स्पोर्ट्स डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- टीम इंडिया को Asia Cup 2025 India Team से ठीक पहले बड़ा झटका लगा है। करोड़ों रुपये की टाइटल स्पॉन्सरशिप देने वाली Dream11 ने खुद को बीसीसीआई की प्रायोजक सूची से बाहर कर लिया है। इसका सीधा कारण हाल ही में संसद द्वारा ऑनलाइन रियल मनी गेम्स पर लगाए गए प्रतिबंध को माना जा रहा है।
ड्रीम11 का हाथ पीछे हटाना, बीसीसीआई पर संकट
Dream11, जो एक बिलियन डॉलर वैल्यू वाली फैंटेसी स्पोर्ट्स कंपनी है, ने भारतीय क्रिकेट टीम को टाइटल स्पॉन्सर के रूप में समर्थन दिया था। लेकिन सरकार द्वारा रियल मनी गेम्स को अवैध घोषित किए जाने के बाद कंपनी ने खुद को इस डील से अलग कर लिया है।
बीसीसीआई सूत्रों के अनुसार, Dream11 के प्रतिनिधियों ने बोर्ड के सीईओ हेमंग अमीन से मुलाकात कर यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया:“ड्रीम11 के प्रतिनिधियों ने बीसीसीआई कार्यालय का दौरा किया और सूचित किया कि वे इस डील में आगे नहीं बढ़ पाएंगे। इसके परिणामस्वरूप, वे एशिया कप 2025 में टीम के प्रायोजक नहीं रहेंगे।”
नए प्रायोजक की तलाश, समय बेहद कम
अब बीसीसीआई को नए प्रायोजक की तलाश करनी होगी जबकि दुबई में T20 एशिया कप 2025 शुरू होने में महज दो सप्ताह बचे हैं। ऐसे में नया टेंडर निकालना और कंपनी फाइनल करना बीसीसीआई के लिए बड़ी चुनौती होगी।
ड्रीम11 को नहीं देना होगा जुर्माना
सौभाग्य से, बीसीसीआई और Dream11 के बीच हुए अनुबंध में यह शर्त शामिल थी कि यदि किसी कंपनी का मुख्य व्यवसाय सरकार की नीति से प्रभावित होता है, तो वह बिना किसी जुर्माने के डील से बाहर हो सकती है।
Dream Sports की वाइस प्रेसिडेंट (कम्युनिकेशन) पूजा सभरवाल ने इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।



