उत्तर प्रदेश के बरेली ज़िले से एसआईआर ड्यूटी के दौरान लापरवाही का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भोजीपुरा तहसील के परदोली गांव में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य पर लगाए गए बीएलओ की अचानक हृदय गति रुकने से मौत हो गई। मृतक की पहचान प्राथमिक विद्यालय परदोली में तैनात शिक्षक सर्वेश गंगवार के रूप में हुई है।
ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ी, सुपरवाइजर मदद करने के बजाय भागा
जानकारी के अनुसार सर्वेश गंगवार एसआईआर सर्वे के कार्य में जुटे हुए थे, तभी उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मौके पर मौजूद सुपरवाइजर ने उन्हें अस्पताल ले जाने के बजाय वहां से भागने का प्रयास किया। इस लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
यह भी पढ़े:- यूपी में SIR के दौरान लापरवाही पर सख्त ऐक्शन: लेखपाल-बीएलओ निलंबित, 23
ग्रामीणों ने खुद पहुंचाया अस्पताल, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
तबीयत तेजी से बिगड़ने पर ग्रामीणों ने स्वयं शिक्षक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने सर्वेश गंगवार को मृत घोषित कर दिया।
चार महीने पहले पत्नी का भी निधन, परिवार पर दोहरा सदमा
परिवार पहले से ही गहरे शोक में था, क्योंकि लगभग चार माह पहले सर्वेश गंगवार की पत्नी की कैंसर से मौत हो गई थी। अब इस हादसे से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
लापरवाह सुपरवाइजर पर कार्रवाई की मांग
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ड्यूटी के दौरान मदद न करने और मौके से भागने वाले सुपरवाइजर पर सख्त कार्रवाई की जाए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और रोष दोनों का माहौल है।



