VIDEO: क्रिसमस पर चर्च पहुंचे PM मोदी, यीशु मसीह की प्रतिमा के समक्ष की प्रार्थना

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को क्रिसमस के अवसर पर दिल्ली स्थित ऐतिहासिक कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्प्शन में आयोजित सुबह की विशेष प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में दिल्ली सहित उत्तर भारत के ईसाई समुदाय के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

प्रार्थना सभा के दौरान क्रिसमस कैरोल, भजन और सामूहिक प्रार्थनाएं की गईं। दिल्ली के बिशप राइट रेवरेंड डॉ. पॉल स्वरूप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए विशेष प्रार्थना की। प्रधानमंत्री ने इस दौरान ईसा मसीह की प्रतिमा के सामने हाथ जोड़कर श्रद्धा प्रकट की

प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उन्होंने दिल्ली के कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्प्शन में क्रिसमस की सुबह की प्रार्थना सभा में भाग लिया। उन्होंने कहा कि यह सभा प्रेम, शांति और करुणा के शाश्वत संदेश को दर्शाती है और क्रिसमस की भावना समाज में सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करे।

इससे पहले प्रधानमंत्री ने देशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि सभी नागरिकों को शांति, करुणा और आशा से भरे आनंदमय क्रिसमस की शुभकामनाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि यीशु मसीह की शिक्षाएं समाज में सद्भाव और आपसी समझ को मजबूत करें।

यह भी पढ़े:- Aaj Ka Rashifal 25 December 2025: इन 5 राशियों के लिए सावधानी का दिन, नए काम की

गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ईसाई समुदाय से जुड़े कार्यक्रमों में लगातार भाग लेते रहे हैं। वर्ष 2023 में ईस्टर के अवसर पर उन्होंने दिल्ली के सेक्रेड हार्ट कैथेड्रल में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की थी। उसी साल क्रिसमस पर उन्होंने अपने आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर एक विशेष कार्यक्रम की मेजबानी भी की थी।
वहीं 2024 में प्रधानमंत्री ने केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन के आवास पर आयोजित डिनर में भाग लिया और कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ्रेंस ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे। सूत्रों के अनुसार, यह ईसाई समुदाय के साथ उनके निरंतर संवाद को दर्शाता है।

इसी बीच, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी क्रिसमस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर लिखा कि सभी को प्रेम, उम्मीद और दया से भरे आनंदमय क्रिसमस की शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि मसीह का संदेश हमें अधिक मजबूत और संवेदनशील समाज बनाने के लिए प्रेरित करता है

गौरतलब है कि क्रिसमस का पर्व यीशु मसीह के जन्म की स्मृति में मनाया जाता है, जो प्रेम, शांति और करुणा का संदेश देता है। इस अवसर पर देशभर के चर्चों में विशेष प्रार्थनाएं और उत्सव आयोजित किए जा रहे हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles