T20 World Cup 2026: ICC का बांग्लादेश को दो टूक संदेश, भारत में खेलो या फिर…

स्पोर्ट्स डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- T20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को स्पष्ट संदेश दे दिया है। आईसीसी ने साफ किया है कि बांग्लादेश को टूर्नामेंट खेलने के लिए भारत आना ही होगा, अन्यथा उसे लीग स्टेज में अपने सभी अंक गंवाने पड़ सकते हैं।

अंकों के नुकसान का सीधा अर्थ यह होगा कि बांग्लादेश टीम सुपर-8 चरण के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाएगी और टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। खास बात यह है कि बांग्लादेश के सभी लीग मैच भारत में ही प्रस्तावित हैं, ऐसे में भारत में खेलने से इनकार करने पर टीम को एक भी अंक नहीं मिलेगा।

IPL विवाद के बाद उठा था मुद्दा

दरअसल, यह मामला उस समय सामने आया जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL 2026 से बाहर करने का निर्देश दिया था। इसके बाद BCB ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए ICC से अनुरोध किया था कि बांग्लादेश के T20 वर्ल्ड कप मुकाबले भारत के बाहर आयोजित किए जाएं।

ICC ने ठुकराई BCB की मांग

ESPNcricinfo की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार 6 जनवरी को हुई एक वर्चुअल मीटिंग में ICC ने BCB की इस मांग को खारिज कर दिया। आईसीसी ने साफ कहा कि सुरक्षा कारणों से मैचों को भारत से बाहर कराने की बांग्लादेश की अपील स्वीकार नहीं की जा सकती।

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि ICC ने BCB को आगाह किया है कि यदि टीम भारत आकर T20 वर्ल्ड कप नहीं खेलती है, तो उसे पॉइंट्स गंवाने पड़ेंगे। हालांकि, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का कहना है कि उन्हें इस तरह का कोई औपचारिक अल्टीमेटम नहीं दिया गया है।

आधिकारिक बयान का इंतजार

इस पूरे मामले पर फिलहाल न तो BCCI और न ही BCB की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। ऐसे में ICC के फैसले को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

पहले भी हो चुका है ऐसा

आईसीसी के इस रुख से यह साफ हो गया है कि जो भी टीम किसी निर्धारित देश में टूर्नामेंट खेलने से इनकार करेगी, उसे अंकों का नुकसान उठाना पड़ेगा। क्रिकेट इतिहास में अब तक चार बार ऐसा हो चुका है जब किसी टीम ने ICC टूर्नामेंट के दौरान किसी देश में मैच खेलने से इनकार किया और विरोधी टीम को वॉकओवर या फोरफिट मिला।

यह घटनाएं 1996 वनडे वर्ल्ड कप में दो बार और 2003 वनडे वर्ल्ड कप में दो बार देखने को मिली थीं, जिनके पीछे सुरक्षा और राजनीतिक अस्थिरता जैसे कारण थे।

भारत-पाकिस्तान का मामला अलग

भारत और पाकिस्तान के बीच हालात अलग हैं, जहां दोनों देशों के बीच मुकाबले अब अधिकतर हाइब्रिड मॉडल के तहत एसीसी या आईसीसी टूर्नामेंट्स में कराए जाते हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles