Home Blog Page 11

5 तारीख तक सैलरी, EPF-ESI और मैटरनिटी लीव; आउटसोर्स कर्मचारियों को योगी सरकार की बड़ी सौगात

लखनऊ/ सर्वोदय न्यूज़ : उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य के आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए कई अहम घोषणाएं की हैं। बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारंभ किया। इसके साथ ही यूपीकॉस के पोर्टल और वेबसाइट की लॉन्चिंग की गई और निगम के लोगो का भी अनावरण हुआ।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आउटसोर्स कर्मचारियों को बढ़े हुए पारिश्रमिक के चेक वितरित किए। साथ ही कर्मचारियों को 40 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर देने की व्यवस्था की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नई व्यवस्था का लाभ प्रदेश के 3.5 लाख से अधिक आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ उनके परिवारों को भी मिलेगा। इससे करीब 17 से 20 लाख लोग लाभान्वित हो सकते हैं।

हर महीने 1 से 5 तारीख के बीच खाते में पहुंचेगा पैसा

सीएम योगी ने कहा कि अब आउटसोर्स कर्मचारियों का पारिश्रमिक हर महीने 1 से 5 तारीख के बीच सीधे उनके बैंक खाते में भेजा जाएगा। इसके साथ ही ईपीएफ और ईएसआई का अंशदान भी नियमित रूप से जमा किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार आउटसोर्स एजेंसियों को सर्विस चार्ज देगी। एजेंसियां कर्मचारियों के पारिश्रमिक से सर्विस चार्ज के नाम पर किसी तरह की कटौती नहीं कर सकेंगी।

नई व्यवस्था में किसी आउटसोर्स कर्मचारी को मनमाने तरीके से नौकरी से हटाना भी आसान नहीं होगा। यदि किसी कर्मचारी को हटाने की जरूरत होती है तो संबंधित एजेंसी को पहले सरकार को इसकी जानकारी देनी होगी। इसके बाद मामले की जांच की जाएगी। गलत रिपोर्ट के आधार पर कर्मचारी का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।

ईएसआई और आयुष्मान भारत से मिलेगा स्वास्थ्य लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारियों के ईएसआई अंशदान का उपयोग ईएसआई अस्पतालों में मुफ्त इलाज के लिए किया जाएगा। यदि किसी अस्पताल में संबंधित बीमारी के इलाज की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी तो ऐसी स्थिति में कर्मचारी को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा जाएगा।

इस व्यवस्था के तहत आउटसोर्स कर्मचारियों और उनके परिवारों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर भी मिल सकेगा।

इसके अलावा कर्मचारियों को मातृत्व अवकाश समेत सभी वैधानिक सेवा लाभ उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

करीब 20 लाख लोगों को सुरक्षा कवच देने का लक्ष्य

सीएम योगी ने कहा कि किसी व्यक्ति को समय पर उसका अधिकार मिलने का असर केवल उसी व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता। इससे उसके बच्चों की पढ़ाई, मां की दवा और बेटी के भविष्य को लेकर परिवार में सुरक्षा का भाव पैदा होता है।

उन्होंने कहा कि सरकार आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से करीब 20 लाख लोगों को सुरक्षा कवच देने की दिशा में काम कर रही है।

नई व्यवस्था के तहत सरकारी विभाग, आउटसोर्स एजेंसियां और कर्मचारी आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित सिस्टम से जुड़ेंगे। इसके जरिए मैनपावर की जरूरत का आकलन, रिक्तियों का पूर्वानुमान और मानव संसाधन की बेहतर योजना तैयार की जा सकेगी।

योग्यता और श्रेणी के आधार पर तय होगा पारिश्रमिक

मुख्यमंत्री के मुताबिक आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया राज्य सरकार की आरक्षण नीति के अनुरूप योग्यता और मेरिट के आधार पर ऑनलाइन एवं पारदर्शी तरीके से कराई जाएगी।

भर्ती से लेकर पोस्टिंग, उपस्थिति, मानदेय, ग्रेच्युटी, बीमा और अन्य सेवा लाभों की डिजिटल मॉनिटरिंग की जाएगी। कर्मचारी एक ही पोर्टल पर अपनी सेवा से जुड़ी जानकारी, बैंक अकाउंट, उपस्थिति, भुगतान और कटौती का विवरण देख सकेंगे।

कर्मचारियों को इसी व्यवस्था के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कराने और उसके निस्तारण की जानकारी प्राप्त करने की सुविधा भी मिलेगी।

सीएम योगी ने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी को उसकी श्रेणी और शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप पारिश्रमिक मिलना सुनिश्चित किया जाएगा।

आउटसोर्स कर्मचारियों की गरिमा बढ़ाने की कोशिश

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की पिछले साढ़े नौ वर्षों की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें नगर निकाय कर्मियों, पंप ऑपरेटरों, सचिवालयों, चिकित्सालयों और शासन व्यवस्था से जुड़े स्थायी, संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने कहा कि शासन की जिम्मेदारी है कि हर व्यक्ति को उसकी मेहनत के अनुरूप सम्मान और गरिमा मिले। उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से सरकार आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा, पारदर्शिता और सम्मान को मजबूत करने का प्रयास कर रही है।

एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा बने अयोध्या राम मंदिर के नए CEO, ट्रस्ट की बैठक में कई बड़े फैसले

अयोध्या/ सर्वोदय न्यूज़: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक बुधवार को अयोध्या में हुई। ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के मणिरामदास छावनी स्थित आवास पर दोपहर करीब दो बजे शुरू हुई इस बैठक में राम मंदिर से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में ट्रस्ट के रिक्त पदों को भरने के साथ ही श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के नाम पर भी मुहर लगाई गई।

ट्रस्ट ने रिटायर्ड एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया है। जीतेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। उन्हें ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उनकी भूमिका के लिए स्वतंत्रता दिवस 2025 पर सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक से सम्मानित किया गया था। इससे पहले उन्हें वर्ष 2024 में अति विशिष्ट सेवा पदक (AVSM) और 2013 में विशिष्ट सेवा पदक (VSM) भी मिल चुका है।

तीन नए सदस्यों को ट्रस्ट में मिली जगह

राम मंदिर ट्रस्ट में तीन पद लंबे समय से रिक्त थे। दरअसल, चढ़ावा चोरी प्रकरण में मुकदमा दर्ज होने के बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था। छह जुलाई को हुई ट्रस्ट की बैठक में दोनों के इस्तीफे स्वीकार कर लिए गए थे।

अब बुधवार को हुई बैठक में महेश भागचंद, मदनमोहन पाण्डेय और निर्मला यादव को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में नए सदस्य के रूप में शामिल किया गया।

बैठक में कई प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में ट्रस्ट के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए। ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास, कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि, विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय पदाधिकारी दिनेश, कमलनयन दास, दिनेन्द्र दास और कृष्ण मोहन बैठक में मौजूद रहे।

इसके अलावा विहिप के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल बांगड़ा भी मणिरामदास छावनी पहुंचे और बैठक में शामिल हुए।

वहीं, शंकराचार्य वासुदेवानंद सरस्वती, विश्वप्रसन्न तीर्थ, युगपुरुष स्वामी परमानंद, केशव पारासरन, शशांक त्रिपाठी, नृपेन्द्र मिश्र, प्रशांत लोखंडे और संजय प्रसाद ऑनलाइन बैठक से जुड़े।

सर्च कमेटी ने सौंपा था CEO पद के लिए नामों का पैनल

CEO की नियुक्ति से पहले मंगलवार को सर्च कमेटी ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास को संभावित उम्मीदवारों के नामों का पैनल सौंपा था।

इसके बाद सभी मौजूदा ट्रस्टियों को सुबह 11 बजे राम मंदिर बुलाया गया। सर्च कमेटी के तीनों सदस्य—जस्टिस प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु कांत चतुर्वेदी और वैज्ञानिक एवं उद्योगपति सुरेश हावड़े—भी राम मंदिर पहुंचे।

सबसे पहले सर्च कमेटी के सदस्यों ने रामलला के दर्शन किए। इसके बाद ग्रीन हाउस में ट्रस्ट की ओर से तीनों सदस्यों का सम्मान किया गया।

ट्रस्ट डीड और समितियों के पुनर्गठन पर भी चर्चा

बैठक के दौरान ट्रस्ट के प्रवक्ता और ट्रस्ट डीड में संशोधन से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस संबंध में कानूनविद और राम मंदिर ट्रस्टी केशव पारासरन से भी परामर्श लिया गया।

इसके अलावा ट्रस्ट की विभिन्न समितियों के कामकाज और उनके पुनर्गठन पर भी चर्चा हुई। इनमें धार्मिक न्यास समिति, निर्माण समिति, प्रबंध समिति तथा वित्त एवं ऑडिट समिति शामिल हैं।

राम मंदिर निर्माण और मंदिर व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों के साथ इन समितियों के भविष्य के स्वरूप को लेकर भी बैठक में विचार किया गया।

Aaj Ka Rashifal 2 September 2026: आज 7 राशियों के लिए बन रहे धन लाभ के योग, मेष से मीन तक पढ़ें राशिफल

Aaj Ka Rashifal 2 September 2026: बुधवार, 2 सितंबर को ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति कई राशियों के लिए शुभ संकेत लेकर आई है। ज्योतिषीय गणना के अनुसार आज मंगल मिथुन राशि में, गुरु कर्क राशि में, जबकि सूर्य, बुध और केतु सिंह राशि में विराजमान हैं। शुक्र कन्या, राहु कुंभ और शनि मीन राशि में स्थित हैं। वहीं चंद्रमा भरणी नक्षत्र में रहते हुए मंगल की राशि मेष में गोचर कर रहे हैं।

भरणी नक्षत्र का संबंध शुक्र से माना जाता है, जबकि चंद्रमा मंगल की राशि में होने से दिनभर उत्साह और मानसिक सक्रियता बढ़ सकती है। ऐसे में लोगों को जल्दबाजी और क्रोध से बचने की सलाह दी जाती है। आइए जानते हैं मेष से मीन तक सभी 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा आज का दिन।

मेष राशि

मेष राशि वालों के लिए आज का दिन सकारात्मक रह सकता है। जीवनसाथी का सहयोग और सानिध्य मिलेगा। मन में उत्साह और सकारात्मकता बनी रहेगी। हालांकि मानसिक चंचलता के कारण काम प्रभावित हो सकता है, इसलिए एकाग्रता बनाए रखें। प्रेम और संतान से जुड़े मामलों में अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। क्रोध पर नियंत्रण रखना जरूरी होगा। कारोबार के लिहाज से दिन अच्छा रहेगा। सूर्य को जल अर्पित करना शुभ रहेगा।

वृषभ राशि

वृषभ राशि वालों को आज खर्चों को लेकर सावधान रहना होगा। अनावश्यक खर्च बढ़ने से मानसिक तनाव हो सकता है। किसी अनजाने डर या चिंता का प्रभाव भी रह सकता है। सिरदर्द और आंखों से जुड़ी परेशानी महसूस हो सकती है। प्रेम और संतान के मामले में दिन सामान्य से थोड़ा कमजोर रह सकता है। कारोबार अच्छा चलेगा, लेकिन फिलहाल निवेश करने से बचें। बातचीत में कठोर शब्दों के इस्तेमाल से विवाद हो सकता है। पीली वस्तु या चने की दाल का दान करना लाभकारी रहेगा।

मिथुन राशि

मिथुन राशि के जातकों के लिए आय के नए साधन बनने के संकेत हैं। कमाई के पुराने स्रोत भी चलते रहेंगे। यदि किसी व्यक्ति के पास आपका पैसा रुका हुआ है तो उसकी वापसी के प्रयास सफल हो सकते हैं। यात्रा लाभदायक रहने की संभावना है। प्रेम और संतान से संबंधित मामले अच्छे रहेंगे। व्यापार में भी सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। हालांकि स्वास्थ्य को लेकर थोड़ी सावधानी जरूरी है। लाल वस्तु या मसूर की दाल का दान करना शुभ होगा।

कर्क राशि

कर्क राशि के लिए आज सफलता के कई अवसर बन सकते हैं। कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों में राहत या जीत मिलने के संकेत हैं। कारोबार में भी सफलता प्राप्त होगी। पिता और वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग मिल सकता है। राजनीति से जुड़े लोगों को लाभ मिलने की संभावना है। प्रेम संबंधों में कुछ दूरी महसूस हो सकती है, जबकि संतान को लेकर मन चिंतित रह सकता है। कुल मिलाकर व्यापार और अन्य क्षेत्रों में दिन अच्छा रहेगा। बजरंगबली को प्रणाम करना शुभ रहेगा।

सिंह राशि

सिंह राशि वालों का भाग्य आज साथ दे सकता है। यात्रा के योग बन रहे हैं और स्वास्थ्य में पहले की तुलना में सुधार देखने को मिल सकता है। प्रेम संबंधों में दूरी रह सकती है, हालांकि आपसी अपनापन कायम रहेगा। संतान को लेकर थोड़ी चिंता हो सकती है, लेकिन उनकी प्रगति से राहत मिलेगी। दिन सकारात्मक रहेगा, हालांकि मन मुताबिक आनंद कम मिल सकता है। लाल वस्तु अपने पास रखना और भगवान विष्णु को पीली वस्तु अर्पित करना शुभ रहेगा।

कन्या राशि

कन्या राशि वालों को आज विशेष सतर्क रहने की जरूरत है। परिस्थितियां थोड़ी प्रतिकूल रह सकती हैं और चोट या किसी परेशानी की आशंका बन सकती है। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और किसी भी तरह का जोखिम लेने से बचें। प्रेम और संतान के मामले में स्थिति अच्छी रहेगी। व्यापार भी ठीक चलता रहेगा। शनिदेव की पूजा करें और लाल वस्तु का दान करना शुभ रहेगा।

तुला राशि

तुला राशि के जातकों के लिए दिन काफी अच्छा रहने वाला है। जीवनसाथी का भरपूर सहयोग मिलेगा। प्रेमी-प्रेमिका की मुलाकात हो सकती है और रिश्तों में नजदीकी बढ़ेगी। डेटिंग के लिए भी समय अनुकूल रहेगा। प्रेम, संतान और व्यापार से जुड़े मामलों में अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। हालांकि मानसिक अस्थिरता या चंचलता को नियंत्रित करना जरूरी होगा। लाल वस्तु का दान करना शुभ रहेगा।

वृश्चिक राशि

वृश्चिक राशि वालों को स्वास्थ्य के मामले में सावधानी बरतनी चाहिए। छोटी-मोटी शारीरिक परेशानियां सामने आ सकती हैं। शत्रु या विरोधी सक्रिय हो सकते हैं, लेकिन वे आपका नुकसान करने में सफल नहीं होंगे। प्रेम और संतान से जुड़े मामलों में अच्छे संकेत हैं। महत्वपूर्ण काम करते समय जल्दबाजी से बचें। हरी वस्तु का दान करना शुभ रहेगा।

धनु राशि

धनु राशि के जातक आज भावनात्मक रूप से थोड़ा अधिक संवेदनशील रह सकते हैं। प्रेम संबंधों में कहासुनी या मतभेद की स्थिति बन सकती है, हालांकि रिश्ते में अपनापन बना रहेगा। विद्यार्थियों के लिए दिन अच्छा है। प्रेम और संतान से जुड़े मामले सामान्य से बेहतर रहेंगे। व्यापार में भी सफलता मिलेगी। हालांकि किसी बड़े फैसले को फिलहाल टालना बेहतर होगा। लाल वस्तु अपने पास रखना शुभ रहेगा।

मकर राशि

मकर राशि के लिए आज भूमि, भवन या वाहन से जुड़ी खरीदारी के मजबूत योग बन रहे हैं। स्वास्थ्य में सुधार होगा और प्रेम, संतान तथा व्यापार के क्षेत्र में अच्छे परिणाम मिलने की संभावना है। हालांकि परिवार में किसी बात को लेकर तनाव या गृह कलह की स्थिति बन सकती है। समझदारी और शांत व्यवहार से स्थिति संभाली जा सकती है। काली जी को प्रणाम करना शुभ रहेगा।

कुंभ राशि

कुंभ राशि वालों के लिए आज मेहनत का अच्छा परिणाम मिलने वाला है। पराक्रम और प्रयास सफल होंगे। नौकरी-रोजगार में तरक्की के अवसर मिल सकते हैं और व्यापार में भी सफलता प्राप्त होगी। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। प्रेम और संतान के मामलों में स्थिति थोड़ी उतार-चढ़ाव वाली हो सकती है। बाकी क्षेत्रों में दिन सकारात्मक रहने के संकेत हैं। गणेश जी को प्रणाम करना शुभ रहेगा।

मीन राशि

मीन राशि के जातकों के लिए धन प्राप्ति के योग बन रहे हैं। परिवार और रिश्तों का दायरा बढ़ सकता है। अपनों का सहयोग मिलेगा। हालांकि अपनी वाणी पर नियंत्रण रखना जरूरी होगा, क्योंकि ज्यादा बोलने से विवाद की स्थिति बन सकती है। आज निवेश करने से बचना बेहतर होगा। अन्य क्षेत्रों में परिस्थितियां अनुकूल बनी रहेंगी। नीली वस्तु का दान करें और शनिदेव को प्रणाम करना शुभ रहेगा।

CM पद को लेकर केशव मौर्य की सफाई, बोले- ‘योगी जी और हमारे बीच कोई दीवार नहीं’, 2027 पर भी साफ किया रुख

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद को लेकर भाजपा के भीतर संभावित चेहरे को लेकर चर्चाएं लगातार जारी हैं। इस बीच उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मुख्यमंत्री पद की महत्वाकांक्षा से जुड़े अपने पुराने बयान पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला संगठन और पार्टी नेतृत्व करेगा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच किसी तरह की दूरी या दीवार नहीं है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कुछ लोगों ने दोनों नेताओं के बीच दीवार खड़ी करने की कोशिश जरूर की, लेकिन वे और मुख्यमंत्री योगी मिलकर काम कर रहे हैं।

‘जब तक नया फैसला नहीं होता, वही नेतृत्व रहेगा’

मुख्यमंत्री पद को लेकर सवाल पूछे जाने पर डिप्टी सीएम ने कहा कि पार्टी संगठन जो जिम्मेदारी देगा, उसे वह पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि जब तक कोई नया निर्णय नहीं होता, तब तक जो नेतृत्व वर्तमान में है, वही आगे भी रहेगा।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि उनके और योगी आदित्यनाथ के बीच किसी तरह का मतभेद नहीं है। उनके मुताबिक दोनों नेता मिलकर सरकार और संगठन के लिए काम कर रहे हैं।

‘अखिलेश सत्ता में आए तो यूपी में तबाही आएगी’

केशव प्रसाद मौर्य ने इस दौरान समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की सत्ता में वापसी उत्तर प्रदेश के लिए तबाही को न्योता देने जैसी होगी।

वहीं आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वह चुनाव जरूर लड़ेंगे। हालांकि, सीट का अंतिम फैसला पार्टी संगठन करेगा।

केशव प्रसाद मौर्य ने सीट को लेकर कहा कि फिलहाल वह खुद को उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों का प्रत्याशी मानते हैं।

पहले मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जताने पर क्या कहा था?

दरअसल, इससे पहले एक टीवी इंटरव्यू में केशव प्रसाद मौर्य ने मुख्यमंत्री बनने की अपनी महत्वाकांक्षा को स्वीकार किया था। उन्होंने कहा था कि उनके मन में भी मुख्यमंत्री बनने की इच्छा है, लेकिन सिर्फ उनके चाहने से मुख्यमंत्री का फैसला नहीं हो सकता।

उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री पद को लेकर अंतिम निर्णय भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व और विधायक दल करता है। उनके अनुसार पार्टी का पहला लक्ष्य विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल करना है।

केशव मौर्य ने यह भी कहा था कि भाजपा ने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की थी और 2027 में भी पार्टी प्रचंड बहुमत के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।

प्रयागराज में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज सर्किट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं और महानगर के सभी 15 मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने की अपील की।

उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय होकर संगठन को मजबूत करना होगा और विपक्ष के कथित मंसूबों को सफल नहीं होने देना है।

केशव मौर्य ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास जनता को भ्रमित करने के अलावा कोई ठोस मुद्दा नहीं है।

17 सितंबर से शुरू होगा सेवा पखवाड़ा

बैठक के दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा जयंती के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। उन्होंने कहा कि इसी दिन से भाजपा की ओर से सेवा पखवाड़ा अभियान की शुरुआत की जाएगी।

बैठक में काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, विधायक, एमएलसी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

JPNIC विवाद पर अखिलेश का योगी सरकार पर हमला, बोले- मुख्यमंत्री इतनी सफाई क्यों दे रहे हैं?

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़: राजधानी लखनऊ के जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (JPNIC) को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने JPNIC को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधते हुए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि जनता के मन में सवाल है कि मुख्यमंत्री और सरकारी विभाग JPNIC को लेकर इतनी सफाई क्यों दे रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर लोगों को ऐसा क्यों लग रहा है कि इस मामले में कुछ गड़बड़ है।

अखिलेश ने LDA की रिपोर्ट पर भी उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने मंगलवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए JPNIC मामले पर सरकार और LDA को घेरा। उन्होंने LDA की उस रिपोर्ट पर सवाल उठाया, जिसमें केंद्र को लेकर आर्थिक नुकसान की आशंका जताई गई है।

अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि अगर JPNIC का संचालन भाजपा सरकार के हाथ में रहेगा तो हजारों करोड़ रुपये के नुकसान की बात कही जा रही है। उन्होंने सवाल किया कि कोई कारोबारी ऐसा सौदा क्यों करेगा जिसमें निवेश के साथ नुकसान भी उठाना पड़े।

सपा प्रमुख ने LDA की रिपोर्ट तैयार किए जाने को लेकर भी सवाल खड़ा किया। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में पूछा कि आखिर इस रिपोर्ट को तैयार करने के लिए प्राधिकरण को कितना प्रतिशत कमीशन मिला।

अखिलेश ने LDA के नाम को लेकर भी तंज कसा और इसे ‘Lucknow Destruction Authority’ कह दिया।

‘भाजपा सरकार का हर काम जेब भरने वाला’

अखिलेश यादव इससे पहले रविवार को सपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान भी JPNIC के मुद्दे पर सरकार को घेर चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि भाजपा सरकार के कामकाज का उद्देश्य जनता की बजाय अपनी जेब भरना है।

उन्होंने प्रदेश में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश ने दावा किया कि जनता सरकार की नीतियों से परेशान है और प्रदेश में अन्याय तथा अत्याचार की स्थिति बनी हुई है।

योगी ने JPNIC को लेकर क्या कहा?

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ JPNIC को लेकर पहले ही समाजवादी पार्टी पर निशाना साध चुके हैं। उन्होंने JPNIC को सपा शासनकाल में हुए कथित भ्रष्टाचार का उदाहरण बताया था।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले जयप्रकाश नारायण के नाम पर बने इस प्रोजेक्ट के साथ सपा सरकार के कार्यकाल में उचित व्यवहार नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सेंटर को समाजवादी पार्टी के निजी ठिकाने की तरह इस्तेमाल किया गया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि सरकार अपराध और अपराधियों के साथ-साथ भ्रष्टाचार और बेईमानी के खिलाफ भी जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

200 करोड़ की परियोजना पर 864 करोड़ खर्च का दावा

मुख्यमंत्री योगी ने JPNIC की निर्माण लागत को लेकर भी सवाल उठाए थे। उनके अनुसार इस परियोजना की शुरुआती लागत करीब 200 करोड़ रुपये निर्धारित की गई थी, लेकिन बाद में इस पर 864 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद काम पूरा नहीं हो सका।

उन्होंने कहा था कि जिस परियोजना को निर्धारित समय में पूरा किया जाना था, वह लंबे समय तक अधूरी रही।

मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया था कि JPNIC पर सपा का प्रभाव बनाए रखने के लिए एक कमेटी बनाई गई थी, जिसमें अखिलेश यादव, डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव, अखिलेश यादव के निजी सचिव और सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी शामिल थे।

JPNIC पर सियासी टकराव जारी

JPNIC को लेकर सपा और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है। एक तरफ अखिलेश यादव सरकार और LDA की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ JPNIC की पिछली व्यवस्था और परियोजना की लागत को लेकर समाजवादी पार्टी पर हमला बोल रहे हैं।

अब इस मामले में आगे सरकार और LDA की ओर से क्या जवाब आता है, इस पर राजनीतिक गलियारों की नजर बनी हुई है।

Hanuman Ansh Box Office: फ्लॉप होने की कगार पर थी फिल्म, चौथे हफ्ते में मचा तहलका

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़। बॉक्स ऑफिस पर कई बार ऐसी फिल्मों की कहानी देखने को मिलती है, जिनकी शुरुआत बेहद धीमी होती है, लेकिन बाद में अचानक उनकी कमाई रफ्तार पकड़ लेती है। निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की फिल्म ‘हनुमान अंश’ भी कुछ ऐसी ही कहानी लिखती नजर आ रही है।

शुरुआती तीन हफ्तों में दर्शकों की सीमित संख्या और कम कमाई के चलते फिल्म को लेकर खास उत्साह नजर नहीं आया था। लेकिन तीसरे सप्ताह के बाद फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल आया। आलम यह है कि रिलीज के चौथे सप्ताह में फिल्म के टिकटों की मांग बढ़ गई है।

31 जुलाई को रिलीज हुई थी ‘हनुमान अंश’

बाबा नीम करोरी की जिंदगी पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को 31 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। फिल्म को शुरुआत में सीमित स्क्रीन ही मिल पाई थीं। शुरुआती दो सप्ताह में बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का प्रदर्शन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।

पहले सप्ताह में फिल्म ने महज 89 लाख रुपये का कलेक्शन किया, जबकि दूसरे सप्ताह में कमाई घटकर करीब 46 लाख रुपये रह गई। ऐसे में फिल्म के फ्लॉप होने की आशंका जताई जाने लगी थी।

लेकिन तीसरे सप्ताह में कहानी पूरी तरह बदल गई।

तीसरे सप्ताह में बदली फिल्म की किस्मत

आमतौर पर रिलीज के दूसरे सप्ताह के बाद फिल्मों के कारोबार में गिरावट आने लगती है। ‘हनुमान अंश’ के मामले में इसके उलट देखने को मिला। तीसरे सप्ताह में फिल्म की कमाई में अचानक बड़ा उछाल आया और कलेक्शन सीधे करोड़ों में पहुंच गया।

ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के ट्वीट के अनुसार फिल्म की साप्ताहिक कमाई इस तरह रही—

  • पहला सप्ताह: 89 लाख रुपये
  • दूसरा सप्ताह: 46 लाख रुपये
  • तीसरा सप्ताह: 9.96 करोड़ रुपये
  • चौथा वीकेंड: 28.52 करोड़ रुपये

आंकड़ों से साफ है कि तीसरे सप्ताह से फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत करनी शुरू कर दी और चौथे सप्ताह में इसकी कमाई ने और तेज रफ्तार पकड़ ली।

चौथे सोमवार को भी शानदार कमाई

‘हनुमान अंश’ के लिए चौथे सप्ताह की शुरुआत भी मजबूत रही। फिल्म ने रिलीज के 25वें दिन यानी चौथे सोमवार को 5 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया।

इस कमाई के साथ फिल्म का नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करीब 46 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। धीमी शुरुआत के बाद फिल्म का इस तरह से रफ्तार पकड़ना इसे मौजूदा साल की चर्चित स्लीपर हिट फिल्मों में शामिल कर रहा है।

महज 2 करोड़ के बजट में 46 करोड़ की कमाई?

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि ‘हनुमान अंश’ को करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया है। अगर अब तक के करीब 46 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन के आंकड़े को आधार माना जाए, तो फिल्म अपनी लागत से कई गुना ज्यादा कारोबार कर चुकी है।

यानी शुरुआती दौर में कमजोर प्रदर्शन के बावजूद फिल्म ने बाद के हफ्तों में ऐसा कमबैक किया, जिसने इसकी बॉक्स ऑफिस कहानी ही बदल दी।

कम स्क्रीन से शुरू हुआ सफर, अब चर्चा में फिल्म

‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस यात्रा इस बात का उदाहरण बनती दिख रही है कि किसी फिल्म की शुरुआती कमाई हमेशा उसकी अंतिम सफलता तय नहीं करती। सीमित स्क्रीन और कमजोर शुरुआती प्रतिक्रिया के बाद फिल्म को तीसरे और चौथे सप्ताह में दर्शकों का बेहतर समर्थन मिला।

बाबा नीम करोरी की कहानी पर आधारित होने के कारण फिल्म को एक खास दर्शक वर्ग का भावनात्मक जुड़ाव भी मिला है। आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई किस स्तर तक पहुंचती है, इस पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।

Aaj Ka Rashifal 1 September 2026: आज 4 राशियों के लिए धन लाभ के प्रबल योग, जानें मेष से मीन तक का हाल

Aaj Ka Rashifal 1 September 2026: सितंबर महीने की शुरुआत ग्रह-नक्षत्रों की विशेष स्थिति के साथ हो रही है। ज्योतिषीय गणना के अनुसार आज चंद्रमा मेष राशि में अश्विनी नक्षत्र के अंतर्गत रहेंगे। अश्विनी नक्षत्र के स्वामी केतु माने जाते हैं। इसके अलावा मंगल मिथुन राशि में, गुरु कर्क राशि में उच्च स्थिति में, सूर्य-बुध-केतु सिंह राशि में, शुक्र कन्या राशि में, राहु कुंभ राशि में और शनि मीन राशि में गोचर कर रहे हैं।

ग्रहों की इस स्थिति का असर सभी 12 राशियों पर अलग-अलग देखने को मिल सकता है। कुछ राशियों के लिए आर्थिक स्थिति मजबूत होने और करियर में आगे बढ़ने के योग बन रहे हैं, जबकि कुछ जातकों को स्वास्थ्य और निवेश के मामलों में सावधानी बरतनी होगी। आइए जानते हैं मेष से मीन तक सभी राशियों का आज का राशिफल।

मेष राशि

मेष राशि वालों के लिए आज का दिन कई मामलों में सकारात्मक रह सकता है। चंद्रमा के लग्न में होने से भूमि, मकान और वाहन से जुड़े मामलों में लाभ के संकेत हैं। मन में सकारात्मक ऊर्जा बनी रह सकती है और कार्यक्षेत्र में सक्रियता बढ़ेगी।

प्रेम जीवन के लिहाज से भी दिन अच्छा रह सकता है। पंचम भाव के स्वामी का अपनी ही राशि में होना सकारात्मक संकेत देता है। हालांकि केतु की मौजूदगी के कारण संतान को लेकर थोड़ी चिंता हो सकती है, लेकिन किसी बड़े नुकसान के संकेत नहीं हैं।

व्यापार में तरक्की के अवसर मिल सकते हैं और आर्थिक स्थिति मजबूत होने की संभावना है। यदि कुंडली में दशा-अंतरदशा अनुकूल है तो यह समय काफी लाभदायक साबित हो सकता है।

उपाय: लाल रंग की वस्तु अपने पास रखें और बजरंगबली का स्मरण करें।

वृषभ राशि

वृषभ राशि वालों के मन में आज किसी अज्ञात कारण से चिंता या बेचैनी रह सकती है। बिना वजह की टेंशन, सिरदर्द और आंखों से जुड़ी परेशानी परेशान कर सकती है।

प्रेम और संतान से जुड़े मामलों में स्थिति सामान्य से कमजोर रह सकती है। आज निवेश करने से बचना बेहतर होगा, क्योंकि आर्थिक नुकसान की आशंका बन सकती है।

उपाय: मसूर की दाल या लाल रंग की वस्तु का दान करें।

मिथुन राशि

मिथुन राशि के जातकों को आज स्वास्थ्य के मामले में थोड़ी सावधानी बरतनी चाहिए। ग्रहों की स्थिति के कारण शारीरिक रूप से कुछ उतार-चढ़ाव महसूस हो सकते हैं।

हालांकि प्रेम और संतान के मामलों में परिस्थितियां अनुकूल रहेंगी। व्यापार में अच्छे परिणाम मिलने के संकेत हैं। यात्रा का योग बन सकता है और आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो सकती है। किसी शुभ समाचार से मन प्रसन्न होगा।

उपाय: लाल रंग की वस्तु का दान करना शुभ माना जा सकता है।

कर्क राशि

कर्क राशि वालों के लिए व्यापार के लिहाज से दिन अच्छा रहने वाला है। कारोबार में मजबूती आएगी और कानूनी या कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों में सफलता मिलने के संकेत हैं।

प्रेम संबंधों में कुछ दूरी महसूस हो सकती है। संतान को लेकर भी थोड़ी दूरी या चिंता रह सकती है। हालांकि स्वास्थ्य की स्थिति पहले की तुलना में बेहतर रहने की संभावना है।

उपाय: भगवान शिव का जलाभिषेक करें।

सिंह राशि

सिंह राशि वालों का स्वास्थ्य पहले की अपेक्षा बेहतर रह सकता है। हालांकि प्रेम और संतान से जुड़े मामलों में दूरी बनी रहने के संकेत हैं। दांपत्य जीवन में भी कुछ परेशानियां चल सकती हैं।

चंद्रमा के नवम भाव में होने से परिस्थितियों में कुछ सकारात्मक बदलाव आ सकते हैं। यात्रा के योग बनेंगे और धार्मिक या आध्यात्मिक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। कारोबार भी धीरे-धीरे बेहतर दिशा में आगे बढ़ सकता है।

उपाय: बजरंगबली को प्रणाम करें।

कन्या राशि

कन्या राशि के जातकों को आज स्वास्थ्य के मामले में विशेष सतर्क रहने की जरूरत है। लग्नेश के कमजोर स्थिति में होने और चंद्रमा के अष्टम भाव में रहने से जोखिम लेने से बचना चाहिए।

हालांकि प्रेम और संतान से जुड़े मामलों में अच्छे संकेत हैं। कारोबार सामान्य रूप से आगे बढ़ता रहेगा। आज जल्दबाजी में कोई बड़ा फैसला लेने से बचें।

उपाय: भगवान गणेश को दूर्वा अर्पित करें और ‘ॐ गं गणपतये नमः’ मंत्र का जाप करें।

तुला राशि

तुला राशि वालों के लिए आज का दिन काफी सुखद रह सकता है। चंद्रमा के सप्तम भाव में होने से प्रेम और दांपत्य जीवन में सकारात्मकता बढ़ सकती है।

प्रेमी-प्रेमिका की मुलाकात के योग बन सकते हैं। जीवनसाथी के साथ अच्छा समय बिताने का मौका मिलेगा। नौकरी और कार्यक्षेत्र में भी परिस्थितियां अनुकूल रहने की संभावना है। कुल मिलाकर दिन आनंददायक रह सकता है।

उपाय: शनिदेव का स्मरण करें।

वृश्चिक राशि

वृश्चिक राशि वालों के लिए दिन कुछ परेशानियों के साथ शुरू हो सकता है। शत्रु पक्ष सक्रिय रह सकता है और छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्याएं सामने आ सकती हैं।

ग्रहों की स्थिति के कारण रोग प्रतिरोधक क्षमता को लेकर सावधानी बरतना जरूरी होगा। हालांकि प्रेम और संतान से जुड़े मामलों में अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। व्यापार भी बेहतर रहने के संकेत हैं।

उपाय: हरे रंग की वस्तु का दान करें और बजरंगबली का स्मरण करें।

धनु राशि

धनु राशि के विद्यार्थियों के लिए आज का दिन अच्छा रह सकता है। पढ़ाई में मन लगेगा और मेहनत का सकारात्मक परिणाम मिलने की संभावना है।

प्रेम संबंधों में भावुकता अधिक रह सकती है। नए प्रेम संबंधों के लिए समय थोड़ा सामान्य रहेगा, जबकि पुराने रिश्तों में छोटी-मोटी बहस हो सकती है। इसके बावजूद रिश्ते में अपनापन बना रहेगा। संतान से जुड़े मामलों में भी सुधार के संकेत हैं।

स्वास्थ्य पर ध्यान देना जरूरी होगा। व्यापार के लिए दिन सामान्य से बेहतर रह सकता है और किसी बड़े जोखिम की स्थिति नहीं दिख रही है।

उपाय: लाल रंग की वस्तु अपने पास रखें।

मकर राशि

मकर राशि वालों को आज घरेलू विवादों का सामना करना पड़ सकता है। परिवार में छोटी बातों को लेकर तनाव की स्थिति बन सकती है। हालांकि भौतिक सुख-सुविधाओं में वृद्धि के योग हैं।

भूमि, मकान या वाहन की खरीदारी के लिए समय अनुकूल हो सकता है। प्रेम और संतान से जुड़े मामलों में अच्छी स्थिति बनी रहेगी। व्यापार में भी सफलता के संकेत हैं।

घर के विवादों को शांत दिमाग से सुलझाने की कोशिश करें। इससे बाकी क्षेत्रों में स्थितियां आपके पक्ष में रह सकती हैं।

उपाय: मां काली का स्मरण करें।

कुंभ राशि

कुंभ राशि वालों को आज स्वास्थ्य के मामले में सावधानी बरतनी होगी। दांपत्य जीवन पर भी ध्यान देने की जरूरत है। हालांकि व्यापारिक गतिविधियों के लिए समय अच्छा रह सकता है।

कारोबार में नए प्रयोग करने का मौका मिलेगा और उनमें सफलता भी मिल सकती है। परिवार और करीबियों का सहयोग प्राप्त होगा। मेहनत और पराक्रम का अच्छा परिणाम मिल सकता है।

प्रेम और संतान से जुड़े मामलों में स्थिति सकारात्मक रहेगी, हालांकि बीच-बीच में मतभेद हो सकते हैं।

उपाय: काल भैरव के दर्शन करना शुभ माना जा सकता है।

मीन राशि

मीन राशि वालों के लिए आर्थिक रूप से दिन अच्छा रह सकता है। धन की आवक बढ़ने और परिवार में वृद्धि के संकेत हैं। स्वास्थ्य में भी पहले की तुलना में सुधार देखने को मिल सकता है।

प्रेम और संतान से जुड़े मामलों में सकारात्मक बदलाव आएंगे। कुल मिलाकर शुभ परिस्थितियां बनी रहेंगी, लेकिन स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही न करें।

उपाय: नीले रंग की वस्तु का दान करें और पीली वस्तु अपने पास रखें। पीले वस्त्र या सोना धारण करना भी शुभ माना जा सकता है।

Gold-Silver Price: सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए बड़ी खबर! सरकार घटा सकती है इंपोर्ट ड्यूटी, क्या सस्ता होगा गोल्ड?

Gold-Silver Price: सोने और चांदी की खरीदारी करने वालों के लिए आने वाले दिनों में राहत की खबर सामने आ सकती है। भारत सरकार सोने और चांदी पर लगने वाली आयात शुल्क यानी इंपोर्ट ड्यूटी को कम करने के विकल्प पर विचार कर रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

रत्न एवं आभूषण परिषद (Gems & Jewellery Council) के चेयरमैन राजेश रोकड़े के मुताबिक, सरकार के स्तर पर इस मुद्दे को लेकर बातचीत चल रही है। उनका कहना है कि आयात शुल्क बढ़ाने के पीछे सरकार का उद्देश्य सोने और चांदी के आयात को नियंत्रित करना था, लेकिन इसका अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आया। इसके बजाय ऊंची ड्यूटी की वजह से ग्रे मार्केट यानी अवैध कारोबार को बढ़ावा मिलने की स्थिति बनी है।

इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने से नहीं घटा सोने का आयात

रत्न एवं आभूषण परिषद के चेयरमैन राजेश रोकड़े ने बताया कि सरकार को उम्मीद थी कि आयात शुल्क बढ़ने के बाद देश में सोने और चांदी की आवक कम होगी। हालांकि, ऐसा पूरी तरह देखने को नहीं मिला।

उनके मुताबिक आयात काफी हद तक जारी रहा और दूसरी ओर ऊंची ड्यूटी के कारण अनौपचारिक तथा अवैध बाजार का आकार बढ़ने लगा। ज्वेलरी इंडस्ट्री पहले ही सरकार को इस संभावित स्थिति को लेकर आगाह कर चुकी थी।

कब कम होगी इंपोर्ट ड्यूटी?

सबसे बड़ा सवाल यही है कि सरकार सोने और चांदी पर आयात शुल्क कब घटाएगी और इसमें कितनी कटौती होगी। राजेश रोकड़े के अनुसार इस मुद्दे पर सरकार के साथ बातचीत जारी है, लेकिन फिलहाल शुल्क में कटौती की कोई निश्चित तारीख या प्रस्तावित दर बताना जल्दबाजी होगी।

उन्होंने संकेत दिया कि सरकार परिस्थितियों का आकलन करने के बाद उचित समय पर इस संबंध में फैसला ले सकती है। यानी फिलहाल सोने-चांदी के खरीदारों को आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।

6 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी की गई थी ड्यूटी

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने मई में सोने और चांदी पर कस्टम ड्यूटी को 6 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया था। यह फैसला पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच देश के विदेशी मुद्रा भंडार और बाहरी खाते पर पड़ने वाले दबाव को कम करने के उद्देश्य से लिया गया था।

भारत चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सोना उपभोक्ता देश है। देश में हर साल करीब 700 से 900 टन सोने का आयात किया जाता है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 में मूल्य के आधार पर भारत का सोना आयात करीब 24 फीसदी बढ़कर 71.9 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, इसी अवधि में सोने के आयात की मात्रा घटकर लगभग 721 टन रह गई।

ड्यूटी घटने पर क्या सस्ता हो सकता है सोना?

अगर सरकार वास्तव में सोने और चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी कम करने का फैसला करती है, तो इसका असर घरेलू बाजार पर पड़ सकता है। आयात शुल्क कम होने से आधिकारिक माध्यम से सोने का आयात बढ़ने की संभावना है। साथ ही ग्रे मार्केट पर भी दबाव कम किया जा सकता है।

हालांकि, सरकार के सामने विदेशी मुद्रा पर पड़ने वाले दबाव को नियंत्रित करने की चुनौती भी रहेगी। इसलिए शुल्क में किसी भी बदलाव से पहले कई आर्थिक पहलुओं पर विचार किया जाना तय माना जा रहा है।

आज सोने के भाव में आई गिरावट

इधर घरेलू वायदा बाजार में सोमवार को सोने की कीमत में गिरावट देखने को मिली। कमजोर मांग के बीच सोने का भाव 2,045 रुपये टूटकर 1,54,236 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।

ऐसे में अगर सरकार आने वाले समय में इंपोर्ट ड्यूटी कम करती है, तो घरेलू सोना बाजार और ज्वेलरी कारोबार पर इसका असर देखने को मिल सकता है। हालांकि, यह जरूरी नहीं कि ड्यूटी में कटौती का पूरा फायदा सीधे खुदरा कीमतों में उसी अनुपात में दिखाई दे, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय कीमत, डॉलर-रुपया विनिमय दर और अन्य लागत भी सोने के घरेलू भाव को प्रभावित करती हैं।

फिलहाल इंपोर्ट ड्यूटी घटाने का मामला चर्चा के स्तर पर है। सरकार की ओर से आधिकारिक घोषणा होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि शुल्क में कितनी कटौती की जाएगी और इसका सोने-चांदी की कीमतों पर वास्तविक असर कितना होगा।

लोहिया संस्थान में अंगदान की मिसाल, परिवार के फैसले से तीन मरीजों को मिली नई जिंदगी की उम्मीद

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज : राजधानी स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में एक परिवार ने बेहद कठिन समय में ऐसा फैसला लिया, जिसने मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। बाराबंकी निवासी मनोज कुमार के ब्रेन स्टेम डेथ के बाद उनके परिजनों ने अंगदान की सहमति देकर तीन जरूरतमंद मरीजों के जीवन में उम्मीद की नई किरण जगा

मनोज कुमार को 25 अगस्त 2026 को उपचार के लिए लोहिया संस्थान में भर्ती कराया गया था। उन्हें इमरजेंसी ईसीयू में डॉ. एस.एस. नाथ के निर्देशन में उपचार दिया जा रहा था। चिकित्सकों की ओर से लगातार प्रयास किए जाने के बावजूद उनकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका।

ब्रेन स्टेम डेथ के बाद हुई प्रक्रिया

चिकित्सकीय प्रोटोकॉल के तहत संस्थान की ब्रेन स्टेम डेथ सर्टिफिकेशन टीम ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद मनोज कुमार को ब्रेन स्टेम डेड घोषित किया। इस टीम में डॉ. पी.के. मौर्या, डॉ. ऋतु करौली, डॉ. एस.एस. नाथ और डॉ. अरविंद कुमार सिंह शामिल रहे।

इसके बाद चिकित्सकीय टीम ने परिजनों को अंगदान के महत्व और इसकी पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी। ग्रीफ काउंसलर सुभाष शुक्ला और ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर बर्नाडिक्ट मिंज ने डॉ. संदीप कुमार यादव और डॉ. एस.एस. नाथ के सहयोग से परिवार से बातचीत की और उन्हें अंगदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को मिलने वाले जीवन के अवसर के बारे में समझाया।

दुख की घड़ी में परिवार ने लिया बड़ा फैसला

प्रियजन को खोने के दुख के बीच परिवार ने साहस दिखाते हुए अंगदान के लिए अपनी सहमति दे दी। परिवार के इस निर्णय के बाद उपलब्ध अंगों को जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की गई। संस्थान के अनुसार इस अंगदान से तीन मरीजों के जीवन में नई उम्मीद पैदा हुई है।

अंगदान की स्वीकृति मिलने के बाद ऑर्गन रिट्रीवल की पूरी प्रक्रिया को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से पूरा कराया गया। इस दौरान संस्थान के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कई विभागों की टीम ने मिलकर पूरा किया ऑर्गन रिट्रीवल

ऑर्गन रिट्रीवल प्रक्रिया में यूरोलॉजी, निश्चेतना, नेफ्रोलॉजी और फॉरेंसिक विभाग समेत कई टीमों ने समन्वय के साथ काम किया।

यूरोलॉजी विभाग की ओर से डॉ. ईश्वर राम धयाल, डॉ. आलोक श्रीवास्तव और डॉ. संजीत सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं निश्चेतना विभाग से डॉ. पी.के. दास और डॉ. निधि शुक्ला ने प्रक्रिया को निर्धारित समय के अनुसार पूरा कराने में सहयोग किया।

नेफ्रोलॉजी विभाग की टीम में डॉ. अभिलाष चंद्रा और डॉ. नम्रता राव ने डोनर से संबंधित आवश्यक जांच, अंगों की उपयुक्तता का मूल्यांकन और संभावित रिसीपिएंट्स की तैयारी की प्रक्रिया पूरी कराई। इससे उपलब्ध अंगों के उचित और समय पर इस्तेमाल में मदद मिली।

फॉरेंसिक और कानूनी प्रक्रिया भी समय पर पूरी

ऑर्गन रिट्रीवल से जुड़ी आवश्यक फॉरेंसिक औपचारिकताओं को पूरा कराने में फॉरेंसिक विभाग के डॉ. प्रदीप और डॉ. आलोक का सहयोग रहा।

वहीं अंगदान से संबंधित कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूरा कराने में हेड कांस्टेबल कमलेश यादव और विवेक यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी संबंधित टीमों के आपसी तालमेल से पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय में संपन्न की गई।

संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन

संस्थान के अनुसार पूरी प्रक्रिया निदेशक प्रो. (डॉ.) सी.एम. सिंह और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विक्रम सिंह के मार्गदर्शन एवं सहयोग से सफलतापूर्वक पूरी हुई।

परिवार के सदस्यों संतोष मिश्रा और लक्ष्मण तिवारी ने भावुक होकर कहा कि अंगदान का निर्णय उनके प्रियजन की स्मृति को सार्थक बनाने वाला कदम है। उनका कहना था कि जाते-जाते भी मनोज कुमार ने दूसरों के जीवन में उम्मीद जगाने का काम किया। परिवार ने उम्मीद जताई कि उनका यह फैसला समाज के अन्य लोगों को भी अंगदान के लिए प्रेरित करेगा।

संस्थान ने परिवार के फैसले को बताया अनुकरणीय

डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान परिवार ने अंगदाता मनोज कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों के साहसिक निर्णय के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

संस्थान ने कहा कि अपनों को खोने के कठिन समय में अंगदान की सहमति देना मानवता और संवेदनशीलता का उदाहरण है। परिवार के इस फैसले ने न केवल तीन जरूरतमंद मरीजों के लिए उम्मीद जगाई, बल्कि अंगदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का संदेश भी दिया।

Aaj Ka Rashifal 31 August 2026: आज 5 राशियों पर बरसेगी मां लक्ष्मी की कृपा! धन लाभ के साथ बनेंगे तरक्की के योग

Aaj Ka Rashifal 31 August 2026: 31 अगस्त 2026 का दिन ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति के लिहाज से कई राशियों के लिए खास रहने वाला है। ज्योतिषीय गणना के अनुसार आज मंगल मिथुन राशि में, गुरु कर्क राशि में, जबकि सूर्य, बुध और केतु सिंह राशि में स्थित हैं। शुक्र कन्या राशि में गोचर कर रहे हैं और राहु कुंभ राशि में हैं। वहीं शनि और चंद्रमा का संयोग बना हुआ है। चंद्रमा मीन राशि में रेवती नक्षत्र में विराजमान हैं।

ग्रहों की इस स्थिति का प्रभाव सभी 12 राशियों पर अलग-अलग पड़ सकता है। कुछ जातकों को आर्थिक लाभ और करियर में सफलता के संकेत मिल रहे हैं, तो कुछ लोगों को स्वास्थ्य और निजी जीवन में सावधानी बरतने की जरूरत होगी। आइए जानते हैं मेष से मीन तक सभी राशियों के लिए कैसा रहेगा आज का दिन।

मेष राशि

आज आपके खर्चों में बढ़ोतरी हो सकती है। कारोबार या दांपत्य जीवन को लेकर मन में चिंता बनी रह सकती है। हालांकि इनमें से कुछ चिंताएं केवल मन की आशंकाएं भी हो सकती हैं और जरूरी नहीं कि परिस्थितियां वास्तव में उतनी खराब हों।

स्वास्थ्य की बात करें तो सिरदर्द, आंखों में परेशानी और नसों से जुड़ी दिक्कत महसूस हो सकती है। प्रेम और संतान से जुड़े मामलों में सुधार के संकेत हैं। व्यापार की स्थिति भी सामान्य से बेहतर रह सकती है।

उपाय: पीली वस्तु अपने पास रखें और नीले रंग की वस्तु का दान करें। चने की दाल या नीले वस्त्र का दान करना शुभ माना जा सकता है।

वृषभ राशि

वृषभ राशि वालों के लिए आज का दिन उत्साह और प्रसन्नता लेकर आ सकता है। आमदनी के नए रास्ते खुल सकते हैं और पुराने माध्यमों से भी धन प्राप्त होने की संभावना है।

यात्रा के योग बन रहे हैं। किसी शुभ समाचार से मन प्रसन्न हो सकता है। स्वास्थ्य पहले की तुलना में बेहतर रहने की उम्मीद है। प्रेम और संतान से जुड़े मामलों में भी सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं।

उपाय: भगवान गणेश का स्मरण और पूजन करें।

मिथुन राशि

मिथुन राशि के जातकों को आज कोर्ट-कचहरी या कानूनी मामलों से दूरी बनाए रखना बेहतर रहेगा। कारोबार में कुछ रुकावटें आ सकती हैं, लेकिन प्रयास जारी रखने पर काम आगे बढ़ता रहेगा।

सीने से संबंधित परेशानी को लेकर सतर्क रहें। प्रेम और संतान से जुड़े मामलों में स्थिति अच्छी रहने के संकेत हैं। दिन कुछ उतार-चढ़ाव के बावजूद कुल मिलाकर सकारात्मक रह सकता है।

उपाय: मां काली का स्मरण करें।

कर्क राशि

आज कर्क राशि वालों के मन में मान-सम्मान को लेकर चिंता रह सकती है। स्वास्थ्य में छोटी-मोटी परेशानियां दिन को प्रभावित कर सकती हैं। प्रेम संबंधों में कुछ दूरी महसूस हो सकती है।

संतान को लेकर भी मन में चिंता बनी रह सकती है, लेकिन कारोबार के लिहाज से दिन बेहतर रहने के संकेत हैं।

उपाय: बजरंगबली की पूजा करें और उनका स्मरण करें।

सिंह राशि

सिंह राशि वालों के लिए आज का दिन थोड़ा सावधानी भरा रह सकता है। चोट लगने या वाहन से जुड़ी परेशानी की आशंका को देखते हुए जल्दबाजी और जोखिम से बचें। वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतें।

हालांकि ग्रहों की कुछ मजबूत स्थितियां सुरक्षा का संकेत भी दे रही हैं। प्रेम जीवन में थोड़ी दूरी महसूस हो सकती है, लेकिन भावनात्मक जुड़ाव बना रहेगा। संतान को लेकर चिंता हो सकती है, फिर भी संतान की प्रगति और सहयोग से संतोष मिलेगा।

व्यापार के लिहाज से दिन अच्छा रह सकता है। ज्योतिषीय दृष्टि से निवेश के लिए भी समय अनुकूल माना जा रहा है, लेकिन कोई भी आर्थिक फैसला सोच-समझकर ही लें।

उपाय: मां काली का स्मरण करें।

कन्या राशि

कन्या राशि के जातकों के लिए आज का दिन शुभ संकेत लेकर आ सकता है। आपका आकर्षण बढ़ेगा और लोग आपकी ओर प्रभावित हो सकते हैं। प्रेम संबंधों में नजदीकियां बढ़ सकती हैं और पार्टनर के साथ संबंध मधुर होने के योग हैं।

विवाहित लोगों के जीवन में भी प्रेम और सामंजस्य बढ़ सकता है। हालांकि पेट या पाचन से जुड़ी समस्या परेशान कर सकती है। नौकरी और कार्यक्षेत्र में परिस्थितियां आपके पक्ष में रह सकती हैं।

उपाय: शनिदेव का स्मरण और पूजन करें।

तुला राशि

तुला राशि वालों के लिए स्वास्थ्य के लिहाज से दिन थोड़ा कमजोर रह सकता है। छोटी-मोटी शारीरिक परेशानियां चिंता का कारण बन सकती हैं। विरोधी या शत्रु पक्ष सक्रिय हो सकता है, लेकिन आपकी समझदारी और बुद्धिमानी आपको परिस्थितियों से बाहर निकाल सकती है।

गूढ़ विषयों या आध्यात्मिक ज्ञान की ओर रुचि बढ़ सकती है। बुजुर्गों का आशीर्वाद मिलने से मनोबल बढ़ेगा। प्रेम और संतान से जुड़े मामलों में स्थिति सामान्य रह सकती है।

उपाय: शनिदेव का स्मरण करें।

वृश्चिक राशि

वृश्चिक राशि वालों को आज अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखने की जरूरत है। नकारात्मक विचार मानसिक तनाव बढ़ा सकते हैं। प्रेम संबंधों में बहस या मतभेद होने की संभावना है।

विद्यार्थियों को पढ़ाई या भविष्य को लेकर असमंजस महसूस हो सकता है। स्वास्थ्य भी थोड़ा प्रभावित रह सकता है। ऐसे में आज कोई बड़ा या महत्वपूर्ण फैसला लेने से बचें।

उपाय: पीली वस्तु अपने पास रखें।

धनु राशि

धनु राशि के जातकों को आज जमीन, मकान या वाहन की खरीदारी टालना बेहतर रहेगा। घर-परिवार में नकारात्मक माहौल या मानसिक तनाव महसूस हो सकता है। सीने से जुड़ी परेशानी को नजरअंदाज न करें।

हालांकि प्रेम जीवन के लिए दिन काफी अच्छा रह सकता है। संतान से संबंधित मामलों में भी सकारात्मक संकेत हैं। कारोबार में स्थिति संतोषजनक रहने की संभावना है।

उपाय: नीली वस्तु का दान करें।

मकर राशि

मकर राशि वालों के लिए कारोबार के लिहाज से आज का दिन मजबूत रह सकता है। अपनों का सहयोग मिलेगा और कामकाज में आगे बढ़ने के अवसर मिल सकते हैं।

नाक, कान और गले से संबंधित छोटी परेशानी हो सकती है। कारोबार में कुछ ऐसे लोगों से सावधान रहें, जिनकी नकारात्मक सोच आपके काम को प्रभावित कर सकती है। प्रेम और संतान से जुड़े मामले अच्छे रहने के संकेत हैं।

उपाय: मां काली का स्मरण करें।

कुंभ राशि

कुंभ राशि वालों के लिए आज धन प्राप्ति के योग बन रहे हैं। परिवार में भी वृद्धि और खुशियों का माहौल बन सकता है। हालांकि निवेश के मामले में सावधानी बरतना जरूरी होगा, क्योंकि गलत जगह पैसा लगाने से नुकसान की आशंका है।

अपनी वाणी पर भी नियंत्रण रखें। जरूरत से ज्यादा बोलना विवाद का कारण बन सकता है। प्रेम और संतान से जुड़े मामलों में स्थिति अच्छी रहेगी और कारोबार भी बेहतर चल सकता है।

उपाय: पीली वस्तु का दान करें।

मीन राशि

मीन राशि के जातकों के लिए आज सकारात्मक और नकारात्मक दोनों तरह की परिस्थितियां सामने आ सकती हैं। प्रेम जीवन को लेकर कभी उत्साह तो कभी चिंता महसूस हो सकती है। संतान को लेकर भी मन में मिश्रित भावनाएं बनी रह सकती हैं।

स्वास्थ्य सामान्य से थोड़ा कमजोर रह सकता है। प्रेम और संतान से जुड़े मामलों में स्थिति मध्यम रहेगी, जबकि व्यापार के लिए दिन अच्छा रहने के संकेत हैं।

उपाय: पीली वस्तु अपने पास रखना शुभ माना जा सकता है।