बिहार- न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- बिहार सरकार की बहुप्रतीक्षित मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत शुक्रवार, 26 सितंबर 2025 को राज्य की लगभग 75 लाख महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। इस योजना की पहली किस्त के रूप में 7500 करोड़ रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों को दी जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार संयुक्त रूप से इस राशि को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से जारी करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे।
बिहार सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य सिर्फ रोजगार देना नहीं, बल्कि महिलाओं को रोजगार उत्पन्न करने वाला बनाना है। 10,000 रुपये की प्रारंभिक सहायता मिलने के बाद महिलाएं कोई छोटा व्यवसाय या स्व-रोजगार की पहल कर सकेंगी। 6 महीने के बाद उनके कार्य का मूल्यांकन किया जाएगा और योग्य महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी।
यह भी पढ़े:- सोशल मीडिया पर झगड़ रहा राजा भैया का परिवार: पत्नी भानवी और बेटे शिवराज आमने-सामने
आपको बतादे कि यह योजना आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की लोकलुभावन घोषणाओं का एक हिस्सा है। पिछले महीने ही सीएम ने इस योजना का ऐलान किया था और बीते 7 सितंबर को इसके आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। अब तक ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की 1 करोड़ से अधिक महिलाएं इस योजना के लिए आवेदन कर चुकी हैं, इनमें से 75 लाख लाभार्थियों को 10000 रुपये शुक्रवार को मिल जाएंगे। शेष महिलाओं को आगामी दिनों में चरणबद्ध तरीके से राशि दी जाएगी।
राज्य में अगले कुछ महीनों में बिहार विधानसभा चुनाव 2025 होने हैं। ऐसे में यह योजना नीतीश सरकार की बड़ी लोकलुभावन पहल के रूप में देखी जा रही है। हालांकि, सरकार का कहना है कि यह कोई रेवड़ी योजना नहीं है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की योजना है।
जानकारी के अनुसार पटना समेत राज्य के सभी जिलों में शुक्रवार को इस योजना के तहत राशि वितरण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।बतादें कि पहले यह कार्यक्रम 22 सितंबर को होना था, लेकिन प्रशासनिक कारणों से इसे 26 सितंबर तक के लिए टाल दिया गया।



