न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में इस समय भीषण ठंड और घना कोहरा जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है। दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में तापमान में तेज गिरावट और सर्द हवाओं के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में ‘कोल्ड डे’ जैसे हालात बन गए हैं। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन कई जिलों में कक्षा 1 से 8 तक और कुछ स्थानों पर 12वीं तक के स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद करने के आदेश जारी किए हैं। मौसम विभाग (IMD) ने आगामी 48 से 72 घंटों के लिए राज्य के कई हिस्सों में रेड और ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। इसके साथ ही 35 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे की चेतावनी भी दी गई है।
घने कोहरे और शून्य दृश्यता की आशंका को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई जिलाधिकारियों ने स्कूल बंद करने के निर्देश दिए हैं। बरेली में कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल 20 दिसंबर तक बंद रहेंगे। कानपुर में भी शीतलहर के चलते 20 दिसंबर तक स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। जौनपुर और गोंडा में 21 दिसंबर तक स्कूल बंद रखने के आदेश हैं।
यह भी पढ़े:- पटना-झारखंड समेत पांच हाईकोर्ट को मिलेंगे नए मुख्य न्यायाधीश, SC कॉलेजियम ने भेजी सिफारिश
कुछ बड़े शहरों में स्कूलों को पूरी तरह बंद करने के बजाय समय में बदलाव किया गया है। वाराणसी में अब स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगे, जबकि लखनऊ में सुबह 9 बजे के बाद ही कक्षाएं लगेंगी। रामपुर, बिजनौर, कासगंज और औरैया में भी स्कूलों के समय को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
मौसम विभाग का रेड अलर्ट, दृश्यता हो सकती है शून्य
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार प्रदेश के 35 से अधिक जिलों में अत्यधिक घने कोहरे को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक ऊपरी सतह पर चल रही पुरवा हवाओं और वातावरण में नमी के कारण घना कोहरा बन रहा है। गोरखपुर, बरेली, आगरा और लखनऊ जैसे शहरों में दृश्यता 0 से 50 मीटर तक सिमट सकती है, जिससे सड़क और हवाई यातायात पर गंभीर असर पड़ने की आशंका है। बीते दो दिनों में अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। गोरखपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है, जिससे गलन बढ़ गई है।
सरकार और प्रशासन सतर्क
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ठंड और कोहरे को देखते हुए सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और रैन बसेरों की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। एक्सप्रेसवे पर पहले ही गति सीमा कम की जा चुकी है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक कोहरे में अनावश्यक यात्रा से बचें, वाहन चलाते समय फॉग लाइट का प्रयोग करें और धीमी गति से चलें। बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। अगले कुछ दिनों तक ठंड से राहत के आसार कम ही हैं।
10 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे
प्रदेश के 10 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। सबसे ज्यादा ठंड बुलंदशहर में पड़ी, जहां तापमान गिरकर 7.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लखीमपुर खीरी में 8.0, बाराबंकी में 8.5, अयोध्या में 9.0, गोरखपुर में 9.2, हरदोई में 9.5, इटावा, सुलतानपुर और आजमगढ़ में 9.6 तथा झांसी में 9.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। मुरादाबाद, चुर्क, बस्ती और आगरा ताज में न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिन में सबसे कम तापमान वाराणसी एयरपोर्ट पर 13.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 10 डिग्री कम है।
कई इलाकों में शून्य विजिबिलिटी
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अत्यंत घना कोहरा छाया रहा। आगरा, बरेली, कुशीनगर, प्रयागराज, गोरखपुर और कानपुर के एयरफोर्स स्टेशनों पर दृश्यता शून्य दर्ज की गई। बलिया में दृश्यता 10 मीटर, बहराइच में 20 मीटर, फतेहगढ़ और हरदोई में 30 मीटर तथा अलीगढ़ में 40 मीटर रही। मुरादाबाद, बस्ती, आजमगढ़, फुरसतगंज, अयोध्या और वाराणसी एयरपोर्ट पर 50 मीटर तक दृश्यता रिकॉर्ड की गई, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा।



