Home Blog Page 112

‘भारत ने जिस तरह आतंकियों को सजा दी वह…’, -पुलवामा बरसी पर असम से बोले पीएम मोदी

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गुवाहाटी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए देश की सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत अब अपनी सीमाओं को मजबूत करने के साथ-साथ दुश्मनों को उनके घर में घुसकर जवाब देने में सक्षम है।

पुलवामा हमले की बरसी पर शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस आतंकी हमले में जान गंवाने वाले वीर जवानों को देश नमन करता है। उन्होंने कहा कि हमले के बाद भारत ने जिस तरह आतंकियों को सजा दी, वह पूरी दुनिया ने देखा।

सुरक्षा और ऑपरेशन का जिक्र

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को नई इमरजेंसी लैंडिंग स्ट्रिप मिलने के साथ सुरक्षा ढांचा और मजबूत हुआ है। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की शक्ति का प्रदर्शन हालिया अभियानों में भी देखा गया है।

कांग्रेस पर तीखा प्रहार

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी उन विचारों और तत्वों का समर्थन करती है जो देश की एकता के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के समय देश के विभाजन के लिए जिम्मेदार ताकतों की विचारधारा से कांग्रेस ने खुद को जोड़ा है।

यह भी पढ़े:- जमीनों पर कब्जा करने वाले विकास नहीं कर सकते: डिप्टी सीएम केशव का सपा पर जोरदार हमला

उन्होंने कहा कि असम लंबे समय तक हिंसा, बम धमाकों और बंद के माहौल में रहा, जिसके लिए पूर्ववर्ती सरकारों को जिम्मेदार ठहराया। मोदी ने दावा किया कि भाजपा और एनडीए सरकार ने राज्य में शांति और विकास को प्राथमिकता दी है।

वोट बैंक राजनीति पर आरोप

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति ने असम और पूर्वोत्तर के विकास को बाधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास को विशेष प्राथमिकता दी है और केंद्र की योजनाओं को तेजी से लागू किया है।

देशहित में फैसले लेने का दावा

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार देशहित में कठोर फैसले लेने से पीछे नहीं हटती। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों को प्राथमिकता देने में विफल रही है।

अयोध्या में सरयू तट पर महायज्ञ का संकल्प, मंत्रोच्चार के बीच फहराया गया विशाल धर्मध्वज

अयोध्या/सर्वोदय न्यूज़:- राम नगरी अयोध्या में ‘विश्व के प्रथम श्री राम राज्य महायज्ञ’ की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ हो गया है। गुरुवार को सरयू नदी के तट पर वैदिक मंत्रोच्चार और जयघोष के बीच महायज्ञ ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

यह आयोजन श्री राम सेना के तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, 11 मई 2026 से 21 मई 2026 तक सरयू तट और श्री राम जन्मभूमि क्षेत्र में 9011 कुण्डीय महायज्ञ का भव्य आयोजन प्रस्तावित है।

ध्वजारोहण के साथ औपचारिक शुरुआत

आयोजन समिति ने बताया कि धर्मध्वज का आरोहण इस महायज्ञ की औपचारिक शुरुआत और संकल्प का प्रतीक है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-महात्मा और श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का वातावरण बना रहा।

प्रमुख संतों की उपस्थिति में संपन्न हुआ कार्यक्रम

महायज्ञ अध्यक्ष रघुवंशी श्री राम वंशज भूपेंद्र प्रताप हनुमान महाराज के सानिध्य में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर संगठन के महासचिव पवन सिंह और क्षत्रिय अमित सिंह भदौरिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने आयोजन की विस्तृत रूपरेखा साझा की।

यह भी पढ़े:- जमीनों पर कब्जा करने वाले विकास नहीं कर सकते: डिप्टी सीएम केशव का सपा पर जोरदार हमला

विश्व शांति और राम राज्य की परिकल्पना

आयोजकों का दावा है कि 9011 कुण्डीय महायज्ञ का उद्देश्य विश्व शांति और राम राज्य की अवधारणा को साकार करना है। ध्वजारोहण के साथ ही सरयू तट का वातावरण पूरी तरह राममय हो गया।

जमीनों पर कब्जा करने वाले विकास नहीं कर सकते: डिप्टी सीएम केशव का सपा पर जोरदार हमला

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा अब समाप्त हो चुकी है और 2027 में उसकी वापसी का सपना पूरा नहीं होगा। उनके अनुसार, 2047 तक प्रदेश में विपक्ष की वापसी नहीं होगी।

डिप्टी सीएम शनिवार को खजुरी में ग्राम चौपाल में पहुंचे और स्वयं सहायता समूह को प्रोत्साहित करते हुए लाभार्थियों में आवास की चाभी और चेक वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने विपक्ष और विशेषकर सपा पर जमकर निशाना साधा।

जमीनों पर कब्जा करने वालों से विकास संभव नहीं

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विपक्ष एक परिवार, एक क्षेत्र, एक जिले और एक समूह का विकास करता था। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर लूट की जाती थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जमीनों पर कब्जा करने वाले विकास नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि जब केंद्र सरकार ने मनरेगा में गांधी के नाम पर हो रही लूट को रोका, तो सभी को इसका असर दिखाई दिया। उन्होंने विपक्ष के पीडीए (परिवार डबलपमेंट एजेंसी) होने का उदाहरण भी दिया।

अखिलेश यादव के बयान पर जवाब

प्रयागराज में मीडिया से बात करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव तनाव और अवसाद में हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने की कोशिश में सपा असफल रही और तभी से अखिलेश अव्यवस्थित बयान दे रहे हैं। केशव ने आगे कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार का बजट इतना मजबूत है कि 2027 और 2047 तक सपा को धुंधलापन ही दिखाई देगा।

सपा के हसीन सपनों पर कटाक्ष

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा सत्ता पाने के हसीन सपने देख सकती है, लेकिन इसे हासिल नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार शानदार ढंग से काम कर रही है।

मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल पर कि सपा भाजपा सरकार को भ्रष्टाचारयुक्त क्यों कह रही है, केशव ने कहा कि सपा शासनकाल में आतंकवादियों के मुकदमे वापस लिए गए, तुष्टिकरण की राजनीति की गई और पिछड़ों-दलितों का दमन किया गया। भर्तियों में भ्रष्टाचार और जमीनों पर कब्जा करने का काम भी किया गया।

2027 में फिर भाजपा की जीत

केशव ने कहा कि पहले यूपी में पुलिस और प्रशासन गुंडों के हाथ में थे, जिले को माफिया विधायक-सांसद चलाते थे। ऐसे अराजक माहौल में सपा को उखाड़ फेंका गया। उन्होंने कहा कि भाजपा पहली बार, दूसरी बार और 2027 में फिर जीत रही होगी।

यह भी पढ़े:- अगला चुनाव BJP में अंदरूनी टकराव के बीच? अखिलेश यादव ने साधा सत्ता पक्ष पर निशाना

वाराणसी के दालमंडी क्षेत्र में ध्वस्तीकरण पर पूछे गए सवाल के जवाब में डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा मुस्लिम तुष्टिकरण नहीं करती, बल्कि विकास पर ध्यान देती है। किसी को उजाड़ते हैं तो बसाते भी हैं।

केशव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी हमला किया, कहा कि देश के दुश्मनों के साथ फोटो खिंचवाने वाले कांग्रेस नेता हैं। उन्होंने वन्देमातरम गान की अनिवार्यता पर पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को धन्यवाद दिया।

अयोध्या :फटिक शिला के पास आश्रम में दिनदहाड़े तोड़फोड़ और कब्जे का प्रयास, कई गिरफ्तार

अयोध्या/सर्वोदय न्यूज़:– फटिक शिला क्षेत्र में स्थित एक आश्रम में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े तोड़फोड़ और जबरन कब्जे का प्रयास सामने आया। बताया जा रहा है कि 4 से 8 लोगों का एक समूह आश्रम परिसर में घुस गया।

90 वर्षीय संत के आश्रम पर विवाद

आश्रम में 90 वर्षीय संत राम रतन दास रहते हैं। उनके शिष्य और उत्तराधिकारी दामोदर दास ने आरोप लगाया कि रामेश्वर नाथ मिश्रा नामक व्यक्ति आश्रम पर फर्जी तरीके से कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। दामोदर दास के अनुसार, इससे पहले भी तीन-चार बार इसी तरह की कोशिशें हो चुकी हैं, लेकिन स्थानीय लोगों और पुलिस की सक्रियता के कारण वह विफल रही थीं।

आश्रम में हुई तोड़फोड़

सूत्रों के अनुसार, बुधवार दोपहर रामेश्वर नाथ मिश्रा 4–8 लोगों के साथ बिना नंबर की गाड़ी में आश्रम पहुंचे और जबरन कब्जा करने की कोशिश की। इस दौरान परिसर में सामान भी तोड़ा गया।

पुलिस ने की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही नया घाट चौकी इंचार्ज प्रवीण मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया।

यह भी पढ़े:- अगला चुनाव BJP में अंदरूनी टकराव के बीच? अखिलेश यादव ने साधा सत्ता पक्ष पर निशाना

दामोदर दास ने बताया कि आरोपित रामेश्वर नाथ मिश्रा, उनके पिता विम्संबर नाथ मिश्रा, ग्राम डबा सेमर, थाना क्षेत्र चांदपुर के निवासी हैं।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

अगला चुनाव BJP में अंदरूनी टकराव के बीच? अखिलेश यादव ने साधा सत्ता पक्ष पर निशाना

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश की राजनीति में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की नाराज़गी को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। अखिलेश ने कहा कि भाजपा की हार की निराशा अब सड़क से लेकर सदन तक स्पष्ट दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा, “अब देखना होगा कि कौन किसको अवमानना का नोटिस देगा।”

अखिलेश ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि पहले भाजपा के ही विधायक ने अपने ही मंत्री के साथ सड़क पर अभद्रता की, अब फिर एक अन्य भाजपा विधायक के व्यवहार के कारण सभापति नाराज़ हुए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अगला चुनाव भाजपा के भीतर ही आपस में लड़ेंगे। साथ ही उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “अब बुलडोजर की जगह ब्रम्होस भेजेंगे क्या?”

सड़क जाम और स्मार्ट सिटी दावे पर सवाल

अखिलेश यादव ने लखनऊ-канपुर सड़क जाम और स्मार्ट सिटी के दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लखनऊ से कानपुर 45 मिनट में पहुंचने का दावा खोखला है। गंगा ब्रिज पर 90 मिनट का जाम इस दावे को चुनौती देता है। उन्होंने नोएडा में हुई कार दुर्घटना को उदाहरण के तौर पर पेश करते हुए भाजपा के ‘गड्ढा मुक्त’ और ‘स्वच्छता अभियान’ के दावों की आलोचना की।

कानपुर में माफिया और भ्रष्टाचार के आरोप

अखिलेश ने कानपुर में कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में नए माफिया तैयार किए हैं। उन्होंने एनकाउंटर माफिया, कफ सिरप माफिया, नीट माफिया और स्कैम माफिया जैसे नए और आधुनिक माफियाओं के उदय का आरोप लगाया। अखिलेश ने बताया कि कानपुर में गरीब ब्राह्मण मां-बेटी की झोपड़ी जलाने जैसी घटनाएं हुईं। उन्होंने कहा कि निवेश न आने का कारण भी यही भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था की कमजोरी है।

यह भी पढ़े:- नसीमुद्दीन सिद्दीकी की सपा में संभावित एंट्री, विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बड़ा राजनीतिक बदलाव

अखिलेश ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा कमजोर होने पर कम्युनल रास्ता अपनाती है और फर्जी एनकाउंटर बढ़ रहे हैं। हाईकोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि न्याय देने का काम न्यायालय का है, पुलिस का नहीं।

फार्म-7 विवाद पर सपा की कार्रवाई

सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन भेजकर बस्ती, प्रतापगढ़ और कुशीनगर में फार्म-7 जमा करने वालों और मिथ्या तथ्यों पर आवेदन करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में जमा फार्म-7 को तुरंत निरस्त करने की मांग की है।

नसीमुद्दीन सिद्दीकी की सपा में संभावित एंट्री, विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बड़ा राजनीतिक बदलाव

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश की राजनीति में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले एक बार फिर हलचल देखने को मिल सकती है। कांग्रेस से हाल ही में इस्तीफा देने वाले पूर्व बसपा नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी के समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल होने की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं।

सूत्रों की मानें तो 15 फरवरी को सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में कई नेता सपा की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। नसीमुद्दीन के अलावा कुछ अन्य पूर्व विधायकों के भी सपा में शामिल होने की संभावना है।

कांग्रेस छोड़ने के बाद नसीमुद्दीन के राजनीतिक कदम को लेकर अटकलों का बाजार गर्म रहा। कुछ समय तक यह चर्चा थी कि वह एआईएमआईएम के साथ या फिर चंद्रशेखर की टीम में शामिल हो सकते हैं। अब यह संभावना जताई जा रही है कि वह समाजवादी पार्टी का दामन थाम सकते हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि नसीमुद्दीन सिद्दीकी जैसे अनुभवी नेता के शामिल होने से सपा को बुंदेलखंड और पश्चिमी यूपी में मुस्लिम वोट बैंक मजबूत करने में मदद मिल सकती है। साथ ही, बसपा के पुराने कैडर वोट पर भी असर पड़ने की संभावना है।

यह भी पढ़े:- शंकराचार्य विवाद: अविमुक्तेश्वरानंद ने योगी आदित्यनाथ पर जताया विरोध, पूछा – योगी होकर कैसे 

राजनीतिक यात्रा की बात करें तो नसीमुद्दीन कभी कांशीराम के करीबी माने जाते थे और मायावती सरकार में महत्वपूर्ण पदों पर रहे। उनका राजनीतिक सफर विवादों और उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। भाजपा नेता दयाशंकर सिंह की बेटी को लेकर दिए गए बयानों के चलते वह लंबे समय तक सुर्खियों में रहे। बसपा सरकार में उनकी नंबर दो की हैसियत थी, लेकिन बाद में मायावती ने उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया। इसके बाद नसीमुद्दीन ने सतीश चंद्र मिश्रा पर साजिश के आरोप भी लगाए थे।

शंकराचार्य विवाद: अविमुक्तेश्वरानंद ने योगी आदित्यनाथ पर जताया विरोध, पूछा – योगी होकर कैसे मुख्यमंत्री?

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के बीच बयानबाजी ने सियासी और धार्मिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है।

अविमुक्तेश्वरानंद ने मुख्यमंत्री के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि हर व्यक्ति खुद को शंकराचार्य नहीं कह सकता और कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि सनातन परंपरा में शंकराचार्य की पहचान किसी राजनीतिक प्रमाणपत्र या सरकारी मान्यता से तय नहीं होती।

योगी मुख्यमंत्री और योगी संत – कैसे संभव?

स्वामी ने कहा, “जो योगी बन गया, उसे राजपाट से दूर रहना चाहिए। राजा योगी बन सकता है, लेकिन योगी फिर से राजा नहीं बनता। अगर आप योगी हैं, विरक्त हैं, तो मुख्यमंत्री की सत्ता कैसे स्वीकार कर रहे हैं?”

शंकराचार्य की नियुक्ति सरकार तय नहीं कर सकती

अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि सनातन धर्म में धार्मिक पदों का निर्धारण गुरु-शिष्य परंपरा और आध्यात्मिक मान्यताओं के आधार पर होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई राजनीतिक दल या सरकार यह तय नहीं कर सकती कि कौन शंकराचार्य होगा।

स्वामी ने मीडिया को बताया, “सपा ने शंकराचार्य को मारा था, आप भी मार चुके हो। यदि यही परिभाषा है, तो सपा से अलग कैसे रह सकते हैं? सनातन में कोई प्रमाणपत्र नहीं देता कि कौन शंकराचार्य होगा।”

सीएम योगी का पक्ष

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को कहा कि कोई भी व्यक्ति खुद को शंकराचार्य नहीं कह सकता और कानून के ऊपर कोई नहीं है, यहां तक कि मुख्यमंत्री भी नहीं। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य का पद सर्वोच्च और पवित्र है और इसके अपने नियम और परंपराएं हैं, जिनका पालन जरूरी है।

यह भी पढ़े:- कोलकाता एयरपोर्ट पर बम की धमकी से हड़कंप, इंडिगो फ्लाइट टेकऑफ से पहले खाली कराई गई

योगी ने आरोप लगाया कि माघ मेले में विवाद वास्तविक नहीं था बल्कि माहौल खराब करने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने मौनी अमावस्या पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए विशेष व्यवस्था बनाई थी।

सपा प्रमुख का पलटवार

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि केवल गेरुआ वस्त्र पहनने या कान छिदवाने से कोई योगी नहीं बन जाता। उन्होंने संतों के सम्मान की आवश्यकता पर जोर दिया और सीएम के बयान की आलोचना की। इस बयानबाजी ने प्रदेश की राजनीति और धार्मिक हलकों में नई बहस शुरू कर दी है।

कोलकाता एयरपोर्ट पर बम की धमकी से हड़कंप, इंडिगो फ्लाइट टेकऑफ से पहले खाली कराई गई

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर इंडिगो की फ्लाइट 6E3074 के टेकऑफ से ठीक पहले हड़कंप मच गया। पायलट को एक पर्ची मिली, जिसमें विमान में बम होने की धमकी दी गई थी। इसके बाद विमान को तुरंत खाली कराया गया और सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई। एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया।

घटना की जानकारी

इंडिगो का यह विमान सुबह 9:15 बजे शिलॉन्ग के लिए उड़ान भरने वाला था। बोर्डिंग के दौरान पायलट को टॉयलेट में एक पर्ची मिली। इसमें स्पष्ट रूप से लिखा था कि विमान में बम रखा गया है। चेतावनी मिलने के बाद सभी यात्रियों को तुरंत विमान से उतारकर विमान को आईसोलेशन बे में ले जाया गया।

सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की पूरी तलाशी ली। अधिकारियों ने बताया कि यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि पर्ची विमान में किसने रखी। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद विमान लगभग 11:30 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना हुआ।

पिछले मामलों का संदर्भ

पिछले साल भी कोलकाता-मुंबई इंडिगो फ्लाइट 6E5227 में बम की धमकी मिली थी। उस समय हवाई अड्डा पर फ़ोन के माध्यम से दावा किया गया था कि विमान में विस्फोटक है। सभी 195 यात्रियों को निकालकर विमान की जांच की गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

यह भी पढ़े:- यूपी के इस शहर से उदयपुर जाने वाली वंदेभारत ट्रेन कल से होगी बंद, रेलवे ने बताई वजह

एक दिन पहले ही दिल्ली के पांच स्कूलों को भी बम धमकी वाले ईमेल मिले थे। इसमें आपत्तिजनक और उकसाने वाली सामग्री थी। अधिकारियों ने बाद में इन्हें अफवाह घोषित किया।

हवाई अड्डा अधिकारियों ने बताया कि कोलकाता की घटना में सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया और किसी भी तरह का विस्फोट नहीं हुआ।

यूपी के इस शहर से उदयपुर जाने वाली वंदेभारत ट्रेन कल से होगी बंद, रेलवे ने बताई वजह

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- आगरा कैंट-उदयपुर सिटी वंदेभारत ट्रेन 15 फरवरी 2026 से बंद हो जाएगी। रेलवे प्रशासन ने इसका आदेश जारी कर दिया है। 14 फरवरी के बाद इस रूट पर इस ट्रेन के लिए कोई रिजर्वेशन उपलब्ध नहीं होगा। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की कमी और वंदेभारत रैक की उपयोगिता के कारण यह फैसला लिया गया है।

यात्रियों को इस ट्रेन में 613 किलोमीटर की दूरी लगभग 8 घंटे 45 मिनट में पूरी करनी पड़ती थी। सामान्य ट्रेनों की तुलना में वंदेभारत का किराया अधिक था, जबकि अन्य ट्रेनों के मुकाबले इसका समय लगभग 30 मिनट ही कम था। हफ्ते में तीन दिन चलने वाली इस ट्रेन के बंद होने से आगरा के लोग भरतपुर, कोटा और उदयपुर सिटी जाने के लिए अब इसका विकल्प नहीं पाएंगे।

ट्रेन का परिचालन और इतिहास

  • इस वंदेभारत ट्रेन का संचालन 2 सितंबर 2024 को शुरू हुआ था।
  • सप्ताह में तीन दिन उदयपुर से आगरा और तीन दिन उदयपुर से जयपुर के लिए चलती थी।
  • आठ कोच वाली ट्रेन सोमवार, गुरुवार और शनिवार को आगरा कैंट से चलकर रात 11:45 बजे उदयपुर सिटी पहुंचती थी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन के रैक का उपयोग अगले महीने से असारवा (अहमदाबाद)-उदयपुर सिटी वंदेभारत के लिए किया जाएगा। इसी कारण उदयपुर वंदेभारत के साथ-साथ सप्ताह में तीन दिन चलने वाली उदयपुर सिटी-जयपुर वंदेभारत को भी बंद करने का निर्णय लिया गया है।

यात्रियों पर प्रभाव

  • आगरा के हजारों छात्र, जो मेडिकल और इंजीनियरिंग कोचिंग के लिए कोटा जाते हैं, अब पैसेंजर ट्रेन पर निर्भर रहेंगे।

यह भी पढ़े:- गलत रिपोर्ट देने वाले अधिकारियों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई, सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश

  • पहले उदयपुर वंदेभारत की शुरूआत से छात्रों और उनके अभिभावकों को सुविधा मिली थी। अब ट्रेन बंद होने से उन्हें फिर परेशानी होगी।

अंतिम यात्रा

आईआरसीटीसी वेबसाइट पर गाड़ी सं. 20981/20982 के लिए एडवांस रिजर्वेशन केवल 14 फरवरी तक उपलब्ध है। 15 फरवरी से इस ट्रेन की यात्रा का विकल्प समाप्त हो जाएगा।

गलत रिपोर्ट देने वाले अधिकारियों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई, सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी मामले में जांच के दौरान गलत रिपोर्ट देने वाले अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। सीएम ने कहा कि हर शिकायत का निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान होना अनिवार्य है, और किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।

शनिवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को यह सख्त संदेश दिया। उन्होंने करीब 150 लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनी और कहा कि किसी को भी डरने या घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करें।

जनता दर्शन में कुछ लोगों ने शिकायत की कि उनके मामलों में गलत रिपोर्ट तैयार की गई है। इस पर सीएम ने अधिकारियों से कहा कि गलत रिपोर्ट देने वाले अधिकारियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई और एफआईआर दर्ज कराई जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पीड़ितों की मदद में कोई शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी मामले को जानबूझकर लंबित रखा गया या समाधान में देरी हुई, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े:- पहन ले कोई जैसे भी ‘चोले’, उसकी वाणी…शंकराचार्य विवाद पर सियासी घमासान: अखिलेश ने

सीएम ने जमीन कब्जाने की शिकायतों पर भी कठोर कदम उठाने का निर्देश दिया। इसके अलावा, जनता ने आर्थिक सहायता और इलाज के लिए भी मदद की मांग की। सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि अस्पताल की इस्टीमेट प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर शासन को उपलब्ध कराया जाए और जरूरतमंदों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता प्रदान की जाए।

मंदिर के परिसर में बच्चों से मुलाकात करते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें चॉकलेट भी दिया और पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा, उन्होंने मंदिर की गोशाला में जाकर गोसेवा की और गायों को अपने हाथों से गुड़ खिलाया।