न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने सिंगापुर दौरे के दौरान बड़ा निवेश हासिल करने का दावा किया है। उन्होंने बताया कि दो दिनों में विभिन्न थिंक टैंक और वैश्विक कंपनियों के साथ संवाद के बाद राज्य को करीब एक लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें से लगभग 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश पर एमओयू भी साइन हो चुके हैं।
मंगलवार को सिंगापुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल सोमवार तड़के सिंगापुर पहुंचा और सुबह से देर रात तक लगातार बैठकों का दौर चलता रहा। दूसरे दिन भी निवेशकों और संस्थाओं के साथ चर्चा जारी रही।
शीर्ष नेतृत्व और वैश्विक कंपनियों से मुलाकात
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने सिंगापुर के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से शिष्टाचार मुलाकात की। साथ ही प्रमुख निवेश कंपनियों और संस्थानों के शीर्ष अधिकारियों के साथ भी बैठकें हुईं।
इनमें GIC, Temasek, USG, SATS Ltd और Blackstone Inc. जैसी कंपनियां शामिल रहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इनमें से कई कंपनियां पहले से भारत और उत्तर प्रदेश में निवेश कर रही हैं।
इंफ्रास्ट्रक्चर और एविएशन सेक्टर पर फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना में सिंगापुर की कुछ कंपनियों का पहले से निवेश है। साथ ही नोएडा स्थित Noida International Airport (जेवर एयरपोर्ट) पर कार्गो हब और एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहालिंग) सुविधा विकसित करने को लेकर विशेष चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि सिंगापुर एमआरओ और कार्गो प्रबंधन में वैश्विक स्तर पर दक्ष है और यहां की व्यवस्थाओं का अध्ययन कर यूपी में उसी मॉडल को विकसित किया जा सकता है। मुख्यमंत्री के अनुसार, विश्वभर के विमान एमआरओ सेवाओं के लिए सिंगापुर आते हैं और इसी तरह की सुविधा जेवर में भी विकसित की जा सकती है।
जापान दौरे की तैयारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंगापुर के बाद प्रतिनिधिमंडल देर रात जापान के लिए रवाना होगा, जहां निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ आगे की बैठकें प्रस्तावित हैं।
वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में बीते वर्षों में देश की वैश्विक छवि मजबूत हुई है और उत्तर प्रदेश ने भी नौ वर्षों में इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स, वेलफेयर और सर्विस सेक्टर में उल्लेखनीय प्रगति की है।
यह भी पढ़े:- बजट 2026-27: पिछड़ा वर्ग और दिव्यांगजन कल्याण योजनाओं में बढ़ोतरी, छात्रवृत्ति व पेंशन
उन्होंने कहा कि डाटा सेंटर, सेमीकंडक्टर, फिनटेक, ट्रेड, टेक्नोलॉजी और टूरिज्म जैसे क्षेत्रों में सहयोग की व्यापक संभावनाएं हैं। प्राप्त निवेश प्रस्ताव उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे।



