नई दिल्ली/सर्वोदय न्यूज़:- केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए बड़ा ऐलान किया है। बुधवार को मोदी सरकार ने महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी। यह फैसला दशहरा और दिवाली जैसे त्योहारों से ठीक पहले लिया गया है।
इस बढ़ोतरी का फायदा देशभर के करीब 48 लाख केंद्रीय कर्मचारी और 68 लाख पेंशनभोगियों को मिलेगा। बढ़ोतरी के बाद DA की दर 55% से बढ़कर 58% हो गई है।
यह भी पढ़े:- Indian Army Recruitment 2025: इंडियन आर्मी में ग्रुप C के 194 पदों पर भर्ती
सरकार की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2025 से प्रभावी होगी। जुलाई, अगस्त और सितंबर के बकाया एरियर (arrears) कर्मचारियों को अक्टूबर की सैलरी के साथ मिलेंगे। यानी दिवाली से पहले कर्मचारियों और पेंशनर्स के खाते में अतिरिक्त रकम आएगी।
कितनी बढ़ेगी सैलरी और पेंशन?
न्यूनतम बेसिक सैलरी ₹18,000 वाले कर्मचारी को हर महीने ₹540 अतिरिक्त मिलेंगे। उनकी कुल सैलरी अब लगभग ₹28,440 हो जाएगी। न्यूनतम पेंशन ₹9,000 पाने वाले पेंशनर्स को हर महीने ₹270 अतिरिक्त मिलेंगे। उनकी कुल पेंशन अब ₹14,220 हो जाएगी। तीन महीने के एरियर (जुलाई–सितंबर) के रूप में कर्मचारियों को ₹2,700 से ₹3,600 तक का फायदा होगा।
DA और DR कैसे तय होते हैं?
महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) की गणना औद्योगिक श्रमिकों के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI-IW) के आधार पर की जाती है। यह डेटा हर महीने श्रम ब्यूरो जारी करता है, जो श्रम मंत्रालय के तहत काम करता है। इसी आंकड़े के आधार पर सरकार DA का निर्धारण करती है।
8वें वेतन आयोग
सरकार ने जनवरी 2025 में 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) की घोषणा कर दी थी। अभी आयोग के सदस्यों और Terms of Reference (ToR) पर अधिसूचना जारी होना बाकी है। आयोग की सिफारिशें 1 जनवरी 2026 से लागू होंगी। तब मौजूदा DA (जो फिलहाल 55% है) को शून्य पर रीसेट कर बेसिक वेतन में समाहित कर दिया जाएगा।



