की शादी: अखिलेश के पैर छूते दिखीं अपर्णा यादव, पूरा यादव परिवार एक साथ

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के चचेरे भाई आर्यन यादव की सेरिंग के साथ मंगलवार को सैफई में शादी संपन्न हुई। विवाह समारोह में यादव परिवार के सभी सदस्य एकजुट नज़र आए। इसी दौरान मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें वह अपने परिवार के साथ अखिलेश यादव के पैर छूती दिख रही हैं।

अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव अपनी पत्नी अपर्णा और बेटी के साथ शादी में पहुंचे थे। तीनों ने अखिलेश से आशीर्वाद लिया और परिवार के बीच गर्मजोशी भरी मुलाकात हुई। अपर्णा यादव ने इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर भी शेयर किया है, जिसमें वह अन्य परिवारजनों से भी मिलती दिखाई देती हैं।

यह भी पढ़े:- बिहार में सरकारी बंगलों का नया सिस्टम: क्यों नाराज हुईं राबड़ी देवी? बंगले 

पोस्ट में अपर्णा ने लिखा, “सैफई में आयोजित पारिवारिक समारोह में सम्मिलित होकर प्रिय आर्यन और बहू सेरिंग को विवाह की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। यह अवसर परिवार के लिए प्रेम और एकता का मधुर क्षण रहा। नवविवाहित दंपति का जीवन सदैव खुशियों और सम्मान से भरा रहे।”

वायरल वीडियो में अपर्णा यादव डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव और शिवपाल यादव से भी मिलते हुए दिखाई देती हैं। इसके बाद उन्होंने नवदंपति आर्यन और सेरिंग को आशीर्वाद भी दिया। समारोह में यादव परिवार के अलावा समाजवादी पार्टी के सांसद, विधायक और कई प्रमुख नेता भी मौजूद रहे।

भाजपा नेता भी पहुंचे शादी में

अखिलेश यादव के चचेरे भाई की शादी में भाजपा नेताओं की उपस्थिति ने भी सभी का ध्यान खींचा। केंद्र सरकार में मंत्री एसपी सिंह बघेल और यूपी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह भी समारोह में शामिल हुए। शादी की तस्वीरें और वीडियो खुद अखिलेश यादव ने एक्स पर साझा किए।

बिहार में सरकारी बंगलों का नया सिस्टम: क्यों नाराज हुईं राबड़ी देवी? बंगले खाली कराने पर सियासी विवाद तेज

बिहार में विधानसभा चुनाव के बाद नई सरकार के गठन के साथ ही सरकारी बंगलों को लेकर सियासी हंगामा मचा हुआ है। विवाद की जड़ 10, सर्कुलर रोड स्थित वह बंगला है, जहां पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पिछले करीब दो दशक से रह रही हैं। नई सरकार ने राबड़ी देवी सहित कई वर्तमान और पूर्व विधायकों को आवास खाली करने का नोटिस भेजा है, जिसके बाद राजनीति गरमा गई है।

लालू परिवार का 10, सर्कुलर रोड का पता लंबे समय से राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र रहा है। सरकार की ओर से नोटिस जारी करने के बाद इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया जा रहा है, जबकि सरकार का कहना है कि नए बंगला आवंटन सिस्टम के कारण यह कदम उठाया गया है।

बिहार में बंगलों का नया सिस्टम क्या है?

बिहार सरकार ने विधायकों के लिए दारोगा राय पथ के पास 44 एकड़ जमीन पर नए विधायक आवास बनाए हैं। इन नवनिर्मित आवासों पर संबंधित विधानसभा क्षेत्र का नाम और क्रमांक अंकित है। यानी जिस क्षेत्र से जो उम्मीदवार जीतकर आएगा, उसे उसी सीट के नाम वाले आवास में रहना होगा।

इस व्यवस्था का उद्देश्य बंगला आवंटन में होने वाले विवाद, बड़े-छोटे बंगले की खींचतान और राजनीतिक प्रभाव के आधार पर आवास बदलने जैसी समस्याओं को खत्म करना है।

क्या नेता प्रतिपक्ष और मंत्रियों को भी सामान्य विधायक आवास मिलेगा?

सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या नेता प्रतिपक्ष या मंत्री पद पर बैठे लोगों को भी ये सामान्य आवास ही दिए जाएंगे। इसका जवाब है—नहीं।

यह भी पढ़े:- प्रयागराज में अनोखी शादी: दुल्हन ने निकाली अपनी ही बारात, बग्घी पर 

राज्य सरकार ने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को पांच देशरत्न मार्ग और विजय कुमार सिन्हा को तीन स्ट्रैंड रोड का बंगला आवंटित किया है। अन्य मंत्रियों को भी सर्कुलर रोड, पोलो रोड, हार्डिंग रोड, नेहरू पथ और टेलर रोड के सरकारी आवास दिए गए हैं।

यानी मंत्रियों और उच्च पदस्थ विधायकों के लिए अलग श्रेणी के बंगले सुरक्षित रखे गए हैं।

बिहार में बंगला विवाद क्यों भड़का?

भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को नोटिस भेजकर तीन महीने के भीतर 10 सर्कुलर रोड खाली करने का निर्देश दिया है। चूंकि वह विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष हैं, इसलिए उन्हें 39 हार्डिंग रोड आवास आवंटित किया गया है।

नोटिस जारी होते ही लालू यादव के बेटे तेजप्रताप यादव और बेटी रोहिणी आचार्य ने इसे मुद्दा बनाते हुए सरकार पर हमला बोल दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर आरोप लगाते हुए लिखा कि सरकार का “विकास मॉडल” लालू यादव का अपमान करना है।

लालू परिवार के पास कानूनी विकल्प क्यों सीमित हैं?

कानूनी लड़ाई की संभावनाएं कमजोर इसलिए मानी जा रही हैं क्योंकि 2017 में इसी तरह के मामले में पटना हाईकोर्ट ने स्पष्ट आदेश दिया था।

तेजस्वी यादव ने अपने सरकारी बंगले को खाली करने के नोटिस के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन अदालत ने न केवल याचिका खारिज की बल्कि पूर्व मुख्यमंत्रियों को आजीवन बंगला और सुरक्षा देने की व्यवस्था भी खत्म कर दी थी।

साल 2005 में राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड आवंटित किया गया था, लेकिन हाईकोर्ट के 2017 आदेश के बाद अब उस पर दावा कानूनी रूप से टिक नहीं पाता है। इसलिए इस बार कानूनी राहत मिलना मुश्किल माना जा रहा है।

प्रयागराज में अनोखी शादी: दुल्हन ने निकाली अपनी ही बारात, बग्घी पर सवार होकर पहुंची दूल्हे के घर, वीडियो वायरल

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- प्रयागराज में एक अनोखी शादी लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बनी हुई है। परंपराओं से हटकर यहां दुल्हन ने खुद अपनी बारात निकालकर सबको चौंका दिया। कीडगंज इलाके में निकली इस बारात को देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भीड़ लग गई।

जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज निवासी राजेश जायसवाल की पांच बेटियां हैं और उन्होंने सभी को बेटों की तरह पाला है। उनका सपना था कि उनकी बेटी तनु की बारात भी बेटे की तरह धूमधाम से निकाली जाए। इसी सोच के साथ उन्होंने बाकायदा बारात का कार्ड छपवाया, जिसमें लिखा था— “हमारी बेटी की बारात जाएगी।”

यह भी पढ़े:- रेगिस्तान में ऊंट पर सवार होकर वोटर्स की तलाश में SDM और BLO

शादी वाले दिन लड़की पक्ष के लोग बैंड-बाजे के साथ बाराती बनकर दूल्हे के घर के लिए निकले। दुल्हन तनु बग्घी पर बैठी हुई खुशी से झूम रही थी और साथ में बाराती डीजे की धुन पर नाचते हुए चल रहे थे।

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि तनु करीब दो किलोमीटर तक बग्घी पर सवार होकर डांस करती हुई दूल्हे के घर पहुंचीं। इस अनोखी बारात को देखने के लिए कई लोग सड़कों पर खड़े दिखाई दिए, तो कई अपनी बालकनी से इस नज़ारे को मोबाइल में कैद करते दिखे।

तनु की यह अनोखी बारात न सिर्फ लोगों में चर्चा का विषय बनी, बल्कि सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है।

रेगिस्तान में ऊंट पर सवार होकर वोटर्स की तलाश में SDM और BLO, बाड़मेर में SIR अभियान बना बड़ी चुनौती

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- राजस्थान के बाड़मेर जिले में चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान ने प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। सीमावर्ती और रेतीले इलाकों में बिखरी बस्तियों और धोरों के बीच फैले गांवों तक पहुंचना आसान नहीं है, लेकिन मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए BLOs और प्रशासन लगातार मेहनत कर रहे हैं।

मतदाताओं के घर-घर जाकर फिजिकल वेरिफिकेशन करने के लिए BLO और उनकी टीम अक्सर ऊंटों की सवारी करते हुए घंटों तक रेगिस्तान में घूमते हैं। कई बार तो गांवों और ढाणियों के बीच दूरी इतनी अधिक होती है कि BLOs को रातभर वहीं रुककर सत्यापन कार्य पूरा करना पड़ता है।

यह भी पढ़े:- संविधान ने ही मुझे गरीब परिवार से उठाकर PM बनाया

इसी कठिन परिस्थिति में कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने और अभियान की प्रगति देखने के लिए उपखंड अधिकारी (SDM) बद्रीनारायण विश्नोई स्वयं भी ऊंट पर सवार होकर सीमा क्षेत्र के बावरवाला गांव पहुंचे। उन्होंने लगभग दो किलोमीटर तक ऊंट की सवारी करते हुए आसपास की ढाणियों में बसने वाले लोगों से मुलाकात की।

SDM ने ग्रामीणों को बताया कि SIR अभियान क्या है, क्यों जरूरी है, और इसमें दस्तावेजों का सत्यापन कैसे होता है। साथ ही उन्होंने मौके पर ग्रामीणों के दस्तावेजों की जांच भी की और उन्हें जागरूक करने का प्रयास किया।

रेतीले इलाके की चुनौतियों के बावजूद प्रशासन मतदाता सूची को सटीक और अद्यतन रखने के लिए लगातार प्रयासरत है।

संविधान ने ही मुझे गरीब परिवार से उठाकर PM बनाया, नए मतदाताओं से पीएम मोदी की अपील

न्यूज़ डेस्क/ सर्वोदय न्यूज़:- संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने अनुभव साझा करते हुए संविधान के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एक साधारण और गरीब परिवार से निकलकर देश का प्रधानमंत्री बनने तक की उनकी यात्रा केवल भारत के संविधान की शक्ति की वजह से संभव हुई है। इस मौके पर उन्होंने एक विस्तृत ब्लॉग भी लिखा, जिसमें पहली बार वोट डालने जा रहे युवाओं से विशेष अपील की गई है।

पीएम मोदी ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को यह महसूस कराना आवश्यक है कि वे अब सिर्फ छात्र नहीं, बल्कि देश की नीतियों के निर्माण में सक्रिय भागीदार हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि स्कूलों में हर साल 26 नवंबर को पहली बार वोट डालने वाले युवाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री के अनुसार, युवाओं में जिम्मेदारी और गर्व की भावना विकसित करने से वे जीवनभर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध बने रहेंगे, जो एक मजबूत राष्ट्र की आधारशिला है।

उन्होंने संविधान दिवस की ऐतिहासिक महत्ता पर भी प्रकाश डाला और बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकार किया था। इसी कारण 2015 में केंद्र सरकार ने इस दिन को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। पीएम मोदी ने कहा कि देश की प्रगति में संविधान सदैव मार्गदर्शक की भूमिका निभाता रहा है।

यह भी पढ़े:‘ब्राह्मण की बेटी’ वाले बयान पर बवाल: BJP–Congress एक सुर में; कार्रवाई की मांग तेज

प्रधानमंत्री ने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि 2014 में संसद भवन में प्रवेश करते समय उन्होंने उसकी सीढ़ियों पर सिर झुकाकर लोकतंत्र के इस महत्त्वपूर्ण मंदिर को नमन किया था। वहीं 2019 में जीत के बाद संसद के सेंट्रल हॉल में उन्होंने संविधान की प्रति को अपने माथे से लगाया था।

उन्होंने संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा की महिला सदस्यों के योगदान को स्मरण किया।

गुजरात में ‘संविधान गौरव यात्रा’ का उल्लेख

पीएम मोदी ने अपने ब्लॉग में बताया कि 2010 में गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने संविधान के 60 वर्ष पूरे होने पर ‘संविधान गौरव यात्रा’ की शुरुआत की थी। संविधान की प्रतिकृति को हाथी पर रखकर निकाली गई इस यात्रा का उद्देश्य संविधान के प्रति सम्मान और जागरूकता फैलाना था।

उन्होंने कहा कि संविधान के 75 वर्ष पूरे होने पर केंद्र सरकार ने देशभर में कई अभियान चलाए और संसद का विशेष सत्र भी आयोजित किया, जो जनभागीदारी का एक बड़ा उत्सव बना।

क्यों विशेष है इस बार का संविधान दिवस

प्रधानमंत्री ने लिखा कि यह वर्ष सरदार पटेल और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती का है, जिनकी प्रेरणा आज भी देश का मार्गदर्शन करती है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की दूरदृष्टि ने भारत के राजनीतिक एकीकरण को संभव बनाया और इसी प्रेरणा ने सरकार को जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने के निर्णय तक पहुंचाया, जिसके बाद वहां संविधान पूर्ण रूप से लागू हो चुका है।

पीएम मोदी ने बताया कि इस वर्ष वंदे मातरम के 150 वर्ष और गुरु तेग बहादुर जी की शहादत के 350 वर्ष भी पूरे हो रहे हैं, जो देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को और समृद्ध करते हैं।

‘ब्राह्मण की बेटी’ वाले बयान पर बवाल: BJP–Congress एक सुर में; कार्रवाई की मांग तेज

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- मध्य प्रदेश के वरिष्ठ IAS अधिकारी संतोष वर्मा द्वारा आरक्षण को लेकर दिए गए विवादित बयान ने बड़ा राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया है। एक कार्यक्रम में वर्मा ने कहा था कि “जब तक कोई ब्राह्मण अपनी बेटी मेरे बेटे को दान न कर दे या उससे संबंध न बना ले, तब तक ‘एक परिवार–एक आरक्षण’ का नियम हमें मंजूर नहीं।”
यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया शुरू हो गई और ब्राह्मण संगठनों में नाराजगी फैल गई। हालांकि ज्यादातर बड़े राजनीतिक दल मौन हैं, लेकिन भाजपा और कांग्रेस के कई ब्राह्मण नेता इस मुद्दे पर एकजुट होकर IAS अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

कैसे शुरू हुआ विवाद?

अनुसूचित जाति–जनजाति अधिकारी कर्मचारी संघ (अजाक्स) के प्रांतीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद पहले अधिवेशन में संतोष वर्मा ने मंच से यह विवादित टिप्पणी की।
वीडियो वायरल होने पर वर्मा ने पहले इसे तोड़–मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया और बाद में माफी भी मांग ली, पर विवाद बढ़ता ही गया।

भाजपा के सतीश चंद्र दुबे का कड़ा हमला

भाजपा के राज्यसभा सांसद और केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने बयान को “मानसिक दिवालियापन” बताया। उन्होंने कहा “यह जातिगत और स्त्री-विरोधी बयान समाज को बांटने वाली मानसिकता का प्रमाण है।” “हमारी संस्कृति बेटियों का सम्मान सिखाती है, न कि उन्हें ‘दान’ की वस्तु समझना।” “सरकार ऐसे मानसिक पतन को बर्दाश्त नहीं करेगी।” दुबे ने स्पष्ट शब्दों में संतोष वर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस नेता अमित शर्मा भी आर-पार के मूड में

मध्य प्रदेश कांग्रेस के महासचिव अमित शर्मा ने कहा कि यह बयान सिर्फ ब्राह्मण बेटियों का नहीं, बल्कि सभी जातियों और धर्मों की महिलाओं का अपमान है।

यह भी पढ़े”- Aaj Ka Rashifal 26 November 2025: आज मेष से मीन तक कैसा रहेगा आपका दिन?

उन्होंने कहा “अगर किसी दूसरे धर्म या जाति को लेकर ऐसा कहा जाता तो सोशल मीडिया पर तूफान आ जाता, लेकिन ब्राह्मण समाज के मामले में सब चुप क्यों हैं?”

“मुख्यमंत्री और चीफ सेक्रेटरी को वर्मा के निष्कासन की मांग करनी चाहिए।” “डीजीपी से FIR दर्ज की अपील की जानी चाहिए।” उन्होंने ब्राह्मण समाज के नेताओं से चाहे वे किसी भी पार्टी के हों, खुलकर आवाज उठाने का आग्रह किया।

मुकेश नायक ने कहा— वर्मा पर FIR होनी चाहिए

कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा “आरक्षण कोई वर्मा जी की निजी संपत्ति नहीं है।” “उन्होंने सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाया है।” “जिस तरह दलित समाज का अपमान करने पर केस दर्ज होता है, उसी तरह यहां भी मुकदमा होना चाहिए।”

मामले पर अब तक क्या हुआ?

IAS अधिकारी संतोष वर्मा ने माफी तो मांग ली है, पर कई सामाजिक और ब्राह्मण संगठन उनके निलंबन और FIR की मांग पर अड़े हुए हैं। प्रशासन और सरकार से अभी तक कोई सख्त कार्रवाई सामने नहीं आई है।

Aaj Ka Rashifal 26 November 2025: आज मेष से मीन तक कैसा रहेगा आपका दिन? पढ़ें दैनिक राशिफल

Aaj Ka Rashifal 26 November 2025: आज के ग्रहयोग कई राशियों के लिए शुभ संकेत लेकर आए हैं। गुरु कर्क राशि में, केतु सिंह में, शुक्र–बुध तुला राशि में, सूर्य और मंगल वृश्चिक में, चंद्रमा मकर में, राहु कुंभ में और शनि मीन राशि में गोचर कर रहे हैं। आइए जानते हैं 26 नवंबर का दिन 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा।

मेष राशि

सरकारी कामों में सफलता के योग बन रहे हैं। कोर्ट-कचहरी के मामलों में जीत मिल सकती है। नौकरी और व्यापार दोनों ही पक्ष मजबूत रहेंगे। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। प्रेम और संतान पक्ष भी बेहतर।
उपाय: लाल वस्तु अपने पास रखें।

वृषभ

भाग्य का साथ मिलेगा। धार्मिक यात्रा या अन्य ट्रिप का योग बन सकता है। स्वास्थ्य में सुधार होगा। प्रेम और संतान पक्ष थोड़ा मध्यम। व्यापार अच्छा चलेगा।
उपाय: हरी वस्तु पास रखें।

मिथुन राशि

चोट या दुर्घटना का योग बन रहा है, सावधानी बरतें और रिस्क न लें। स्वास्थ्य मध्यम। प्रेम और संतान की स्थिति अच्छी रहेगी। व्यापार अनुकूल रहेगा।
उपाय: हरी वस्तु अपने पास रखें।

कर्क राशि

जीवनसाथी का भरपूर सहयोग मिलेगा। प्रेम और संतान पक्ष शानदार रहेगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा और व्यापार में मजबूती बनी रहेगी।
उपाय: लाल वस्तु रखें।

सिंह राशि 

शत्रुओं पर दबदबा बना रहेगा। स्वास्थ्य थोड़ा मध्यम रह सकता है। प्रेम और संतान की स्थिति अच्छी। व्यापार में भी लाभ के योग।
उपाय: पीली वस्तु साथ रखें।

कन्या राशि 

भावुक होकर कोई निर्णय न लें। पढ़ाई-लिखाई में समय बिताना लाभकारी रहेगा। प्रेम संबंधों में विवाद से बचें। बच्चों की सेहत का ध्यान रखें। बाकी स्थितियां अच्छी रहेंगी।
उपाय: हरी वस्तु पास रखें।

तुला राशि 

घर में कलह की संभावनाएं हैं, संयम रखें। भूमि, भवन या वाहन की खरीदारी का प्रबल योग। स्वास्थ्य, प्रेम और व्यापार उत्तम रहेगा।
उपाय: नीली वस्तु रखें।

वृश्चिक राशि

पराक्रम रंग लाएगा। नौकरी और व्यवसाय में तरक्की मिलेगी। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। प्रेम और संतान पक्ष सुखद।
उपाय: पीली वस्तु दान करें।

धनु राशि

धन प्राप्ति के योग हैं। परिवार में वृद्धि का संकेत। स्वास्थ्य, प्रेम और संतान पक्ष अच्छा रहेगा। व्यापार ठीक रहेगा, लेकिन आज निवेश का जोखिम न लें।
उपाय: लाल वस्तु रखें।

मकर राशि 

ऊर्जा का स्तर बढ़ा रहेगा। समाज में सम्मान मिलेगा। स्वास्थ्य अच्छा, प्रेम और व्यापार मजबूत। आकर्षण का केंद्र बने रहेंगे।
उपाय: काली जी को प्रणाम करें।

कुंभ राशि 

मन बेचैन रह सकता है। अज्ञात भय और चिंताएं सताएंगी। खर्च बढ़ेगा। हालांकि प्रेम और संतान पक्ष अच्छा रहेगा। व्यापार भी लाभ देगा।
उपाय: हरी वस्तु रखें।

मीन राशि 

आय के नए स्रोत खुलेंगे। पुराने रुके पैसे भी मिलने के योग। स्वास्थ्य, प्रेम और व्यापार शानदार। यात्रा अत्यंत लाभकारी होगी।
उपाय: पीली वस्तु अपने पास रखें।