Home Blog Page 116

मेघालय की अवैध कोयला खदान में भीषण विस्फोट, 18 मजदूरों की मौत; मलबे में कई के दबे होने की आशंका

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- मेघालय के ईस्ट जयंतिया हिल्स जिले में गुरुवार को एक अवैध कोयला खदान में हुए भीषण डायनामाइट विस्फोट ने बड़ा हादसा कर दिया। इस दुर्घटना में अब तक कम से कम 18 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन को डर है कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।

यह हादसा जिले के सुदूरवर्ती मयन्संगट-थांगस्को क्षेत्र में हुआ, जहां लंबे समय से अवैध रूप से कोयला खनन किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। विस्फोट की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), अग्निशमन सेवा, फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ता तुरंत रवाना किया गया।

ईस्ट जयंतिया हिल्स के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हादसा डायनामाइट विस्फोट के कारण हुआ। उन्होंने बताया कि अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक गंभीर रूप से झुलसे घायल को बेहतर इलाज के लिए शिलांग रेफर किया गया है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है, लेकिन क्षेत्र दुर्गम होने के कारण ऑपरेशन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

पहाड़ी ढहने से दबे मजदूर

प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक, जिस पहाड़ी पर अवैध खनन किया जा रहा था, वहीं विस्फोट हुआ। धमाके के बाद पहाड़ी का बड़ा हिस्सा ढह गया, जिससे वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए। घटनास्थल पर चारों तरफ कोयले, पत्थरों और मिट्टी का ढेर फैल गया है, जिससे बचाव कार्य और जटिल हो गया है।

स्थानीय सूत्रों का कहना है कि खदान में काम करने वाले अधिकतर मजदूर बाहरी राज्यों से थे और सुरक्षा के बुनियादी इंतजाम भी नहीं थे। अवैध खनन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी अक्सर ऐसे हादसों की वजह बनती रही है।

पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा

यह पहली बार नहीं है जब थांगस्को क्षेत्र में इस तरह का हादसा हुआ हो। इससे पहले 23 दिसंबर 2025 को भी इसी इलाके में एक विस्फोट हुआ था, जिसमें दो खनिकों की मौत हो गई थी। इसके बावजूद अवैध खनन गतिविधियों पर पूरी तरह रोक नहीं लग सकी।

रैट-होल माइनिंग पर प्रतिबंध के बावजूद जारी अवैध खनन

गौरतलब है कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने अप्रैल 2014 में मेघालय में खतरनाक और अवैज्ञानिक ‘रैट-होल’ कोयला खनन पर प्रतिबंध लगा दिया था। यह प्रतिबंध पर्यावरण और मानव जीवन को होने वाले गंभीर खतरे को देखते हुए लगाया गया था।

मेघालय हाई कोर्ट द्वारा कोयला मामलों की निगरानी के लिए नियुक्त न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) ब्रोजेंद्र प्रसाद काटाके भी पहले यह कह चुके हैं कि सरकार के आश्वासनों के बावजूद राज्य में अवैध कोयला खनन और उसका परिवहन लगातार जारी है।

यह भी पढ़े:- UPI New Rules 2026: फरवरी से बदल जाएंगे UPI के नियम, 10 सेकंड में होगा पेमेंट

हालांकि, मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने पूर्व में दावा किया था कि जिला प्रशासन सतर्क है और अवैध खनन से जुड़े 1,000 से अधिक मामलों में कार्रवाई की गई है, लेकिन ताजा हादसा प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े करता है।

जांच के आदेश, जिम्मेदारों पर गिरेगी गाज

प्रशासन ने इस हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन में शामिल लोगों और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल राहत और बचाव कार्य प्राथमिकता पर है और मलबे में फंसे मजदूरों को निकालने की कोशिशें जारी हैं।

UPI New Rules 2026: फरवरी से बदल जाएंगे UPI के नियम, 10 सेकंड में होगा पेमेंट

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- डिजिटल पेमेंट सिस्टम को और तेज व सुरक्षित बनाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने फरवरी 2026 से UPI के नए नियम लागू करने का फैसला किया है। इन बदलावों का उद्देश्य UPI ट्रांजैक्शन की स्पीड बढ़ाना, तकनीकी सिस्टम को मजबूत करना और ऑनलाइन धोखाधड़ी पर लगाम लगाना है।

अब 10 सेकंड में पूरा होगा UPI ट्रांजैक्शन

नए नियमों के तहत अब UPI पेमेंट और उससे जुड़े API रिस्पॉन्स को अधिकतम 10 सेकंड में पूरा करना होगा। अभी तक यह सीमा 30 सेकंड थी, जिसकी वजह से कई बार पेमेंट “Pending” या “Processing” में फंस जाता था।

NPCI के अनुसार, इस बदलाव से फेल ट्रांजैक्शन की संख्या घटेगी, त्योहारों और महीने के अंत की भीड़ में भी सिस्टम बेहतर काम करेगा| यूजर्स को तुरंत पेमेंट कन्फर्मेशन मिलेगा | API यानी एप्लिकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस UPI ऐप और बैंक के बीच तालमेल का काम करता है। API की स्पीड बढ़ने से बैंक से कन्फर्मेशन जल्दी मिलेगा और भुगतान बिना रुकावट पूरा होगा।

बड़े अमाउंट के लिए बढ़ेगी सुरक्षा

नए UPI नियमों में सुरक्षा को खास तवज्जो दी गई है। बड़े अमाउंट के भुगतान से पहले यूजर्स को स्पष्ट कन्फर्मेशन अलर्ट मिलेगा| ऑटो-पेमेंट और सब्सक्रिप्शन सिस्टम को ज्यादा सुरक्षित बनाया जाएगा| यूजर्स अपनी सब्सक्रिप्शन को आसानी से देख, मैनेज और कैंसल कर सकेंगे|

लंबे समय से इस्तेमाल न होने वाली UPI ID पर सख्ती

जो UPI ID लंबे समय से इस्तेमाल में नहीं है, उसे अस्थायी रूप से डॉरमेंट किया जा सकता है। दोबारा इस्तेमाल करने के लिए यूजर को री-वेरिफिकेशन करना होगा। इससे पुराने और निष्क्रिय अकाउंट्स के जरिए होने वाले फ्रॉड पर रोक लगेगी।

फेल पेमेंट पर जल्दी समाधान जरूरी

अगर किसी कारणवश UPI पेमेंट फेल होता है या अटक जाता है, तो बैंक और UPI ऐप्स को कुछ घंटों के भीतर समाधान देना अनिवार्य होगा। साथ ही यूजर को ट्रांजैक्शन की स्थिति की स्पष्ट जानकारी भी देनी होगी।

यह भी पढ़े:- पंचायत चुनाव से पहले सीएम योगी का ‘मिशन विलेज’, ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने पर फोकस

यूजर्स को क्या होगा फायदा?

  • तेज और भरोसेमंद UPI ट्रांजैक्शन
  • फेल पेमेंट और लंबा इंतजार कम
  • बड़े अमाउंट पर ज्यादा सुरक्षा
  • फ्रॉड की घटनाओं में कमी

फरवरी 2026 से लागू होने वाले ये नियम UPI सिस्टम को पहले से ज्यादा मजबूत और यूजर-फ्रेंडली बनाने की दिशा में बड़ा कदम माने जा रहे हैं।

पंचायत चुनाव से पहले सीएम योगी का ‘मिशन विलेज’, ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने पर फोकस

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में आगामी पंचायत चुनाव से पहले योगी सरकार ने गांवों को केंद्र में रखकर बड़ी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। ‘मिशन विलेज’ के तहत ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। राज्य सरकार अब स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़ी महिलाओं को मधुमक्खी पालन और शहद उत्पादन से जोड़ने जा रही है।

यह योजना उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से लागू की जा रही है, जिसका उद्देश्य गांवों में रोजगार के नए अवसर पैदा करना और महिलाओं को उद्यमिता से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। सरकार ने अगले तीन वर्षों में एक लाख महिला मधुमक्खी पालक तैयार करने का लक्ष्य तय किया है।

महिलाओं की आय में होगी सीधी बढ़ोतरी

सरकारी आकलन के मुताबिक, इस योजना से जुड़ने वाली प्रत्येक महिला की वार्षिक आय में करीब एक लाख रुपये तक की वृद्धि संभव है। महिलाओं को मधुमक्खी पालन के लिए प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और बाजार से सीधा जुड़ाव दिया जाएगा, जिससे वे अपने उत्पाद सीधे बेच सकेंगी।

इस पहल से ग्रामीण अर्थव्यवस्था में नकदी का प्रवाह बढ़ेगा और महिलाओं को स्थायी आजीविका का साधन मिलेगा।

यूपी का शहद पहुंचेगा ग्लोबल मार्केट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के तहत अब उत्तर प्रदेश का शहद केवल स्थानीय बाजारों तक सीमित नहीं रहेगा। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अपना खुद का शहद ब्रांड लॉन्च करेंगी। सरकार इन उत्पादों की ब्रांडिंग और मार्केटिंग को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाने की तैयारी में है।

शहद के साथ-साथ मोम और अन्य उप-उत्पादों के विपणन से भी महिलाओं को अतिरिक्त आमदनी का मौका मिलेगा।

खेती को भी मिलेगा फायदा, बढ़ेगी पैदावार

मधुमक्खी पालन से केवल शहद उत्पादन ही नहीं बढ़ेगा, बल्कि इसका सीधा असर खेती पर भी पड़ेगा। परागण की प्रक्रिया से गेहूं, सरसों, दलहन, तिलहन और बागवानी फसलों की पैदावार में उल्लेखनीय वृद्धि होती है।

यह भी पढ़े:- चाइनीज मांझे से मौत में मर्डर केस चलेगा, यूपी में योगी का सख्त एक्शन

इससे किसानों को बिना अतिरिक्त लागत के बेहतर उत्पादन मिलेगा और खेती व मधुमक्खी पालन के बीच एक लाभकारी संतुलन बनेगा।

चुनाव से पहले बड़ा सियासी और आर्थिक दांव

योगी सरकार की इस पहल को पंचायत चुनाव से पहले ग्रामीण महिलाओं को संगठित करने और जमीनी स्तर पर आर्थिक खुशहाली लाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। ‘मिशन विलेज’ के जरिए सरकार गांव, किसान और महिला—तीनों को साधने की कोशिश में जुटी है।

चाइनीज मांझे से मौत में मर्डर केस चलेगा, यूपी में योगी का सख्त एक्शन

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में चाइनीज़ मांझे से हुई मौत को अब गंभीर अपराध माना जाएगा। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि इस तरह की घटनाओं में मर्डर का केस दर्ज किया जाएगा। प्रदेश में लगातार हादसों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है।

योगी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री ने हाल ही में समीक्षा बैठक में अधिकारियों से पूछा कि प्रतिबंध के बावजूद बाजार में चाइनीज़ मांझा कैसे उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाकर ऐसे मांझे की बिक्री, भंडारण और सप्लाई करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए।

सीएम योगी ने कहा कि चाइनीज़ मांझे से होने वाली मौतों को गंभीर अपराध मानते हुए जरूरत पड़ने पर हत्या के अंतर्गत केस दर्ज किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए, ताकि लोग इस खतरनाक मांझे से दूर रहें और सुरक्षित विकल्प अपनाएं।

लखनऊ में हालिया हादसा

4 फरवरी को लखनऊ में एक युवक एमआर की मौत चाइनीज़ मांझे से गर्दन कटने के कारण हुई। वह बाइक से जा रहे थे, तभी उनके गले में चाइनीज़ मांझा फंस गया। खून से लथपथ युवक बाइक समेत गिर पड़े और करीब 10 मिनट तक तड़पते रहे। राहगीरों ने उन्हें तुरंत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

सरकार की कार्रवाई और चेतावनी

चाइनीज़ मांझा बेहद खतरनाक है और इससे लोगों की जान को गंभीर खतरा रहता है। योगी सरकार ने इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी है। पुलिस प्रमुखों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अवैध मांझे की सप्लाई चेन की पहचान कर बड़े स्तर पर छापेमारी की जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

यह भी पढ़े:- Silver Price Today: चांदी के दामों में बड़ी गिरावट, खरीदारों को मिली राहत

प्रदेशभर में इस खतरनाक वस्तु के खिलाफ रेड अभियान जारी रहेगा, और जनता को सुरक्षित विकल्प अपनाने के लिए जागरूक किया जाएगा।

Silver Price Today: चांदी के दामों में बड़ी गिरावट, खरीदारों को मिली राहत

Silver Rate Today (5 फरवरी): चांदी खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए आज राहत भरी खबर है। बीते कुछ दिनों से सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा था, जिससे आम ग्राहकों के साथ-साथ निवेशक भी असमंजस में थे। लेकिन आज चांदी के भाव में आई तेज गिरावट ने बाजार को चौंका दिया है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण सोना अब भी सुरक्षित निवेश के तौर पर मजबूती बनाए हुए है। वहीं घरेलू बाजार में पिछले सत्र की तेजी के बाद MCX पर चांदी में आई गिरावट से मिडिल क्लास खरीदारों को थोड़ी राहत मिली है।

एक समय चांदी ₹4,20,000 प्रति किलो के ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गई थी, लेकिन अब इसके भाव में भारी गिरावट देखने को मिली है। मौजूदा समय में चांदी करीब ₹2,58,096 प्रति किलो के आसपास कारोबार कर रही है।

आज सोना-चांदी का हाल

आज चांदी 6 फीसदी के लोअर सर्किट के साथ खुली। अंतरराष्ट्रीय बाजार Comex पर भी चांदी में तेज गिरावट दर्ज की गई है, जहां इसका भाव 9.73 फीसदी टूटकर 76.045 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।

सोने की कीमतों में भी दबाव देखने को मिला है। MCX पर गोल्ड करीब ₹4,000 प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ है और फिलहाल इसका भाव ₹1,49,000 प्रति 10 ग्राम के आसपास बना हुआ है।

सराफा बाजार का अपडेट

डॉलर की मजबूती और हालिया तेज रैली के बाद मुनाफावसूली के चलते सोने-चांदी की कीमतों में नरमी देखने को मिल रही है। हालांकि निचले स्तरों पर खरीदारी बढ़ने से गिरावट पर कुछ हद तक रोक भी लगी है।

मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली सराफा बाजार में 24 कैरेट सोना ₹6,280 प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना ₹5,760 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। आज दोनों कैटेगरी में ₹10 प्रति 10 ग्राम की मामूली तेजी दर्ज की गई।

चांदी की बात करें तो लगातार दूसरे दिन इसमें हल्का उतार-चढ़ाव देखा गया। 1 फरवरी के बाद पिछले पांच दिनों में चांदी करीब ₹1.30 लाख प्रति किलो तक सस्ती हुई थी। इसके बाद दो दिनों में इसमें कुल ₹40,100 की तेजी आई। हालांकि आज दिल्ली में चांदी ₹100 प्रति किलो टूटकर ₹3,20,100 प्रति किलो पर आ गई। मुंबई, चेन्नई और कोलकाता जैसे बड़े शहरों में भी चांदी लगभग इसी स्तर पर कारोबार कर रही है।

एक्सपर्ट्स क्या कहते हैं

कमोडिटी बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, हालिया गिरावट रिकॉर्ड ऊंचाई से आई है और इसके पीछे मार्जिन में बढ़ोतरी व मुनाफावसूली अहम वजहें हैं। एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट (कमोडिटी एवं करेंसी रिसर्च) जतिन त्रिवेदी का कहना है कि बाजार में फिलहाल अस्थिरता बनी रह सकती है।

यह भी पढ़े:- ‘हमें कोरियन चाहिए…’ गाजियाबाद में तीन बहनों की आत्महत्या, शादी के डर और मानसिक दबाव की

वहीं कमोडिटी एक्सपर्ट एन.एस. रामास्वामी के मुताबिक, सोने और चांदी में आई यह गिरावट तेज तेजी के बाद एक स्वाभाविक करेक्शन है। डॉलर की मजबूती से बिकवाली जरूर बढ़ी है, लेकिन सोने का लंबी अवधि का बुल ट्रेंड अब भी मजबूत बना हुआ है।

उनका कहना है कि सेंट्रल बैंकों की लगातार खरीद, भू-राजनीतिक जोखिम और पोर्टफोलियो डायवर्सिफिकेशन की बढ़ती मांग सोने को सपोर्ट दे रही है। अनुमान है कि 2026 में सेंट्रल बैंक गोल्ड खरीद 800 टन से ज्यादा रह सकती है, जिससे आगे चलकर कीमतें फिर नए रिकॉर्ड बना सकती हैं।

‘हमें कोरियन चाहिए…’ गाजियाबाद में तीन बहनों की आत्महत्या, शादी के डर और मानसिक दबाव की कहानी बयान करता सुसाइड नोट

Ghaziabad Triple Suicide Case: गाजियाबाद में तीन नाबालिग बहनों द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में मिला सुसाइड नोट जांच एजेंसियों के साथ-साथ समाज को भी गहरे सवालों के घेरे में खड़ा कर रहा है। बहनों द्वारा छोड़ा गया यह पत्र उनके मानसिक संघर्ष, पारिवारिक टकराव और शादी को लेकर गहरे डर की तस्वीर सामने लाता है।

पुलिस के अनुसार, बहनों ने अपने पिता के नाम लिखे सुसाइड लेटर में कोरियन कंटेंट, के-पॉप और विदेशी एंटरटेनमेंट से अपने गहरे जुड़ाव का जिक्र किया है। साथ ही, परिवार द्वारा इस रुचि को न अपनाए जाने और भविष्य को लेकर बने दबाव को अपनी मानसिक पीड़ा का कारण बताया है।

सुसाइड नोट में छलका भावनात्मक टकराव

सुसाइड नोट की पंक्तियों में बहनों ने लिखा है कि कोरियन संस्कृति और कलाकारों से उनका लगाव उनके लिए “जान” जैसा था। उन्होंने यह भी लिखा कि वे जिस दुनिया और पसंद से जुड़ी थीं, उससे उन्हें अलग किया जा रहा था, जिससे वे खुद को परिवार से दूर महसूस करने लगी थीं।

पत्र में यह स्वीकार किया गया है कि उनकी पसंद और पारिवारिक अपेक्षाओं के बीच की दूरी लगातार बढ़ती चली गई और वे खुद को असहाय महसूस करने लगीं।

पसंद की दुनिया और डिजिटल जुड़ाव

नोट में बहनों ने अपनी पसंदीदा चीजों की एक लंबी सूची भी लिखी है, जिसमें कोरियन अभिनेता, के-पॉप ग्रुप, कोरियन बीएल ड्रामा के साथ-साथ चीनी, थाई और जापानी कंटेंट, हॉलीवुड संगीत, कार्टून और मोबाइल गेम्स शामिल हैं। यह सूची उनकी उस डिजिटल दुनिया को दर्शाती है, जहां वे खुद को सबसे अधिक जुड़ा और सुरक्षित महसूस करती थीं।

भाई को लेकर नाराजगी और पारिवारिक दूरी

सुसाइड लेटर में छोटे भाई ‘देवु’ का भी जिक्र है। बहनों ने लिखा कि वे अपने भाई को भी अपनी पसंदीदा दुनिया से जोड़ना चाहती थीं, लेकिन परिवार की असहमति के चलते ऐसा नहीं हो सका।

यह भी पढ़े:- एकतरफा प्रेम में सनकी छात्र की शर्मनाक हरकत, महिला शिक्षिका पर हमला; CCTV में कैद हुई घटना

यहीं से उनके भीतर नाराजगी और दूरी बढ़ती चली गई, जिसका असर पारिवारिक रिश्तों पर भी पड़ा।

शादी का डर और मानसिक दबाव

नोट में बहनों ने साफ तौर पर लिखा कि शादी का विचार उन्हें डराता था। उनका कहना था कि जिस सोच और संस्कृति से वे जुड़ी थीं, उसके विपरीत जीवन जीने की कल्पना उन्हें असहनीय लगती थी। इसी मानसिक दबाव और असहजता को उन्होंने अपने फैसले की वजह बताया।

मनोवैज्ञानिक पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सुसाइड नोट को साक्ष्य के तौर पर कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। साथ ही, इस मामले में डिजिटल लत, पारिवारिक संवाद की कमी और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े पहलुओं पर भी जांच केंद्रित की जा रही है।

यह घटना किशोर मानसिक स्वास्थ्य, पारिवारिक संवाद और बदलती पीढ़ी की संवेदनाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

नोट: यदि आप या आपके आसपास कोई मानसिक तनाव से जूझ रहा है, तो मदद लेना बेहद ज़रूरी है। काउंसलर, परिवार या हेल्पलाइन से संपर्क करना जीवन बचा सकता है।

एकतरफा प्रेम में सनकी छात्र की शर्मनाक हरकत, महिला शिक्षिका पर हमला; CCTV में कैद हुई घटना

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- मैनपुरी जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला शिक्षिका पर सनकी छात्र द्वारा किए गए हमले की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। आरोप है कि छात्र शिक्षिका से एकतरफा प्रेम करता था और लंबे समय से उन्हें परेशान कर रहा था। घटना के दिन आरोपी ने रास्ते में रोककर शिक्षिका पर अचानक हमला कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

गली में रोककर जबरदस्ती का प्रयास, शिक्षिका घायल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने शिक्षिका को गली में रोककर जबरदस्ती करने की कोशिश की और इस दौरान उन पर गंभीर हमला किया। आरोप है कि उसने अमानवीय तरीके से शिक्षिका को चोट पहुंचाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तभी आरोपी फरार हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल शिक्षिका को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

CCTV फुटेज से आरोपी की पहचान

पूरी घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस को आरोपी की पहचान में मदद मिली है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

यह भी पढ़े:- स्कूटी से 6 किलोमीटर तक पीछा कर पुलिस ने सपा नेता को पकड़ा, इलाके में निकाला गया जुलूस

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

इलाके में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग

घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस से कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्कूटी से 6 किलोमीटर तक पीछा कर पुलिस ने सपा नेता को पकड़ा, इलाके में निकाला गया जुलूस; जानें क्या हैं आरोप

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- कानपुर के घाटमपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस ने सपा नेता आमिर जैदी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए आसान नहीं रही। कार्रवाई की भनक लगते ही आमिर भागने लगा, लेकिन इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने स्कूटी से करीब छह किलोमीटर तक पीछा कर उसे दबोच लिया।

पुलिस के मुताबिक, आमिर जैदी पर एक युवती ने दुष्कर्म और धर्मांतरण का दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।

प्रेमजाल में फंसाने और ब्लैकमेल करने का आरोप

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2013 में उसके पिता के निधन के बाद आमिर जैदी ने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया। आरोप है कि आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और लंबे समय तक शारीरिक शोषण करता रहा।

युवती के अनुसार, पिछले वर्ष सितंबर में जब परिजनों ने उसकी शादी तय की, तो आमिर ने अपने सहयोगियों शनि उर्फ सनी अब्बास, रिजवी और राजा उर्फ अख्तर अंसारी के साथ मिलकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

धर्मांतरण का दबाव और सोशल मीडिया के जरिए धमकी

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उस पर मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बना रहा था। इंकार करने पर आमिर ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर उसकी फोटो और वीडियो उसके होने वाले ससुराल पक्ष को भेजे।

यह भी पढ़े:- मंत्री को रोकने वाले भाजपा विधायक बृजभूषण के बयान से मचा सियासी बवाल, पिता की 

इतना ही नहीं, युवती की सगाई अक्टूबर में होने के बाद आरोपी ने उसके मंगेतर, ननद और अन्य परिजनों को भी धमकियां दीं। आरोप है कि आरोपी ने मंगेतर को कानपुर की गल्लामंडी बुलाकर जान से मारने की धमकी भी दी।

रात में भागने की कोशिश, जहांगीराबाद के पास गिरफ्तारी

इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आमिर जैदी बाइक से फरार होने की कोशिश कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने पीछा कर उसे जहांगीराबाद गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस के अनुसार, आमिर जैदी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वर्ष 2020 में घाटमपुर दौरे पर आए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को काले झंडे दिखाने, मारपीट, जुआ सहित कई मामलों में उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं।

सोशल मीडिया पर पुलिस कार्रवाई की हो रही सराहना

दुष्कर्म और धर्मांतरण जैसे गंभीर आरोपों में गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट की कार्यशैली की सराहना की जा रही है। विधायक सरोज कुरील ने भी बयान जारी कर कहा कि ऐसे पुलिस अधिकारी अपराधमुक्त समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।

मंत्री को रोकने वाले भाजपा विधायक बृजभूषण के बयान से मचा सियासी बवाल, पिता की पोस्ट भी बनी चर्चा का विषय

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:-जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला रोकने वाले चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत इन दिनों अपने बयानों को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान विधायक द्वारा दिया गया बयान-“मंत्री क्या चीज हैं, जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री को भी रोकेंगे”—जिले की राजनीति में हलचल पैदा कर गया है।

इस बयान के बाद राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया। इसी बीच विधायक के पिता और पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत का एक फेसबुक पोस्ट भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसने मामले को और हवा दे दी।

वायरल वीडियो में मंत्री पर साधा निशाना

बीते दो दिनों में सोशल मीडिया पर विधायक बृजभूषण राजपूत के दो वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें वह जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को लेकर जलशक्ति मंत्री पर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं। इन वीडियो में विधायक कहते दिख रहे हैं कि मंत्री का काफिला रोकना उनके लिए कोई बड़ी बात नहीं है। हालांकि, इन वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पार्टी नेताओं ने जताई नाराजगी

विधायक के बयान को लेकर पार्टी के भीतर भी असहजता देखने को मिल रही है। बजट की जानकारी देने महोबा पहुंचे संगठन के जिला प्रभारी संजीव श्रंगी ऋषि ने कहा कि इस तरह की टिप्पणी अनुचित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी विधायक मंत्री, सांसद या मुख्यमंत्री पर इस तरह की टिप्पणी नहीं कर सकता। मामले को संगठन स्तर पर ले जाने की बात कही गई है।

भाजपा युवा मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शिवेंद्र सिंह ने भी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “विधायक जी का यह कहना कि मुख्यमंत्री को रोकेंगे, हद से ज्यादा है।”

पिता की फेसबुक पोस्ट ने खींचा ध्यान

विवाद बढ़ने के बीच विधायक के पिता और पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा—“महादेव मेरे विधायक बेटे को सद्बुद्धि दें। अहंकार मनुष्य का सबसे बड़ा शत्रु होता है। कोई भी व्यक्ति खुद को पार्टी से बड़ा न समझे।”

यह भी पढ़े:- Aaj ka Rashifal 5 February 2026: सभी 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा 5 फरवरी का दिन? 

यह पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। हालांकि, कुछ समय बाद इस पोस्ट को डिलीट कर दिया गया।

पहले भी मंत्री का काफिला रोकने को लेकर आए थे सुर्खियों में

गौरतलब है कि हाल ही में विधायक बृजभूषण राजपूत ने लगभग 40 गाड़ियों के काफिले के साथ महोबा पहुंचे जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला रोक दिया था। मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि विधायक के बयान से नया विवाद खड़ा हो गया।

वायरल वीडियो में विधायक यह दावा करते भी नजर आ रहे हैं कि विधायक बनने से पहले उन्होंने झांसी में तत्कालीन मंत्री प्रदीप जैन को भी बंधक बनाया था। उन्होंने कहा कि वह पहले लापरवाह अधिकारियों को “चूड़ियां पहना देते थे।”

इसके साथ ही उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा में हर विधायक और सांसद ‘इंजन’ है, जबकि दूसरी पार्टियों में सिर्फ ‘डिब्बे’ होते हैं।

Aaj ka Rashifal 5 February 2026: सभी 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा 5 फरवरी का दिन? पढ़ें आज का राशिफल

Aaj ka Rashifal 5 February 2026: ग्रहों की स्थिति- गुरु मिथुन राशि में, केतु सिंह राशि में। चंद्रमा कन्या राशि में, सूर्य, शुक्र, मंगल, मकर राशि में। बुध, और राहु कुंभ राशि में और शनि मीन राशि के गोचर में हैं।

मेष राशि:

 शत्रुओं पर दबदबा कायम रहेगा लेकिन स्वास्थ्य थोड़ा प्रभावित दिख रहा है। प्रेम, संतान की स्थिति अच्छी है, व्यापार भी अच्छा है। हरी वस्तु का दान करना शुभ होगा।

वृषभ राशि:

महत्वपूर्ण निर्णय भावुकता में आकर मत लीजिएगा। बच्चों की सेहत पर ध्यान दें। प्रेम में तू-तू मैं-मैं से बचें। विद्यार्थियों के लिए काफी अच्छा समय रहेगा। प्रेम, संतान मध्यम, व्यापार बहुत अच्छा है। हरी वस्तु पास रखें।

मिथुन राशि:

भूमि, भवन और वाहन की खरीदारी का प्रबल योग बनेगा, लेकिन थोड़ा गृह कलह हो सकती है। स्वास्थ्य थोड़ा बेहतर है। प्रेम, संतान की स्थिति मध्यम है, व्यापार अच्छा है। काली जी को प्रणाम करना शुभ होगा।

कर्क राशि:

 पराक्रम रंग लाएगा। व्यावसायिक सफलता मिलेगी। प्रेम, संतान, व्यापार बहुत अच्छा दिख रहा है। एक अच्छे समय का निर्माण हो रहा है। लाल वस्तु पास रखें।

सिंह राशि:

धन का आवक बढ़ेगा। कुटुंबों में वृद्धि होगी। स्वास्थ्य पहले से बेहतर। प्रेम, संतान की स्थिति अच्छी। व्यापार अच्छा। शत्रुओं पर दबदबा कायम है, लेकिन शत्रुओं की संख्या बढ़ेगी तो थोड़ा डिस्टर्बेंस रहेगा। हरी वस्तु का दान करें।

कन्या राशि:

सौम्यता के प्रतीक बने रहेंगे। आकर्षण के केंद्र बने रहेंगे। स्वास्थ्य अच्छी स्थिति में है। प्रेम, संतान भी अच्छा है, व्यापार भी अच्छा है। क्रोध पर काबू रखें। शनि देव को प्रणाम करना शुभ होगा।

तुला राशि:

चिंताकारी सृष्टि का सृजन होगा। खर्च की अधिकता मन को परेशान करेगी। स्वास्थ्य अच्छा है। घर का तापमान बढ़ा रहेगा। प्रेम, संतान, व्यापार अच्छा रहेगा। लाल वस्तु का दान करें।

वृश्चिक राशि:

धन का आवक बढ़ेगा। कुटुंबों में वृद्धि होगी। रुका हुआ धन वापस मिलेगा। आय के नवीन स्रोत बनेगी। यात्रा का योग बनेगा। शुभ समाचार की प्राप्ति होगी। स्वास्थ्य, प्रेम, व्यापार बहुत अच्छा है। पीली वस्तु पास रखें।

धनु राशि:

सरकारी तंत्र से लाभ होगा। कोर्ट कचहरी में विजय मिलेगा, व्यावसायिक सफलता मिलेगी। प्रेम, संतान भी अच्छा है, व्यापार भी अच्छा है। लाल वस्तु पास रखें।

मकर राशि:

भाग्य साथ देगा। रोजी रोजगार में तरक्की करेंगे। यात्रा का योग बनेगा। धर्म कर्म में हिस्सा लेंगे। स्वास्थ्य, प्रेम, व्यापार बहुत अच्छा है। क्रोध पर काबू रखें। लाल वस्तु का दान करें।

कुंभ राशि:

परिस्थितियां प्रतिकूल है। चोट चपेट लग सकता है, किसी परेशानी में पड़ सकते हैं। कोई रिस्क ना लें। स्वास्थ्य, प्रेम, व्यापार मध्यम है। हरी वस्तु पास रखें।

मीन राशि:

जीवनसाथी का सानिध्य मिलेगा। रोजी रोजगार में तरक्की करेंगे। नौकरी चाकरी की स्थिति अच्छी होगी। प्रेमी, प्रेमिका की मुलाकात होगी। आय के नए-नए साधन बनेंगे। वंडरफुल टाइम। गणेश जी को प्रणाम करना शुभ होगा।